Jana Nayagan Case Update: तमिल सिनेमा के सुपरस्टार थलापति विजय की फिल्म ‘जन नायकन’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मद्रास हाई कोर्ट ने मंगलवार, 27 जनवरी को फिल्म को जारी किया गया सेंसर सर्टिफिकेट रद्द कर दिया है। इस फैसले के बाद फिल्म की रिलीज डेट एक बार फिर टल गई है, जिससे मेकर्स और फैंस दोनों को बड़ा झटका लगा है।
मद्रास हाई कोर्ट का अहम फैसला

मामले की सुनवाई मद्रास हाई कोर्ट की फर्स्ट बेंच में हुई, जिसमें चीफ जस्टिस एम. एम. श्रीवास्तव और जस्टिस जी. अरुल मुरुगन शामिल थे। कोर्ट ने सिंगल जज जस्टिस पी. टी. आशा के पहले दिए गए आदेश को रद्द कर दिया है। कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि जस्टिस आशा को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) को काउंटर एफिडेविट दाखिल करने के लिए पर्याप्त समय देना चाहिए था। इसी आधार पर पहले दिए गए आदेश को निरस्त कर दिया गया।
क्यों नहीं मिला ‘जन नायकन’ को सेंसर सर्टिफिकेट?
दरअसल, 9 जनवरी को फिल्म के प्रोड्यूसर KVN प्रोडक्शंस LLP ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। उस याचिका को स्वीकार करते हुए सिंगल जज ने CBFC को तुरंत फिल्म को सेंसर सर्टिफिकेट जारी करने का निर्देश दिया था। हालांकि, हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने इस फैसले को पलटते हुए कहा कि CBFC को अपनी बात रखने का पूरा मौका नहीं दिया गया। कोर्ट का मानना है कि बिना सभी पक्षों को सुने इस तरह का आदेश देना न्यायसंगत नहीं है।
प्रोड्यूसर को मिली नई राहत
हालांकि कोर्ट ने फिल्म के प्रोड्यूसर को पूरी तरह राहत से वंचित नहीं किया है। हाई कोर्ट ने ‘जन नायकन’ के निर्माताओं को सिंगल जज से दोबारा संपर्क करने और मामले के शीघ्र निपटारे की अनुमति दी है। साथ ही, कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि सिंगल जज इस बात के लिए स्वतंत्र होंगे कि फिल्म को रिव्यू कमेटी के पास भेजने का फैसला सही है या नहीं।
पोंगल पर रिलीज की थी तैयारी
फिल्म ‘जन नायकन’ को इस साल पोंगल के मौके पर रिलीज करने की तैयारी थी। प्रमोशन भी लगभग पूरा हो चुका था, लेकिन सेंसर सर्टिफिकेट से जुड़ी कानूनी अड़चनों के चलते रिलीज लगातार आगे बढ़ती जा रही है। अब सेंसर सर्टिफिकेट रद्द होने के बाद यह साफ हो गया है कि फिल्म की नई रिलीज डेट तय होने में अभी और समय लग सकता है।
विजय की आखिरी फिल्म हो सकती है ‘जन नायकन’
फिल्म को लेकर चर्चा इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि माना जा रहा है कि ‘जन नायकन’ थलापति विजय की आखिरी फिल्म हो सकती है। इसके बाद विजय पूरी तरह से राजनीति में सक्रिय हो सकते हैं। ऐसे में इस फिल्म को विजय के करियर की सबसे अहम फिल्मों में से एक माना जा रहा है, जिसे देखने के लिए फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
Punjabi Movie Actress: टीवी से पंजाबी सिनेमा तक, इस एक्ट्रेस का संघर्ष और सफलता का सफर










