IPL 2026: संजू सैमसन का तूफानी शतक और श्रेयस की पारी; IPL तालिका में चेन्नई ने मारी लंबी छलांग

IPL 2026 के 17वें मैच के बाद अंक तालिका में बड़ा फेरबदल हुआ है। शनिवार को श्रेयस अय्यर की नाबाद 69 रनों की पारी से पंजाब ने सनराइजर्स को हराया, वहीं संजू सैमसन के शानदार 115* रनों की बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली को हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की। राजस्थान रॉयल्स अब भी टॉप पर बरकरार है।

IPL 2026

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अप्रैल 12, 2026

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 19वां संस्करण अपने पूरे शबाब पर है। टूर्नामेंट के 17 मैच पूरे होने के बाद शनिवार का ‘डबल हेडर’ मुकाबलों का दिन काफी उलटफेर भरा रहा। जहां पंजाब किंग्स ने सनराइजर्स के खिलाफ अपनी अजेय लय बरकरार रखी, वहीं चेन्नई सुपर किंग्स ने आखिरकार हार का सिलसिला तोड़ते हुए अपनी पहली जीत दर्ज की। इन नतीजों ने IPL 2026 अंक तालिका (IPL Points Table) का समीकरण पूरी तरह बदल दिया है।

श्रेयस अय्यर और संजू सैमसन का बल्ला बोला

बताते चले कि, शनिवार के पहले मुकाबले में पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच हाई-स्कोरिंग मैच देखने को मिला। 220 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम के लिए श्रेयस अय्यर ‘संकटमोचक’ बनकर उभरे। अय्यर ने महज 33 गेंदों में 69 रनों की नाबाद पारी खेलकर लक्ष्य को बेहद आसान बना दिया और 6 विकेट से जीत पक्की की।

दिन के दूसरे मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का सामना दिल्ली कैपिटल्स (DC) से हुआ। इस मैच में संजू सैमसन की क्लास देखने को मिली, जिन्होंने 56 गेंदों में 115 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेलकर चेन्नई को विशाल स्कोर तक पहुँचाया। गेंदबाजी में जेमी ओवरटन ने अपनी धार दिखाई और 4 महत्वपूर्ण विकेट झटककर दिल्ली की कमर तोड़ दी, जिससे चेन्नई ने 23 रनों से जीत हासिल की।

चेन्नई सुपर किंग्स की पहली जीत

लगातार तीन हार झेलने वाली चेन्नई सुपर किंग्स के लिए शनिवार का दिन राहत भरा रहा। इस संस्करण की पहली जीत के साथ ही CSK अब अंक तालिका (Standings) में सबसे निचले पायदान से ऊपर उठ गई है। फिलहाल चेन्नई 2 अंक और -1.532 नेट रन रेट (NRR) के साथ 9वें स्थान पर है। दूसरी ओर, कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं। केकेआर अभी तक एक भी मैच जीतने में नाकाम रही है और 4 मैचों के बाद केवल 1 अंक और -1.315 नेट रन रेट के साथ तालिका में सबसे नीचे 10वें स्थान पर खिसक गई है।

राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स का दबदबा

टूर्नामेंट के शीर्ष पर राजस्थान रॉयल्स (RR) का एकछत्र राज कायम है। राजस्थान ने अपने चारों मैचों में जीत दर्ज की है और 8 अंकों के साथ पहले नंबर पर मजबूती से टिकी है। उनका नेट रन रेट +2.055 का है, जो सभी टीमों में सर्वश्रेष्ठ है।

पंजाब किंग्स (PBKS) इस सीजन की दूसरी ऐसी टीम बन गई है जो अभी तक अजेय है। अपनी तीसरी जीत के साथ पंजाब 7 अंकों और +0.720 नेट रन रेट के साथ दूसरे स्थान पर है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) 4 अंकों (+1.231 NRR) के साथ तीसरे नंबर पर है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स लगातार दो हार के बावजूद 4 अंकों और बेहतर रन रेट (+0.322) की बदौलत टॉप-4 में जगह सुरक्षित रखने में कामयाब रही है।

5वें से 8वें पायदान का अंक तालिका समीकरण

लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) फिलहाल 5वें स्थान पर है और उनके पास अगले मैच में जीत दर्ज कर टॉप-4 में घुसने का सुनहरा मौका है। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की हालत चिंताजनक बनी हुई है, जो 4 में से 3 मैच हारकर 2 अंकों के साथ छठे नंबर पर है।

गुजरात टाइटंस (GT) और मुंबई इंडियंस (MI) के लिए भी यह सीजन अब तक उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है। गुजरात 1 जीत के साथ 7वें और मुंबई इंडियंस 2 हार और 1 जीत के साथ 8वें स्थान पर संघर्ष कर रही है। आने वाले मैच इन टीमों के लिए प्ले-ऑफ की रेस में बने रहने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगे।