Italy Shooting: बर्गमो में गुरुद्वारे के पास फायरिंग, दो भारतीय नागरिकों की मौत से सनसनी

इटली के बर्गमो प्रांत में बैसाखी उत्सव के दौरान एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गुरुद्वारा माता साहिब कौर जी के बाहर दो भारतीय नागरिकों, रागिंदर सिंह और गुरमीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चश्मदीदों के अनुसार, हमलावर भी भारतीय मूल का था। पुलिस ने मामले को सुनियोजित साजिश मानकर जांच शुरू कर दी है।

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अप्रैल 19, 2026

Advertisements
728x90 Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital.jpg

Italy Shooting: इटली के बर्गमो प्रांत में बैसाखी के पावन पर्व की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब एक गुरुद्वारे के बाहर अज्ञात हमलावर ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दो भारतीय मूल के नागरिकों की हत्या कर दी। यह दुखद वारदात शुक्रवार, 17 अप्रैल 2026 की देर रात हुई, जिससे न केवल स्थानीय प्रवासी भारतीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय मीडिया भी स्तब्ध है।

धार्मिक स्थल के बाहर सोची-समझी साजिश

स्थानीय मीडिया और पुलिस रिपोर्टों के अनुसार, यह घातक हमला बर्गमो के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित ‘गुरुद्वारा माता साहिब कौर जी’ के ठीक सामने वाले चौक पर हुआ। जिस समय हमलावर ने गोलीबारी शुरू की, उस वक्त लोग धार्मिक अनुष्ठान के लिए इस्तेमाल किए जा रहे एक गोदाम से बाहर निकल रहे थे। पुलिस को घटनास्थल से करीब 10 खाली कारतूस मिले हैं, जो इस बात की पुष्टि करते हैं कि हमलावर ने कई राउंड फायरिंग की थी। जांचकर्ताओं का प्रारंभिक अनुमान है कि यह कोई क्षणिक विवाद नहीं, बल्कि एक सुनियोजित अपराधिक षड्यंत्र और लक्षित हत्या (Targeted Killing) का मामला है।

मृतकों की शिनाख्त और गोलीबारी का चश्मदीद गवाह

इस हिंसक घटना में जान गंवाने वाले दोनों व्यक्तियों की पहचान 48 वर्षीय रागिंदर सिंह और 48 वर्षीय गुरमीत सिंह के रूप में हुई है। ये दोनों मृतक इटली के कोवो और एग्नाडेलो क्षेत्रों के निवासी थे। न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट में एक चश्मदीद के हवाले से बताया गया है कि हमलावर संभवतः भारतीय मूल का ही था और वह पहले भी कई बार गुरुद्वारे में देखा गया था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेजी से कार में बैठकर फरार हो गया। इस हमले में एक तीसरा व्यक्ति भी मौजूद था, जिसकी किस्मत अच्छी रही और गोली उसे छूकर निकल गई, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई।

बैसाखी उत्सव की तैयारियों के बीच फैला तनाव

आपकी जानकारी के लिए बता दे कि, यह हमला उस समय हुआ जब इटली में सिख समुदाय बैसाखी के बड़े कार्यक्रम की तैयारियों में जुटा था। शनिवार, 18 अप्रैल को स्थानीय संस्थाओं की भागीदारी के साथ एक विशाल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन होने वाला था, लेकिन इस कत्लेआम और हिंसा ने पूरे इलाके में डर का माहौल पैदा कर दिया है। बर्गमो प्रांत की पुलिस ने पूरे औद्योगिक क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल, हत्या के पीछे के असल मकसद का पता नहीं चल पाया है, लेकिन इस घटना ने प्रवासी भारतीयों की सुरक्षा पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।

इटली पुलिस की कार्रवाई

स्थानीय प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कड़ी जांच के आदेश दिए हैं। इतालवी पुलिस का मानना है कि हत्यारा आसपास के इलाके का ही हो सकता है। बैसाखी के मौके पर जहां लोग श्रद्धा और उत्साह से भरे थे, वहीं इस दोहरे हत्याकांड (Double Murder Case) ने भारतीय समुदाय के बीच गहरे आक्रोश और असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है। मिलान स्थित भारतीय दूतावास से भी इस मामले में अपडेट की प्रतीक्षा की जा रही है ताकि मृतकों के परिवारों को सहायता प्रदान की जा सके।

2