IPL 2026 Points Table: राजस्थान रॉयल्स ने आरसीबी से छीनी नंबर-1 की कुर्सी, सीएसके की हार के बाद बदला समीकरण

आईपीएल 2026 के रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने तहलका मचा दिया है। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ महज 15 गेंदों में अर्धशतक जड़कर इतिहास रच दिया। इस आतिशी पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी और अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

मार्च 31, 2026

IPL 2026 Points Table: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का रोमांच अपने चरम पर पहुंच चुका है और शुरुआती तीन मुकाबलों ने ही फैंस का भरपूर मनोरंजन किया है। इन मैचों में जहां विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज क्रिकेटरों ने अपने बल्ले की धमक दिखाई, वहीं बिहार के 15 वर्षीय युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी ने अपने खेल से पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है। फैंस को उम्मीद थी कि ये तीनों स्टार खिलाड़ी पहले ही मैच में अपना जलवा बिखेरेंगे और हुआ भी ऐसा ही। इन सभी ने न सिर्फ बेहतरीन पारियां खेलीं, बल्कि अपनी टीमों को सीजन की पहली जीत भी दिलाई। इनमें सबसे खास प्रदर्शन राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी का रहा, जिनकी आतिशी बल्लेबाजी के दम पर टीम प्वॉइंट्स टेबल में टॉप पर काबिज हो गई है।

रॉयल्स ने दर्ज की 8 विकेट से ऐतिहासिक जीत

आईपीएल के इस सत्र के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस (MI) ने जीत का स्वाद चखा था। अब तीसरे मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ एकतरफा जीत दर्ज की है। असम के गुवाहाटी स्थित बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में राजस्थान के गेंदबाजों का जलवा रहा। नांद्रे बर्गर, जोफ्रा आर्चर और अनुभवी स्पिनर रवींद्र जडेजा की तिकड़ी ने धारदार गेंदबाजी करते हुए एमएस धोनी की कप्तानी वाली सीएसके को महज 127 रनों पर ढेर कर दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान के लिए 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने क्रीज पर आते ही कोहराम मचा दिया और महज 15 गेंदों में अपना पचासा पूरा कर लिया। उनकी इस तूफानी पारी की बदौलत राजस्थान ने 12.1 ओवर में ही 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 8 विकेट से मैच जीत लिया।

आरसीबी को पछाड़कर राजस्थान रॉयल्स बनी नंबर-1

चेन्नई सुपर किंग्स पर मिली इस विशाल जीत के साथ ही राजस्थान रॉयल्स ने टूर्नामेंट में 2 अहम अंक हासिल कर अपना खाता खोल लिया है। राजस्थान के अब आरसीबी और मुंबई इंडियंस के बराबर ही 2 अंक हैं, लेकिन रॉयल्स की जीत का अंदाज बेहद खास रहा। उन्होंने बहुत कम ओवरों में टारगेट चेज कर लिया, जिससे उनके नेट रन रेट (NRR) में जबरदस्त उछाल आया है। इस मैच के बाद राजस्थान रॉयल्स का नेट रन रेट सीधे +4.171 हो गया है। इसी के साथ उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को पहले स्थान से बेदखल कर दिया है। बेंगलुरु की टीम अब +2.907 के रन रेट के साथ दूसरे स्थान पर और मुंबई इंडियंस +0.687 के रन रेट के साथ तीसरे पायदान पर खिसक गई है।

चेन्नई सुपर किंग्स को लगा करारा नेट रन रेट का झटका

राजस्थान रॉयल्स को इस धमाकेदार जीत से जितना बड़ा मुनाफा हुआ है, उतना ही गहरा जख्म चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को लगा है। सीएसके को न केवल इस मैच में करारी शिकस्त झेलनी पड़ी है, बल्कि उनका नेट रन रेट पाताल में चला गया है। इस शर्मनाक हार के बाद चेन्नई का नेट रन रेट गिरकर सीधे -4.171 हो गया है। क्रिकेट पंडितों का मानना है कि इस भारी-भरकम निगेटिव रन रेट को सुधारने में चेन्नई को पूरा सीजन लग सकता है। फिलहाल कागजों पर चेन्नई छठे स्थान पर जरूर दिखाई दे रही है, लेकिन जैसे ही बाकी की 4 टीमें अपने-अपने ओपनिंग मुकाबले खेल लेंगी, इसकी पूरी आशंका है कि सीएसके सीधे पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले यानी 10वें पायदान पर पहुंच जाएगी।