UP News: JPNIC पर फिर गरमाई यूपी की सियासत, योगी ने अखिलेश यादव पर लगाए गंभीर आरोप

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया में अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। JPNIC का जिक्र करते हुए योगी ने आरोप लगाया कि सरकारी पैसे से बने सेंटर को एक परिवार से जुड़ी ‘प्राइवेट लिमिटेड कंपनी’ के जरिए चलाने की तैयारी थी। उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल और कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।

UP News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अगस्त 29, 2026

Advertisements
728x90 Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital.jpg

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया में समाजवादी पार्टी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने लखनऊ के जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (JPNIC) का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकार की मंशा सरकारी पैसे से बने इस केंद्र को एक परिवार से जुड़ी ‘प्राइवेट लिमिटेड कंपनी’ के तौर पर संचालित करने की थी। योगी ने इस दौरान सपा की कार्यशैली और पिछली सरकार के दौरान प्रदेश की स्थिति को लेकर भी कई सवाल उठाए।

देवरिया में 305 करोड़ की 80 विकास परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को देवरिया पहुंचे, जहां उन्होंने करीब 305 करोड़ रुपये की 80 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पिछली सपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उस दौर में प्रदेश में रोजगार, गरीबों के आवास, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति खराब थी।

योगी ने आरोप लगाया कि उस समय स्कूलों की व्यवस्था भी ठीक नहीं थी और बेसिक शिक्षा परिषद के कई स्कूल जर्जर स्थिति में थे। उन्होंने पूर्वांचल में जुलाई से नवंबर के बीच रहने वाले कथित भय और दहशत के माहौल का भी जिक्र किया।

अखिलेश यादव पर योगी का हमला

सीएम योगी ने कहा कि पिछली सरकारों के समय गरीबों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता खत्म हो गई थी। उन्होंने सपा और कांग्रेस की तत्कालीन राजनीति पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि गरीबों तक पहुंचने वाला राशन रास्ते में ही हड़प लिया जाता था।मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उस दौर में प्रदेश के कई हिस्सों में माफिया की समानांतर सत्ता चलती थी। इसके विपरीत उन्होंने अपनी सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश की छवि बदल चुकी है और प्रदेश को अब ‘बीमारू राज्य’ के तौर पर नहीं देखा जाता।

कानून-व्यवस्था पर योगी का बड़ा दावा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था को लेकर कहा कि प्रदेश में अब माफिया का प्रभाव खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा कि बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों के लिए जेल ही जगह है।योगी ने अपनी सरकार की नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ नहीं बल्कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज’ की दिशा में प्रदेश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में बच्चों का भविष्य केवल उनके परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सरकार की भी जिम्मेदारी है।

राशन, बिजली, आवास और रोजगार को लेकर सपा पर पलटवार

सीएम योगी ने दावा किया कि मौजूदा सरकार में गरीबों को राशन, बिजली, आवास और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं और प्रदेश में अब पहले जैसी अव्यवस्था नहीं है।सपा पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि उसके शासनकाल में प्रदेश में दंगा-फसाद और अव्यवस्था का माहौल था। उन्होंने सपा की कार्यशैली पर तीखी टिप्पणी करते हुए पार्टी को ‘लूट-खसोट’ की राजनीति से जोड़ दिया।

अखिलेश पर योगी का तंज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव पर व्यक्तिगत अंदाज में भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश चलाने और जनता के काम करने के लिए समय देना पड़ता है। योगी ने तंज कसते हुए कहा कि अगर कोई दोपहर 12 बजे सोकर उठेगा तो उसके पास काम करने के लिए समय कैसे बचेगा।उन्होंने अखिलेश यादव के राजनीतिक सलाहकारों और उनके काम करने के तरीके पर भी टिप्पणी की। योगी ने आरोप लगाया कि सवाल पूछे जाने पर सपा नेताओं का रवैया असहज हो जाता है।

JPNIC विवाद पर योगी का बड़ा दावा

अपने भाषण में योगी आदित्यनाथ ने जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (JPNIC) को लेकर अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इस परियोजना की शुरुआती लागत करीब 200 करोड़ रुपये थी, लेकिन सपा सरकार के दौरान इस पर लगभग 864 करोड़ रुपये खर्च किए गए और इसके बावजूद परियोजना अधूरी रही। मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि आखिर इस परियोजना की लागत इतनी ज्यादा क्यों बढ़ी। उन्होंने कहा कि इसमें खर्च किया गया पैसा जनता का था, न कि किसी राजनीतिक दल या परिवार का।

JPNIC को लेकर ‘प्राइवेट लिमिटेड कंपनी’ वाला आरोप

योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि JPNIC को पूरा करने के लिए अब सरकार को करीब 150 से 200 करोड़ रुपये और खर्च करने पड़ सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकार की कथित योजना सरकारी खजाने से बड़ी रकम खर्च करके एक ऐसी व्यवस्था तैयार करने की थी, जिसका संचालन एक परिवार से जुड़ी ‘प्राइवेट लिमिटेड कंपनी’ के हाथों में हो।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि JPNIC में होटल, जिम और क्लब जैसी सुविधाएं रखी जानी थीं और उनसे होने वाली कमाई का लाभ एक परिवार को मिलना था। इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव, डिंपल यादव और धर्मेंद्र यादव समेत परिवार से जुड़े लोगों का नाम लेते हुए अपनी राजनीतिक आपत्ति दर्ज कराई।

‘सपा बची है तो एक परिवार की वजह से’, योगी ने कसा तंज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा के राजनीतिक भविष्य को लेकर भी अखिलेश यादव पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव खुद यह बात कह चुके हैं कि पार्टी इसलिए बची हुई है क्योंकि एक ही परिवार के कई सांसद हैं।योगी ने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि सपा के नेताओं को घबराने की जरूरत नहीं है और उन्होंने तंज किया कि उन्हें अपना खैर मनाना चाहिए कि पार्टी अभी बची हुई है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अगर स्थिति ऐसी ही रही तो सपा का भविष्य भी कभी जनता दल जैसी स्थिति में पहुंच सकता है।

देवरिया में मुख्यमंत्री के इस भाषण के बाद योगी आदित्यनाथ बनाम अखिलेश यादव की राजनीतिक बयानबाजी एक बार फिर तेज हो गई है। खास तौर पर JPNIC को लेकर लगाए गए आरोपों ने यूपी की राजनीति में नया मुद्दा खड़ा कर दिया है।

2