Virat Kohli New Record in IPL History: तोड़ पाना नामुमकिन है कोहली का यह महारिकॉर्ड! IPL 2026 में 164 के स्ट्राइक रेट से मचाया तहलका

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान अपने 500 रन पूरे कर लिए हैं। वह आईपीएल इतिहास में 9 अलग-अलग सीजन में 500 या उससे अधिक रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इस सीजन में उनका स्ट्राइक रेट भी सबसे शानदार रहा है।

Virat Kohli New Record in IPL History

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

मई 17, 2026

Virat Kohli New Record in IPL History: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में रॉयल बच्चनर्स बेंगलुरु (RCB) के रन-मशीन विराट कोहली का बल्ला जमकर आग उगल रहा है। क्रिकेट जगत में उन्हें ऐसे ही ‘रिकॉर्ड्स का बादशाह’ नहीं कहा जाता, बल्कि हर मैच के साथ वह इस बात को साबित भी करते हैं। पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में विराट कोहली ने एक बार फिर अपने बल्ले का जौहर दिखाते हुए इस सीजन में अपने 500 रन पूरे कर लिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने आईपीएल के इतिहास में एक ऐसा अटूट और अद्वितीय कीर्तिमान स्थापित कर दिया है, जिसे भविष्य में किसी भी बल्लेबाज के लिए तोड़ पाना लगभग नामुमकिन नजर आता है। विराट अब दुनिया के एकमात्र ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने टूर्नामेंट के 9 अलग-अलग संस्करणों में 500 या उससे अधिक रन बनाने का गौरव हासिल किया है।

इस सीजन दिखा सबसे खतरनाक स्ट्राइक रेट

आपको बता दे कि, मौजूदा टी20 लीग में विराट कोहली के आंकड़ों पर नजर डालें तो उनका प्रदर्शन बेहद आक्रामक और निरंतर रहा है। आईपीएल 2026 में अब तक खेली गईं 13 पारियों में किंग कोहली के बल्ले से कुल 542 रन निकल चुके हैं, और उनका यह शानदार सफर अभी भी जारी है। इस सीजन के दौरान उन्होंने विपक्षी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए एक आतिशी शतक और 4 धमाकेदार अर्धशतक (फिफ्टी) जड़े हैं। क्रिकेट समीक्षकों के लिए सबसे ज्यादा ध्यान आकर्षित करने वाली बात यह है कि अपने पूरे आईपीएल करियर के इतिहास में, साल 2026 के इस सीजन में विराट कोहली का व्यक्तिगत स्ट्राइक रेट (Strike Rate) सबसे बेहतरीन और उच्चतम रहा है। इस साल वह केवल रन ही नहीं बना रहे हैं, बल्कि 164.74 के तूफानी स्ट्राइक रेट से विरोधी टीम पर चौके-छक्कों की बारिश कर रहे हैं।

डेविड वॉर्नर और केएल राहुल को पछाड़ा

इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में सबसे अधिक सीजन के दौरान 500 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में अब विराट कोहली शीर्ष पर अकेले विराजमान हो गए हैं। 9 अलग-अलग सीजन में इस जादुई आंकड़े को पार करके उन्होंने विश्व क्रिकेट में अपनी बादशाहत कायम रखी है। इस एलीट लिस्ट में दूसरे पायदान पर संयुक्त रूप से ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ ओपनर डेविड वॉर्नर और भारतीय स्टार बल्लेबाज केएल राहुल मौजूद हैं, जिन्होंने 7-7 बार किसी एक सीजन में 500 से अधिक रन जोड़े हैं। वहीं भारत के गब्बर यानी शिखर धवन ने यह कारनामा अपने करियर में 5 बार किया है। विराट ने इन दिग्गजों को पीछे छोड़ते हुए अपनी निरंतरता का लोहा मनवाया है।

सबसे ज्यादा सीजन में 500+ रन बनाने वाले टॉप बल्लेबाज:

  • 9 बार: विराट कोहली
  • 7 बार: डेविड वॉर्नर
  • 7 बार: केएल राहुल
  • 5 बार: शिखर धवन

साल 2011 से शुरू हुआ था सिलसिला

विराट कोहली के इस ऐतिहासिक सफर की शुरुआत आज से डेढ़ दशक पहले हुई थी। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में पहली बार 500 रनों की चुनौती को साल 2011 में फतह किया था, जब उन्होंने 16 मुकाबलों में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 557 रन बटोरे थे। इतना ही नहीं, आईपीएल के किसी एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का ‘एवरेस्ट’ रिकॉर्ड भी आज तक उन्हीं के नाम सुरक्षित है। साल 2016 के उस सुनहरे सीजन को कोई क्रिकेट प्रेमी नहीं भूल सकता, जब किंग कोहली ने विपक्षी टीमों के हौसले पस्त करते हुए अकेले ही कुल 973 रन ठोक दिए थे, जिसमें 4 शानदार शतक शामिल थे। साल-दर-साल उनके रनों का ग्राफ कुछ इस प्रकार रहा है जिसने उन्हें इस मुकाम पर पहुंचाया है।

विराट कोहली का साल-दर-साल 500+ रनों का सफर:

  • आईपीएल 2011: 557 रन
  • आईपीएल 2013: 634 रन
  • आईपीएल 2015: 505 रन
  • आईपीएल 2016: 973 रन
  • आईपीएल 2018: 530 रन
  • आईपीएल 2023: 639 रन
  • आईपीएल 2024: 741 रन
  • आईपीएल 2025: 657 रन
  • आईपीएल 2026: 542+ रन (जारी…)