Kangana Controversy: बॉलीवुड अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत के Gen Z को लेकर दिए गए विवादित बयान पर अब योग गुरु बाबा रामदेव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कंगना ने युवा पीढ़ी के एक वर्ग को ‘गटर जेनरेशन’ कहकर टिप्पणी की थी। अब रामदेव ने उनके इस बयान को ‘बिगड़े हुए दिमाग की निशानी’ बताया और कंगना के अपने जीवन तथा पुराने बयानों को लेकर भी सवाल खड़े किए।
‘गटर जेनरेशन’ टिप्पणी पर रामदेव का करारा जवाब
बताते चले कि, एक टीवी चैनल से बातचीत के दौरान बाबा रामदेव से कंगना रनौत के बयान को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कंगना की टिप्पणी पर असहमति जताते हुए कहा कि किसी भी पीढ़ी के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना गलत है। रामदेव ने कंगना की योग में रुचि का भी जिक्र किया, लेकिन कहा कि किसी व्यक्ति की योग में रुचि होने से उसके हर बयान को सही नहीं ठहराया जा सकता।
बाबा रामदेव ने कंगना रनौत की योग्यता और पुराने बयानों पर उठाए सवाल
रामदेव ने कंगना पर टिप्पणी करते हुए उनकी योग्यता, बचपन, जवानी और पुराने कारनामों को लेकर सवाल किया। उन्होंने कहा कि वह ऐसे लोगों के बारे में ज्यादा बात नहीं करना चाहते। हालांकि, इसके बाद उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी को ‘गटर-पटर’ कहना गलत है और यह बिगड़े हुए दिमाग की निशानी है।
‘पार्टी को कंगना के बयान पर संज्ञान लेना चाहिए’
बाबा रामदेव ने आगे कहा कि इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने संकेत दिया कि कंगना की पार्टी के लोगों को भी उनके बयान पर संज्ञान लेना चाहिए। रामदेव की इस टिप्पणी के बाद कंगना रनौत और उनके Gen Z वाले बयान को लेकर सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में बहस फिर तेज हो सकती है।
कंगना के योग प्रेम पर भी बाबा रामदेव का जवाब
जब बाबा रामदेव से कहा गया कि कंगना रनौत खुद योग की प्रशंसक हैं, तो उन्होंने कहा कि अगर कोई योग की प्रशंसा करता है तो इसका मतलब यह नहीं कि उसके सभी कथित गलत कामों को सही ठहरा दिया जाए। इस टिप्पणी के जरिए रामदेव ने कंगना के बयान और उनके सार्वजनिक जीवन को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
कंगना रनौत ने Gen Z को ‘गटर पीढ़ी’ क्यों कहा था?
कंगना रनौत ने नीट प्रोटेस्ट खत्म होने के बाद इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबी पोस्ट लिखी थी। इसमें उन्होंने पश्चिमी जीवनशैली अपनाने वाली कुछ युवा महिलाओं पर निशाना साधते हुए स्वतंत्रता की उनकी परिभाषा पर सवाल उठाए थे। इसी पोस्ट में कंगना ने ऐसी युवा पीढ़ी को ‘गटर पीढ़ी’ कहा था और उनके पहनावे, जीवनशैली, शिक्षा तथा सोच को लेकर भी विवादित टिप्पणी की थी।
‘आजाद जिंदगी जिम्मेदारी के साथ जीनी पड़ती है’: कंगना
अपने बयान में कंगना ने कहा था कि स्वतंत्र जीवन का मतलब केवल अपनी पसंद के मुताबिक जीना नहीं है, बल्कि उसके साथ जिम्मेदारियां निभाना भी जरूरी है। उन्होंने कुछ युवाओं पर अपने माता-पिता की कमाई पर निर्भर रहने और शराब, ड्रग्स तथा रिश्तों को लेकर कथित तौर पर गलत स्वतंत्रता का प्रदर्शन करने का आरोप लगाया था। उनके इस बयान पर सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई थी।
विवाद के बाद कंगना ने Gen Z की जमकर तारीफ की
कंगना रनौत की टिप्पणी के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। हालांकि, कुछ दिनों बाद उनका रुख बदला हुआ नजर आया। बाद में कंगना ने Gen Z की तारीफ करते हुए उन्हें देश की ताकत और बड़ी संपत्ति बताया। उन्होंने कहा कि युवा तेजी से भारतीय संस्कृति और पहचान के एंबेसडर बनकर सामने आ रहे हैं।
कंगना रनौत का फिल्मी करियर भी चर्चा में
वर्क फ्रंट की बात करें तो कंगना रनौत इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘क्वीन 2’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। इससे पहले उनकी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ रिलीज हुई थी, जिसे बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षित सफलता नहीं मिली। फिल्म अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध है। इस बीच Gen Z पर पुराने बयान को लेकर बाबा रामदेव की टिप्पणी ने कंगना को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।










