IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी ने छीनी यशस्वी जायसवाल से ऑरेंज कैप, विराट कोहली ने ऑटोग्राफ देकर जीता दिल

आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने आरसीबी के खिलाफ 26 गेंदों में 78 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर तहलका मचा दिया है। इस शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने ऑरेंज कैप पर भी कब्जा कर लिया है। मैच के बाद दिग्गज विराट कोहली ने उनकी सराहना करते हुए ऑटोग्राफ दिया, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

IPL 2026

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अप्रैल 11, 2026

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के सीजन में क्रिकेट जगत को एक नया सितारा मिला है। राजस्थान रॉयल्स के मात्र 15 वर्षीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ जो किया, उसने क्रिकेट के दिग्गजों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया है। 202 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए इस किशोर बल्लेबाज ने बेंगलुरु के गेंदबाजी आक्रमण की बखिया उधेड़ कर रख दी और अपनी टीम को एक यादगार जीत दिलाई।

वैभव ने 26 गेंदों में मचाई तबाही

बताते चले कि, राजस्थान रॉयल्स के इस युवा ओपनर ने मैदान पर उतरते ही अपने इरादे साफ कर दिए थे। आरसीबी द्वारा दिए गए 202 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव ने पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाजी का ऐसा नमूना पेश किया कि मैच एकतरफा हो गया। उन्होंने महज 26 गेंदों में 78 रनों की ‘तूफानी पारी’ खेली। इस दौरान भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी तेज गेंदबाज इस 15 साल के लड़के के सामने पूरी तरह बेबस और बेअसर नजर आए।

किंग कोहली ने थपथपाई वैभव की पीठ

मैदान पर रनों की बारिश करने के बाद असली भावनात्मक क्षण मैच खत्म होने के बाद देखने को मिला। खेल के बाद वैभव सूर्यवंशी क्रिकेट के दिग्गज विराट कोहली के पास पहुंचे और उनसे ऑटोग्राफ मांगा। कोहली ने खेल भावना का परिचय देते हुए राजस्थान की कैप पर संदेश लिखा— “प्रिय वैभव, बहुत बढ़िया” (Dear Vaibhav, well done)। एक युवा खिलाड़ी के लिए क्रिकेट के सबसे बड़े आइकन से मिली यह ‘सराहना और ऑटोग्राफ’ किसी बड़े पुरस्कार से कम नहीं थी। सोशल मीडिया पर यह तस्वीर देखते ही देखते वायरल हो गई।

ऑरेंज कैप की दौड़ में सबसे आगे

अपनी इस पारी के साथ ही वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 की ऑरेंज कैप (Orange Cap Leader) भी अपने नाम कर ली है। वर्तमान में वह चार मैचों में 200 रन बना चुके हैं, जिसमें दो शानदार अर्धशतक शामिल हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने अपनी ही टीम के धाकड़ बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को भी पीछे छोड़ दिया है। वैभव की बल्लेबाजी न केवल रन बटोर रही है, बल्कि टीम के ‘नेट रन रेट’ को भी सातवें आसमान पर ले जा रही है।

राजस्थान रॉयल्स की लगातार चौथी जीत

कप्तान रियान पराग की अगुवाई में राजस्थान रॉयल्स की टीम इस समय अजेय नजर आ रही है। आरसीबी के खिलाफ मिली यह लगातार चौथी जीत (RR Fourth Consecutive Win) है, जिसने राजस्थान को पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर मजबूती से बरकरार रखा है। वैभव के शुरुआती हमले की बदौलत टीम ने 12 गेंदें शेष रहते ही 6 विकेट से मुकाबला जीत लिया। जिस तरह से यह युवा खिलाड़ी निर्भीक होकर खेल रहा है, उसने आईपीएल 2026 की पूरी स्क्रिप्ट ही बदल कर रख दी है।