Kangana Ranaut की बढ़ी मुश्किलें! छात्रों पर बयान को लेकर आगरा में केस दर्ज

BJP सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ आगरा में केस दर्ज कराया गया है। मामला NEET-UG पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों को ‘जेनरेशन गटर’ कहने वाली कथित टिप्पणी से जुड़ा है। अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई है। कोर्ट इस मामले की सुनवाई 21 अगस्त को करेगा।

Kangana Ranaut

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अगस्त 12, 2026

Kangana Ranaut: फिल्म अभिनेत्री और भारतीय जनता पार्टी की सांसद कंगना रनौत की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। आगरा में उनके खिलाफ एक केस दर्ज कराया गया है। यह मामला NEET-UG पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों को लेकर कंगना रनौत की कथित विवादित टिप्पणी से जुड़ा है। राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने कंगना के खिलाफ यह मामला दर्ज कराया है। मामले की सुनवाई के लिए कोर्ट ने 21 अगस्त की तारीख तय की है।

‘जेनरेशन गटर’ टिप्पणी को लेकर कंगना रनौत पर केस

बताते चले कि, अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने बताया कि उन्होंने BJP सांसद कंगना रनौत के खिलाफ MP/MLA के लिए गठित विशेष अदालत में शिकायत दर्ज कराई है। उनके मुताबिक, यह मामला जंतर-मंतर पर NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कंगना की टिप्पणी से संबंधित है। आरोप है कि कंगना ने प्रदर्शनकारी युवाओं को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ‘जेनरेशन गटर’ कहा था।

अधिवक्ता ने कंगना पर छात्रों के अपमान का लगाया आरोप

आपको बता दे कि, केस दर्ज कराने के बाद रमाशंकर शर्मा ने कहा कि कंगना रनौत को इस तरह की टिप्पणियां करने की आदत है। उन्होंने आरोप लगाया कि कंगना ने देश के छात्रों और उनके माता-पिता का भी अपमान किया है। अधिवक्ता के मुताबिक, यह मामला छात्रों के भविष्य से जुड़ा हुआ है और इसी वजह से उन्होंने अदालत का रुख किया। कोर्ट अब 21 अगस्त को मामले की सुनवाई करेगा।

NEET पेपर लीक विरोध प्रदर्शन के दौरान हुआ था विवाद

यह विवाद उस समय सामने आया था जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र NEET-UG पेपर लीक और परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शनकारी छात्रों की ओर से शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और मामले में कार्रवाई की मांग की जा रही थी। इसी दौरान कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर प्रदर्शन से जुड़े वीडियो और तस्वीरों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी।

कंगना ने प्रदर्शन के वीडियो को बताया था ‘उल्टी लाने वाला’

कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर प्रदर्शन से जुड़े कई पोस्ट साझा किए थे। उन्होंने विरोध प्रदर्शन के वीडियो को ‘Puke-Inducing’ यानी ‘उल्टी लाने वाला’ बताया था। BJP सांसद ने प्रदर्शनकारियों के व्यवहार, बोलने के तरीके और भाषा पर भी सवाल उठाए थे। उनकी इन टिप्पणियों के बाद सोशल मीडिया पर लोगों के एक वर्ग ने नाराजगी जाहिर की थी।

कंगना रनौत ने Gen Z प्रदर्शनकारियों पर साधा था निशाना

कंगना ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में Gen Z के विरोध प्रदर्शनों को लेकर तीखी टिप्पणी की थी। उन्होंने प्रदर्शनकारियों के तौर-तरीकों और भाषा पर सवाल उठाते हुए कहा था कि उन्होंने अपनी जिंदगी में किसी एक जगह पर इतना खराब और भद्दा माहौल नहीं देखा। उन्होंने यह भी सवाल उठाया था कि ऐसे युवाओं की परवरिश किस तरह हो रही है।

कंगना ने आगे कहा था कि प्रदर्शन से जुड़ी रील्स ने उन्हें परेशान कर दिया और प्रदर्शनकारियों को डिजिटल डिटॉक्स की जरूरत है। उनकी इस टिप्पणी को लेकर विवाद बढ़ गया और अब इसी बयान को लेकर आगरा की अदालत में मामला पहुंच गया है।

युवा महिलाओं को लेकर भी कंगना की टिप्पणी पर विवाद

कंगना रनौत ने अपने पोस्ट में प्रदर्शन में शामिल युवा महिलाओं के रवैये पर भी टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि कुछ युवा महिलाएं बिना आजादी हासिल किए स्वतंत्र करियर वाली महिलाओं की जिंदगी की नकल करना चाहती हैं। कंगना ने अपने बयान में स्वतंत्र महिलाओं के आत्मनिर्भर होने और अपने फैसलों की जिम्मेदारी खुद लेने की बात भी कही थी।

‘जेनरेशन गटर’ बयान पर बढ़ा विवाद

अपने पोस्ट के अंत में कंगना ने प्रदर्शनकारी युवाओं के लिए ‘जेनरेशन गटर’ शब्द का इस्तेमाल किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ युवाओं के पास व्यवस्था को देने के लिए कुछ नहीं है और उनके व्यवहार को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसी टिप्पणी को लेकर अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने अदालत में मामला दर्ज कराया है।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद खत्म हुआ था छात्र आंदोलन

NEET-UG पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में छात्र लंबे समय तक प्रदर्शन कर रहे थे। आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में परीक्षा व्यवस्था में सुधार और तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग शामिल थी। एक महीने से अधिक समय तक चले आंदोलन के बाद धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के पश्चात 25 जुलाई को प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया था।

अब कंगना रनौत की ‘जेनरेशन गटर’ टिप्पणी को लेकर दर्ज कराए गए मामले की सुनवाई 21 अगस्त को होगी। अदालत में इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।