JEE Advanced 2026 Result: शुभम कुमार बने टॉपर, लड़कियों में आरोही ने हासिल की AIR 1

जेईई एडवांस्ड 2026 के परिणाम घोषित हो गए हैं, जिसमें आईआईटी दिल्ली जोन के शुभम कुमार ने 360 में से 330 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 1 (AIR 1) हासिल की है।

JEE Advanced 2026 Result

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

जून 1, 2026

JEE Advanced 2026 Result: देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा ‘जेईई एडवांस्ड 2026’ के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। आईआईटी रुड़की द्वारा आयोजित इस परीक्षा में बिहार के गया जिले के शुभम कुमार ने ऑल इंडिया रैंक-1 (AIR 1) हासिल कर इतिहास रच दिया है। उन्होंने 360 में से 330 अंक प्राप्त कर अपनी योग्यता का लोहा मनवाया है।

UPSC में असफल? इन 5 सरकारी परीक्षाओं से बन सकता है अफसर बनने का सपना

दिल्ली जोन का रहा एकतरफा जलवा

इस वर्ष के परिणामों में आईआईटी दिल्ली जोन का वर्चस्व साफ देखने को मिला। शीर्ष तीन रैंक धारक—शुभम कुमार (330 अंक), कबीर छिल्लर (329 अंक) और जतिन चाहर (319 अंक)—तीनों ही छात्र दिल्ली जोन से हैं। कबीर छिल्लर ने केवल एक अंक के अंतर से दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि जतिन चाहर तीसरे स्थान पर रहे।

आरोही देशपांडे बनीं गर्ल्स टॉपर

इस परीक्षा में कुल 1,87,389 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 1,79,694 छात्र दोनों पेपरों में शामिल हुए। कुल 56,880 परीक्षार्थियों ने आईआईटी में प्रवेश के लिए क्वालीफाई किया है। इनमें 10,107 छात्राएं शामिल हैं। लड़कियों की श्रेणी में आईआईटी दिल्ली जोन की आरोही देशपांडे ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। आरोही ने 280 अंकों के साथ कॉमन रैंक लिस्ट (CRL) में 77वीं रैंक हासिल की है।

टॉपर शुभम कुमार की प्रेरणादायक यात्रा

जेईई एडवांस्ड टॉपर शुभम कुमार की सफलता की कहानी लाखों छात्रों के लिए प्रेरणा है। बिहार के गया के एक सामान्य परिवार से ताल्लुक रखने वाले शुभम के पिता शिव कुमार एक छोटी सी हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद शुभम ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। इससे पहले उन्होंने जेईई मेन्स 2026 में 100 परसेंटाइल (300/300 अंक) प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रमाण दे दिया था। शुभम अपनी सफलता का श्रेय अपनी निरंतरता (Consistency) और कोटा के प्रतिस्पर्धी माहौल को देते हैं। वह भविष्य में आईआईटी बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस में बीटेक करने की योजना बना रहे हैं।

काउंसलिंग प्रक्रिया और आगे की राह

रिजल्ट घोषित होने के साथ ही अब सफल उम्मीदवारों के लिए जॉइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी (JoSAA) 2026 की काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होगी। इस वर्ष काउंसलिंग में एक बड़ा बदलाव किया गया है, जिसके तहत दाखिले के लिए 12वीं कक्षा के अंकों या प्रतिशत की कोई बाध्यता नहीं रखी गई है। हालांकि, अंतिम सीट आवंटन सूचना विवरणिका (Information Brochure) में उल्लेखित सभी योग्यताओं और शर्तों को पूरा करने के बाद ही मान्य होगा।

अब छात्रों की नजर देश के 23 प्रतिष्ठित आईआईटी संस्थानों में अपनी पसंदीदा ब्रांच और कैंपस चुनने पर टिकी है। यह परिणाम न केवल इन छात्रों की मेहनत का प्रतीक है, बल्कि उन युवाओं के लिए भी एक मिसाल है जो विपरीत परिस्थितियों में भी सफलता के शिखर तक पहुँचने का जज्बा रखते हैं।

बिहार पुलिस भर्ती को लेकर बड़ा ऐलान, इस दिन जारी होंगे प्रवेश पत्र; BPSC भर्ती में उमड़ी भीड़