Jio Airtel Vi Recharge Plan: मोबाइल फोन और इंटरनेट आज लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुके हैं। ऐसे में अगर मोबाइल रिचार्ज की कीमतों में बढ़ोतरी होती है तो इसका सीधा असर करोड़ों यूजर्स की जेब पर पड़ सकता है। देश की प्रमुख टेलीकॉम कंपनियां Jio, Airtel और Vi आने वाले महीनों में अपने प्रीपेड प्लान्स की कीमतों में इजाफा करने की तैयारी कर सकती हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, टेलीकॉम कंपनियां अपने प्रीपेड रिचार्ज प्लान्स को लगभग 15 प्रतिशत तक महंगा कर सकती हैं। हालांकि, कंपनियों की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
रिचार्ज प्लान महंगे करने की क्या है वजह?
टेलीकॉम कंपनियों का मानना है कि पिछले कुछ वर्षों में मोबाइल डेटा की खपत तेजी से बढ़ी है। लोग वीडियो स्ट्रीमिंग, ऑनलाइन गेमिंग, सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल सेवाओं के लिए पहले से ज्यादा इंटरनेट का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके बावजूद कंपनियों की प्रति ग्राहक औसत कमाई (ARPU) उनकी उम्मीद के अनुसार नहीं बढ़ पाई है। इसी वजह से कंपनियां अपनी आय बढ़ाने और कारोबार को बेहतर बनाए रखने के लिए मोबाइल प्लान की कीमतों में बदलाव करने पर विचार कर रही हैं।
किन रिचार्ज प्लान्स पर पड़ सकता है असर?
आपको बता दें कि, संभावना जताई जा रही है कि सबसे पहले प्रीपेड यूजर्स पर इसका असर देखने को मिल सकता है। खासतौर पर ज्यादा डेटा वाले प्लान और अनलिमिटेड कॉलिंग पैन्स की कीमतों में बढ़ोतरी की संभावाना है। डेली डेटा पैक, लंबी वैलिडिटी वाले प्लान और ज्यादा इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को नए टैरिफ का ज्यादा असर झेलना पड़ सकता है। हालांकि, कम डेटा इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए कंपनियां अलग-अलग विकल्प पेश कर सकती हैं।
कब बढ़े थे मोबाइल रिचार्ज के दाम?
टेलीकॉम कंपनियों ने इससे पहले वर्ष 2024 में अपने मोबाइल रिचार्ज प्लान्स की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी की थी। इसके बाद से कीमतों में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है।इस दौरान इंटरनेट इस्तेमाल करने वालों की संख्या और डेटा खपत में काफी वृद्धि हुई है, लेकिन कंपनियों की कमाई में उस अनुपात में बढ़ोतरी नहीं हुई। इसी कारण एक बार फिर टैरिफ बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।
क्या सभी मोबाइल प्लान हो जाएंगे महंगे?
जानकारों के अनुसार, ऐसा जरूरी नहीं है कि सभी रिचार्ज प्लान्स की कीमत बढ़ाई जाए। कंपनियां नई प्राइसिंग रणनीति अपना सकती हैं, जिसमें ज्यादा डेटा इस्तेमाल करने वाले प्लान्स पर अधिक शुल्क लगाया जा सकता है। इसका मतलब है कि जिन यूजर्स को ज्यादा इंटरनेट डेटा की जरूरत होती है, उन्हें ज्यादा भुगतान करना पड़ सकता है। वहीं, कम डेटा इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों पर इसका असर सीमित रह सकता है।
यूजर्स को क्या करना चाहिए?
अगर आने वाले समय में रिचार्ज प्लान महंगे होते हैं तो लंबी वैलिडिटी वाले मौजूदा प्लान खत्म होने से पहले रिचार्ज कराना फायदेमंद हो सकता है। इससे यूजर्स पुराने दामों पर लंबे समय तक सेवाओं का लाभ ले पाएंगे। हालांकि, अभी तक Jio, Airtel और Vi ने कीमत बढ़ाने की तारीख या नए प्लान की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। यूजर्स को किसी भी बदलाव के लिए कंपनियों की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।










