IRCTC Beta Version: भारतीय रेलवे ने यात्रियों के ऑनलाइन टिकटि बुकिंग को बेहतर बनाने के लिए IRCTC की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन जारी कर दिया है। फिलहाल इसे परीक्षण के उद्देश्य से लॉन्च किया गया है, ताकि वास्तविक यूजर्स से फीडबैक लेकर वेबसाइट को और ज्यादा सुविधाजनक बनाया जा सके। अभी यह नया पोर्टल स्थायी रूप से लागू नहीं हुआ है, बल्कि सीमित स्तर पर उपयोग के लिए उपलब्ध कराया गया है।
रेलवे का उद्देश्य है कि यात्रियों के सुझावों और अनुभवों के आधार पर आवश्यक सुधार किए जाएं। सभी जरूरी बदलाव पूरे होने के बाद इसे आधिकारिक रूप से सभी यूजर्स के लिए लॉन्च किया जाएगा।
Dhamaal 4 Box Office: अजय देवगन की ‘धमाल 4’ ने दिखाया दम, दूसरे वीकेंड से पहले बनाया बड़ा रिकॉर्ड
बीटा वर्जन क्या होता है?
आपको बता दें कि, बीटा वर्जन किसी भी वेबसाइट, मोबाइल ऐप या सॉफ्टवेयर का वह प्रारंभिक संस्करण होता है, जिसे अंतिम लॉन्च से पहले आम लोगों के इस्तेमाल के लिए उपलब्ध कराया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य यह जानना होता है कि वास्तविक यूजर्स वेबसाइट का उपयोग करते समय किन समस्याओं का सामना कर रहे हैं और कौन-से फीचर्स सही तरीके से काम कर रहे हैं। उपयोगकर्ताओं से मिलने वाले सुझाव और शिकायतें डेवलपर्स के लिए महत्वपूर्ण होती हैं। इन्हीं के आधार पर तकनीकी खामियां दूर की जाती हैं और उपयोगकर्ता अनुभव (User Experience) को बेहतर बनाया जाता है। सभी सुधार पूरे होने के बाद फाइनल वर्जन जारी किया जाता है।
करीब दो दशक बाद वेबसाइट में बड़ा बदलाव
IRCTC की वेबसाइट की शुरुआत वर्ष 2002 में हुई थी। तब से लेकर आज तक देशभर के करोड़ों यात्री इसी प्लेटफॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन रेल टिकट बुक करते आ रहे हैं।रेलवे के अनुसार, यह पोर्टल प्रतिदिन औसतन 14.5 लाख से अधिक टिकट बुकिंग को संभालता है। लगातार बढ़ते ट्रैफिक, आधुनिक तकनीक और यात्रियों की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अब वेबसाइट के डिज़ाइन और कार्यप्रणाली में व्यापक बदलाव किए गए हैं, जिससे टिकट बुकिंग पहले से अधिक तेज, आसान और सुविधाजनक हो सके।
नई बीटा वेबसाइट कैसे करें इस्तेमाल?
यात्री नई बीटा वेबसाइट का उपयोग सीधे https://www.irctc.co.in/eticket/ पर जाकर कर सकते हैं। इसके अलावा मौजूदा IRCTC वेबसाइट के होमपेज पर भी बीटा वर्जन का लिंक उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे यूजर्स आसानी से नए इंटरफेस को एक्सेस कर सकें।
नई वेबसाइट में क्या-क्या बदला है?
रेल मंत्रालय के मुताबिक, नई वेबसाइट का सबसे बड़ा बदलाव इसका आधुनिक और सरल इंटरफेस है। पहले की तुलना में वेबसाइट को अधिक साफ-सुथरा और उपयोगकर्ता के अनुकूल बनाया गया है। अब स्क्रीन पर अनावश्यक पॉप-अप, विज्ञापन जैसे तत्व और ध्यान भटकाने वाले विजुअल काफी कम कर दिए गए हैं। इससे यात्रियों को जरूरी जानकारी आसानी से दिखाई देगी और टिकट बुकिंग की प्रक्रिया अधिक सहज होगी।
सीट उपलब्धता देखना हुआ आसान
नई वेबसाइट में सीट उपलब्धता (Seat Availability) देखने का तरीका भी पहले से बेहतर बनाया गया है। पहले अलग-अलग क्लास की सीटों की जानकारी देखने के लिए बार-बार विकल्प बदलना पड़ता था। अब यूजर्स एक ही स्क्रीन पर विभिन्न क्लासों में उपलब्ध सीटों की स्थिति देख सकेंगे। इससे अलग-अलग विकल्पों की तुलना करना आसान होगा और टिकट बुकिंग में समय की भी बचत होगी।
यूजर्स के सुझावों के बाद होगा अंतिम लॉन्च
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि बीटा वर्जन का उद्देश्य केवल नई सुविधाओं का परीक्षण करना है। यदि उपयोगकर्ताओं से किसी प्रकार की तकनीकी समस्या या सुधार संबंधी सुझाव मिलते हैं, तो उन्हें शामिल कर वेबसाइट को और बेहतर बनाया जाएगा।
सभी जरूरी बदलाव पूरे होने के बाद IRCTC का नया पोर्टल आधिकारिक रूप से सभी यात्रियों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। इससे उम्मीद की जा रही है कि भविष्य में ऑनलाइन टिकट बुकिंग का अनुभव पहले की तुलना में अधिक तेज, सरल और सुविधाजनक होगा।
टॉम क्रूज की फिल्म में मिल रहा था रोल, लेकिन फहाद फासिल ने कर दिया इनकार; सामने आई वजह










