Jayalalithaa Birth Anniversary: आज तमिलनाडु की राजनीति की दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता की जयंती है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके नेतृत्व, प्रशासनिक कुशलता और जनता के प्रति उनके समर्पण को याद किया। पीएम मोदी ने जयललिता को एक ऐसी ‘करिश्माई नेता’ बताया, जिन्होंने अपने फैसलों और जनकल्याणकारी नीतियों से करोड़ों लोगों के जीवन को नई दिशा दी।
पीएम मोदी का संदेश
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए जयललिता के व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। पीएम ने लिखा— जयललिता का जीवन का सफर बेहद चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन उन्होंने अपनी हिम्मत और पक्के इरादे से हर बाधा को पार किया। मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने महिला सशक्तीकरण, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास पर विशेष जोर दिया।
पीएम ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि तमिलनाडु के लोग उन्हें ‘अम्मा’ कहकर पुकारते थे और उनसे लोगों का भावनात्मक जुड़ाव आज भी अटूट है। प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि जब भी तमिलनाडु के दौरे पर जाते हैं, जयललिता का नाम आते ही लोगों के चेहरे खिल उठते हैं, जो उनके महान कार्यों की सबसे बड़ी गवाही है।
मुख्यमंत्री पद के दिनों की यादें और ‘गुड गवर्नेस’

पीएम मोदी ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि जब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे और जयललिता तमिलनाडु की कमान संभाल रही थीं, तब उन दोनों के बीच अक्सर ‘गुड गवर्नेस’ (सुशासन) को लेकर चर्चा होती थी।
शपथ ग्रहण समारोह: पीएम ने याद किया कि जयललिता 2002 और 2012 में उनके शपथ ग्रहण समारोहों में शामिल होने के लिए विशेष रूप से गुजरात आई थीं।
व्यक्तिगत संबंध: पीएम मोदी ने पोंगल के त्योहार पर उनके द्वारा दिए गए लंच के निमंत्रण और उनके साथ हुई हर मुलाकात को बहुत गरिमापूर्ण और प्रेरणादायक बताया।
अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी जयललिता को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। शाह ने कहा कि जयललिता ने न केवल तमिलनाडु के विकास को नया रूप दिया, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। महिलाओं को सशक्त बनाने के उनके समर्पण को इतिहास हमेशा याद रखेगा।
महिला सशक्तीकरण और ‘अम्मा’ का विजन
जयललिता को विशेष रूप से उनकी महिला-केंद्रित योजनाओं जैसे ‘अम्मा कैंटीन’, ‘क्रेडल बेबी स्कीम’ और मुफ्त स्वास्थ्य योजनाओं के लिए जाना जाता है। पीएम मोदी ने भी कहा कि नारी शक्ति का उनसे विशेष जुड़ाव इसलिए था क्योंकि उन्होंने माताओं और बेटियों की जरूरतों को अपनी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर रखा।









