Jhargram seat: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के शुरुआती रुझानों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। सबसे चौंकाने वाले और दिलचस्प परिणाम झारग्राम सीट से आ रहे हैं, जहां भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने निर्णायक बढ़त बना ली है। यह वही क्षेत्र है जहां चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘झालमुड़ी डिप्लोमेसी’ वाला अंदाज सोशल मीडिया पर हफ्तों तक छाया रहा था। फिलहाल, राज्य की 294 सीटों में से बीजेपी 123 पर आगे चल रही है, जबकि टीएमसी 109 सीटों के साथ कड़ी टक्कर दे रही है।
पीएम मोदी के ‘झालमुड़ी’ मोमेंट का दिखा असर
बताते चले कि, पश्चिम बंगाल के इस अर्ध-शहरी (Semi Urban) निर्वाचन क्षेत्र में बीजेपी की बढ़त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस वायरल पल से जोड़कर देखा जा रहा है। चुनावी जनसभा के बाद पीएम मोदी अचानक सड़क किनारे एक झालमुड़ी की दुकान पर रुके थे। उन्होंने न केवल झालमुड़ी का आनंद लिया, बल्कि दुकानदार के मना करने के बावजूद जेब से 10 रुपये निकालकर उसे थमाए। पीएम का यह “डाउन-टू-अर्थ” व्यवहार झारग्राम के मतदाताओं के दिल को छू गया, जिसका परिणाम आज मतगणना के शुरुआती आंकड़ों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
लक्ष्मीकांत साहू बनाम मोंगल सरेन के बीच कड़ी टक्कर
आपको बता दे कि, झारग्राम जिले की इस जनरल कोटे वाली सीट पर मुख्य मुकाबला बीजेपी के लक्ष्मीकांत साहू और टीएमसी के मोंगल सरेन के बीच है। झारग्राम जिले के अंतर्गत आने वाली इस सीट पर बीजेपी के लक्ष्मीकांत साहू ने शुरुआती राउंड से ही बढ़त बनाए रखी है। टीएमसी के मोंगल सरेन फिलहाल पिछड़ते नजर आ रहे हैं। 2026 विधानसभा चुनाव के मतदान के दौरान भी यहां भारी संख्या में लोग घरों से बाहर निकले थे, जिसका सीधा फायदा बीजेपी को मिलता दिख रहा है।
झारग्राम का राजनीतिक महत्व
झारग्राम को सेमी अर्बन विधानसभा सीट के रूप में वर्गीकृत किया गया है, जो राजनीतिक रूप से बेहद संवेदनशील मानी जाती है। 9 अप्रैल, 2026 को हुए मतदान में यहां के स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ राष्ट्रीय चेहरों का प्रभाव भी हावी रहा। राज्य की 294 विधानसभा सीटों के समर में झारग्राम जैसी महत्वपूर्ण सीटों पर बढ़त हासिल करना किसी भी दल के लिए सत्ता की चाबी साबित हो सकता है। आज, 4 मई को हो रही वोटों की गिनती में बीजेपी का यह प्रदर्शन पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भर रहा है।
रुझानों में बीजेपी 123 सीटों पर आगे
बंगाल की सत्ता पर काबिज होने के लिए जादुई आंकड़े की ओर बढ़ती बीजेपी फिलहाल 123 सीटों पर लीड कर रही है। वहीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) 109 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। झारग्राम जिले में बीजेपी की यह बढ़त राज्यव्यापी सत्ता परिवर्तन का संकेत भी हो सकती है। पश्चिम बंगाल इलेक्शन रिजल्ट 2026 के ये शुरुआती रुझान यदि अंतिम नतीजों में बदलते हैं, तो यह बंगाल की राजनीति में एक ऐतिहासिक मोड़ होगा।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ PM का ‘झालमुड़ी’ वाला वीडियो
जैसे ही झारग्राम से बीजेपी की बढ़त की खबर आई, सोशल मीडिया पर पीएम मोदी का वह पुराना वीडियो फिर से ट्रेंड करने लगा। प्रशंसकों का कहना है कि पीएम का दुकानदार से यह कहना कि “10 रुपये देने हैं न”, उनकी सादगी का प्रमाण था। दुकानदार के चेहरे की वह मुस्कान आज बीजेपी की चुनावी सफलता में बदलती दिख रही है। झारग्राम के समर्थक इसे “मोदी मैजिक” और स्थानीय प्रत्याशी लक्ष्मीकांत साहू की मेहनत का संगम मान रहे हैं। अंतिम नतीजों के लिए अभी भी कुछ घंटों का इंतजार बाकी है।










