IPL 2026 Qualifier 2: गुजरात या राजस्थान? क्वालीफायर-2 रद्द हुआ तो इस टीम को मिलेगा फाइनल का टिकट

IPL 2026 के क्वालीफायर-2 में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच फाइनल में पहुंचने की जंग जारी है। 29 मई को मुल्लांपुर स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। बारिश की संभावनाओं के बीच पॉइंट्स टेबल का नियम चर्चा में है। जानिए क्या है मैच का पूरा समीकरण और कौन सी टीम है आगे।

IPL 2026 Qualifier 2

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

मई 28, 2026

IPL 2026 Qualifier 2: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का रोमांच अपने अंतिम पड़ाव पर है। डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) पहले ही फाइनल में अपना स्थान सुरक्षित कर चुकी है। अब सबकी निगाहें दूसरे फाइनलिस्ट पर टिकी हैं। फाइनल का टिकट कटाने के लिए 29 मई को न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में गुजरात टाइटंस (GT) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच ‘करो या मरो’ का मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा और इसमें जीतने वाली टीम फाइनल में RCB का सामना करेगी, जबकि हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।

बारिश की आशंका और रिजर्व डे का संकट

बताते चले कि, इस नॉकआउट मैच से पहले क्रिकेट फैंस के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि बारिश ने खेल में बाधा डाली तो क्या होगा? आपको बता दें कि IPL 2026 के क्वालीफायर-2 के लिए कोई ‘रिजर्व डे’ नहीं रखा गया है। नियमों के अनुसार, मैच का परिणाम निकालने के लिए दोनों पारियों में कम से कम 5-5 ओवर का खेल होना अनिवार्य है। यदि मौसम के कारण एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी, तो मैच को रद्द घोषित कर दिया जाएगा।

पॉइंट्स टेबल से तय होगा फाइनल का सफर

आपको बता दे कि, मैच रद्द होने की स्थिति में आईपीएल के नियमों के अनुसार फैसला पॉइंट्स टेबल की रैंकिंग से होगा। लीग स्टेज की समाप्ति पर गुजरात टाइटंस दूसरे स्थान पर थी, जबकि राजस्थान रॉयल्स चौथे पायदान पर रही थी। अतः ऐसी विपरीत परिस्थिति में गुजरात टाइटंस को सीधे फाइनल का टिकट मिल जाएगा और राजस्थान रॉयल्स टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। यह नियम राजस्थान के प्रशंसकों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।

मैच के दिन कैसा रहेगा चंडीगढ़ का मौसम?

मौसम विभाग ने 28 से 29 मई के लिए चंडीगढ़ और उसके आसपास के क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। हालांकि, क्रिकेट प्रेमियों के लिए राहत की बात यह है कि शुक्रवार शाम तक मौसम के साफ होने का अनुमान है। मैच के समय बारिश की संभावना न के बराबर है और तापमान 35 डिग्री से गिरकर 28 डिग्री के सुखद स्तर पर आ जाएगा, जो खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के लिए मुफीद रहेगा।

हेड-टू-हेड आंकड़ों में गुजरात का दबदबा

आईपीएल के इतिहास में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच अब तक 10 बार भिड़ंत हो चुकी है, जिसमें गुजरात का पलड़ा भारी रहा है। गुजरात ने 7 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि राजस्थान को केवल 3 मैचों में सफलता मिली है। IPL 2026 के मौजूदा सीजन में भी दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखी गई है। लीग स्टेज के पहले मैच में राजस्थान ने 6 रन से जीत हासिल की थी, वहीं दूसरे मैच में गुजरात ने 77 रनों की बड़ी जीत दर्ज कर बराबरी की थी। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्वालीफायर-2 में कौन सी टीम बाजी मारती है।