IPL 2026, LSG vs DC: आईपीएल 2026 के पांचवें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 142 रनों का लक्ष्य दिया था। दिल्ली ने यह लक्ष्य 17.1 ओवर में ही चार विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ दिल्ली ने अंक तालिका में अपने खाते में दो अंक जोड़ लिए।
लखनऊ की पारी

टॉस जीतकर दिल्ली ने लखनऊ को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। लखनऊ की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान ऋषभ पंत केवल 7 रन बनाकर रनआउट हो गए और टीम ने 19 रन पर पहला झटका झेला। इसके बाद लगातार विकेट गिरते रहे। मिचेल मार्श ने 28 गेंदों पर 35 रन बनाए।
अब्दुल समद ने 25 गेंदों में 36 रन की अहम पारी खेली। एडेन मार्करम (11), आयुष बदोनी (0) और निकोलस पूरन (8) सस्ते में आउट हुए। लखनऊ की आधी टीम 71 रन तक पवेलियन लौट गई। पूरी टीम 18.4 ओवर में 141 रन पर ऑलआउट हो गई। दिल्ली की ओर से लुंगी एंगिडी और टी नटराजन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट झटके। कुलदीप यादव ने दो और अक्षर पटेल ने एक विकेट लिया।
दिल्ली की पारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही। पहली ही गेंद पर केएल राहुल बिना खाता खोले आउट हो गए। नीतिश राणा ने 15 रन और पथुम निशांका ने सिर्फ 1 रन बनाया। कप्तान अक्षर पटेल भी बिना रन बनाए पवेलियन लौट गए। दिल्ली ने मात्र 26 रन पर चार विकेट गंवा दिए और मैच हाथ से निकलता हुआ दिख रहा था।
समीर रिजवी बने हीरो
इस मुश्किल हालात में समीर रिजवी ने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ मिलकर पारी को संभाला। रिजवी ने 47 गेंदों पर नाबाद 70 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 4 छक्के शामिल थे। स्टब्स ने 32 गेंदों पर 39 रन बनाए और नाबाद रहे। दोनों ने मिलकर 76 गेंदों पर 119 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी की बदौलत दिल्ली ने 17.1 ओवर में ही 145 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।
गेंदबाजी प्रदर्शन
लखनऊ की ओर से प्रिंस यादव ने दो विकेट और मोहसिन खान ने एक विकेट लिया। लेकिन समीर रिजवी और स्टब्स की साझेदारी के सामने लखनऊ की गेंदबाजी बेअसर साबित हुई।










