IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के रोमांचक सीजन के चौथे मुकाबले में बीते दिन यानी 31 मार्च को पंजाब किंग्स (PBKS) और गुजरात टाइटंस (GT) की टीमें आमने-सामने थी। मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पंजाब किंग्स के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के नाम एक ऐसा अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया, जिसे वह कभी याद नहीं रखना चाहेंगे। अर्शदीप ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच के अंतिम पलों में एक ही ओवर को पूरा करने के लिए कुल 11 गेंदें फेंक दीं। इसी के साथ वह आईपीएल इतिहास में संयुक्त रूप से सबसे लंबा ओवर फेंकने वाले बॉलर्स की फेहरिस्त में शामिल हो गए हैं।
11 गेंदे फेंकने वाले छठे गेंदबाज बने अर्शदीप
अर्शदीप सिंह इस प्रतिष्ठित लीग के इतिहास के महज छठे ऐसे बॉलर बन गए हैं, जिन्होंने अपने कोटे के एक ओवर को पूरा करने के लिए 11 बार गेंद हाथ से छोड़ी। बाएं हाथ के इस पेसर से पहले भारतीय क्रिकेट और आईपीएल के मंच पर 5 अन्य गेंदबाज भी यह अनचाहा कारनामा अपने नाम कर चुके हैं। इस शर्मनाक गेंदबाजी रिकॉर्ड की सूची में टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज (साल 2023), चेन्नई के तुषार देशपांडे (साल 2023), शार्दुल ठाकुर (साल 2025), अनुभवी संदीप शर्मा (साल 2025) और स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या (साल 2025) का नाम पहले से ही दर्ज है।
मैच के आखिरी ओवर का पूरा ड्रामा
मुल्लांपुर के मैदान पर खेले जा रहे इस कड़े मुकाबले में जब गुजरात टाइटंस की पारी के 19 ओवर खत्म हुए, तब टीम का स्कोर 6 विकेट पर 150 रन था। मैच के निर्णायक 20वें ओवर के लिए पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने गेंद अर्शदीप सिंह के हाथों में सौंपी। लेकिन अर्शदीप ने ओवर की शुरुआत ही दिशाहीन होकर वाइड गेंद से की। इसके बाद अगली दो लीगल गेंदों पर राहुल तेवतिया कोई रन नहीं बना सके। तीसरी लीगल गेंद पर तेवतिया ने शानदार चौका जड़ा। दबाव में आए अर्शदीप ने इसके बाद लगातार दिशा खोई और एक नो-बॉल व दो वाइड फेंक दीं। चौथी लीगल गेंद डॉट रही और पांचवीं गेंद पर तेवतिया ने सिंगल लिया। इसके तुरंत बाद उन्होंने फिर एक वाइड फेंकी। आखिरकार, राशिद खान को फेंकी गई गेंद इस थका देने वाले ओवर की आखिरी लीगल डिलीवरी साबित हुई।
मुकाबले का पूरा लेखा-जोखा
अगर पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के इस मैच की बात करें, तो टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 162 रन ही बना सकी। गुजरात की ओर से कप्तान शुभमन गिल ने सर्वाधिक 39 रनों की कप्तानी पारी खेली, जबकि सलामी बल्लेबाज जोस बटलर ने 38 रनों का अहम योगदान दिया। मिडिल ऑर्डर में ग्लेन फिलिप्स ने भी तेज 25 रन बनाए। पंजाब किंग्स के बॉलिंग अटैक की तरफ से विजयकुमार वैशाक सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट चटकाए। उनके अलावा जादुई स्पिनर युजवेंद्र चहल को 2 और मार्को जानसेन को 1 सफलता मिली।
कूपर कोनोली की विस्फोटक पारी से जीता पंजाब किंग्स
अर्शदीप सिंह के खराब और लंबे ओवर के बावजूद पंजाब किंग्स ने शानदार खेल दिखाते हुए आईपीएल 2026 के अपने अभियान का आगाज धमाकेदार अंदाज में जीत के साथ किया। पंजाब की टीम ने गुजरात टाइटंस द्वारा दिए गए 163 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को 5 गेंदें शेष रहते ही बेहद आसानी से हासिल कर लिया। पंजाब की इस शानदार और धमाकेदार जीत के असली हीरो कूपर कोनोली रहे। उन्होंने गुजरात के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए नाबाद 72 रनों की विस्फोटक और मैच जिताऊ पारी खेलकर अपनी टीम की झोली में दो अंक डाल दिए।










