Jharkhand Encounter: सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों का बड़ा प्रहार, मुठभेड़ में 11 नक्सली ढेर

सारंडा के जंगलों में गूंजी गोलियां: क्या झारखंड से नक्सलियों का सफाया तय है? गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों ने किरीबुरू के जंगलों में छिपे नक्सलियों को चारों तरफ से घेर लिया। भीषण गोलीबारी में 50 लाख के इनामी समेत 11 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है। जानें इस बड़े ऑपरेशन के पीछे की पूरी रणनीतिक कहानी।

Jharkhand Encounter

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

जनवरी 22, 2026

Jharkhand Encounter: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में गुरुवार तड़के सुरक्षाबलों और भाकपा (माओवादी) नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में 11 से अधिक नक्सलियों के मारे जाने की खबर है, हालांकि अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सुबह होते ही पूरे इलाके में गोलियों की गूंज सुनाई देने लगी, जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया।

सर्च ऑपरेशन के दौरान हुआ आमना-सामना

जानकारी के अनुसार, झारखंड पुलिस, कोबरा बटालियन और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवान संयुक्त रूप से नक्सल विरोधी अभियान चला रहे थे। इसी दौरान उनका सामना एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली अनल दा के दस्ते से हो गया। बताया जा रहा है कि अनल दा के साथ 14 से अधिक नक्सली मौजूद थे, जो पहले से ही जंगल में घात लगाए बैठे थे।मुठभेड़ शुरू होते ही दोनों ओर से भारी फायरिंग होने लगी। सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में 11 से अधिक नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है। सूत्रों का दावा है कि इस कार्रवाई में कुख्यात नक्सली अनल दा भी मारा गया है, जिस पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों ने अभी इस खबर की औपचारिक पुष्टि नहीं की है।

एंटी-नक्सल अभियान के तहत घेरा गया पूरा इलाका

सुरक्षाबल लंबे समय से सारंडा के घने जंगलों में नक्सलियों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। मुठभेड़ के बाद पूरे क्षेत्र को चारों ओर से घेर लिया गया है और बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन जारी है। दुर्गम पहाड़ियां, घना जंगल और सीमित रास्ते इस इलाके को रणनीतिक रूप से बेहद संवेदनशील बनाते हैं।कोल्हान प्रमंडल के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा कि सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन पूरी तरह समाप्त होने के बाद ही हताहतों और बरामद हथियारों को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

एक और बड़े नक्सली कमांडर के मारे जाने का दावा

सूत्रों के मुताबिक, इस मुठभेड़ में 50 लाख रुपये के इनामी एक अन्य बड़े नक्सली कमांडर के भी मारे जाने की खबर है। हालांकि इस दावे पर भी अब तक आधिकारिक मुहर नहीं लगी है। सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू की सावधानीपूर्वक जांच कर रही हैं।अगर मारे गए नक्सलियों की संख्या और बड़े नेताओं की मौत की पुष्टि होती है, तो यह नक्सली नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जाएगा। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है। फिलहाल पूरा इलाका हाई अलर्ट पर है और अभियान जारी है।