Ranji Trophy: जम्मू-कश्मीर के रणजी चैंपियन बनने पर CM उमर अब्दुल्ला ने दी बधाई, पूरे राज्य में जश्न

रणजी ट्रॉफी फाइनल में जम्मू-कश्मीर ने 8 बार की चैंपियन कर्नाटक को हराकर पहली बार खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। शुभम पुंडीर और कामरान इकबाल के शानदार शतकों और आकिब नबी की घातक गेंदबाजी के दम पर मिली इस जीत ने पूरे राज्य में जश्न का माहौल पैदा कर दिया है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी स्टेडियम पहुंचकर टीम का हौसला बढ़ाया।

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

फ़रवरी 28, 2026

Ranji Trophy: जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने भारतीय घरेलू क्रिकेट के इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा दिया है। हुबली में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में आठ बार की दिग्गज चैंपियन कर्नाटक को पछाड़ते हुए जम्मू-कश्मीर ने पहली बार रणजी ट्रॉफी की प्रतिष्ठित ट्रॉफी अपने नाम की। इस जीत ने न केवल राज्य के खेल इतिहास को बदल दिया है, बल्कि पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल पैदा कर दिया है।

रणजी ट्रॉफी 2025-26 के हीरो आकिब नबी डार: शानदार प्रदर्शन से जीता अवार्ड, IPL से भी बना चुके पहचान

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दी बधाई और

जम्मू-कश्मीर की इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर राज्य के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने टीम की सराहना की। वह स्वयं मैच के पांचवें दिन केएससीए क्रिकेट स्टेडियम के स्टैंड में मौजूद थे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर रहे थे। जीत के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर टीम के जश्न का वीडियो साझा करते हुए लिखा, “कर दिखाया, वेलडन जम्मू-कश्मीर”। मुख्यमंत्री ने व्यक्तिगत रूप से खिलाड़ियों से मुलाकात की और इस ऐतिहासिक गौरव के लिए उन्हें बधाई दी।

पहली पारी का विशाल स्कोर

मैच की शुरुआत में जम्मू-कश्मीर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का साहसी निर्णय लिया। टीम के बल्लेबाजों ने इस फैसले को सही साबित करते हुए 584 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। शुभम पुंडिर ने शानदार 121 रनों की शतकीय पारी खेली। उनके अलावा यावेर हसन खान (88), साहिल लोतरा (72), कन्हैया वधावन (70) और कप्तान पारस डोगरा (70) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिससे कर्नाटक के गेंदबाज पूरी तरह बैकफुट पर आ गए।

गेंदबाजों का घातक प्रहार

विशाल लक्ष्य के जवाब में कर्नाटक की टीम दबाव में नजर आई। हालांकि कप्तान मयंक अग्रवाल ने अकेले मोर्चा संभालते हुए 160 रनों की जुझारू पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिला। जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज औकिब नबी ने धारदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके। सुनील कुमार और युदवीर सिंह ने 2-2 विकेट लेकर कर्नाटक की पहली पारी को महज 293 रनों पर समेट दिया, जिससे जम्मू-कश्मीर को 291 रनों की निर्णायक बढ़त मिली।

दूसरी पारी में रनों की बौछार

दूसरी पारी में शुरुआत थोड़ी लड़खड़ाई और 11 रन पर 2 विकेट गिर गए, लेकिन इसके बाद कामरान इकबाल और साहिल लोतरा ने मोर्चा संभाला। कामरान ने बेहतरीन 160 रन बनाए, जबकि साहिल लोतरा 101 रन पर नाबाद रहे। दोनों के बीच 197 रनों की अटूट साझेदारी हुई। जैसे ही साहिल का शतक पूरा हुआ, कप्तान पारस डोगरा ने 4 विकेट पर 342 रन के स्कोर पर पारी घोषित कर दी।

पहली पारी की बढ़त के आधार पर ऐतिहासिक जीत

मैच के अंतिम दिन खेल को ड्रॉ घोषित किया गया और नियमानुसार पहली पारी में मिली मजबूत बढ़त के आधार पर जम्मू-कश्मीर को चैंपियन घोषित किया गया। फाइनल मैच में शानदार बल्लेबाजी के लिए शुभम पुंडीर को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया, जबकि पूरे सीजन में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले आकिब नबी को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ के खिताब से नवाजा गया।

प्राग मास्टर्स: गुकेश पर भारी पड़े प्रतिद्वंदी, अरविंद का मुकाबला रहा बराबरी पर