IPL 2026 KKR: आईपीएल 2026 से पहले केकेआर में बड़ा बदलाव, दिशांत याग्निक बने फील्डिंग कोच

तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने आईपीएल 2026 से पहले अपनी सबसे बड़ी कमजोरी को दूर करने के लिए दिशांत याग्निक को फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। अभिषेक नायर, शेन वॉटसन और डीजे ब्रावो जैसे दिग्गजों के साथ याग्निक की जुगलबंदी क्या केकेआर को चौथा खिताब दिला पाएगी?

IPL 2026

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

जनवरी 21, 2026

IPL 2026 KKR: आईपीएल 2026 की शुरुआत में अभी करीब दो महीने का समय बाकी है और फिलहाल टूर्नामेंट के शेड्यूल का भी आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। इसी बीच फ्रेंचाइजी टीमें अपनी तैयारियों को मजबूत करने में जुटी हुई हैं। इस क्रम में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने सीजन शुरू होने से पहले एक अहम फैसला लिया है।

केकेआर में नए चेहरे की एंट्री

कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने सपोर्ट स्टाफ में बड़ा बदलाव करते हुए दिशांत याग्निक को टीम का नया फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। फ्रेंचाइजी ने 21 जनवरी को इस नियुक्ति की आधिकारिक पुष्टि की। आईपीएल 2026 को ध्यान में रखते हुए केकेआर ने याग्निक को अपने कोचिंग सेटअप का हिस्सा बनाया है।

फील्डिंग डिपार्टमेंट को मजबूत करेंगे याग्निक

42 वर्षीय दिशांत याग्निक के पास आईपीएल खेलने का अनुभव भी है। अपने सक्रिय क्रिकेट करियर के दौरान उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल में हिस्सा लिया था। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद याग्निक ने कोचिंग की राह चुनी और घरेलू क्रिकेट से लेकर आईपीएल तक कई टीमों के साथ काम किया।

राजस्थान रॉयल्स से रहा है गहरा नाता

पिछले सीजन तक दिशांत याग्निक राजस्थान रॉयल्स के फील्डिंग कोच थे। हालांकि टीम मैनेजमेंट में बड़े बदलाव के बाद, जब राजस्थान रॉयल्स ने हेड कोच राहुल द्रविड़ से अलग होने का फैसला किया, तब याग्निक को भी टीम से बाहर कर दिया गया। इसके बाद अब उन्होंने केकेआर के साथ नई पारी की शुरुआत की है।

घरेलू क्रिकेट में शानदार अनुभव

दिशांत याग्निक ने घरेलू क्रिकेट में राजस्थान की ओर से 50 फर्स्ट क्लास मुकाबले खेले हैं। एक खिलाड़ी और कोच के रूप में उनका अनुभव कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए काफी फायदेमंद माना जा रहा है, खासकर फील्डिंग जैसे अहम विभाग में।

केकेआर के मजबूत सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा बने याग्निक

केकेआर का सपोर्ट स्टाफ इस बार काफी मजबूत नजर आ रहा है। दिशांत याग्निक को नए हेड कोच अभिषेक नायर, असिस्टेंट कोच शेन वॉटसन, पावर कोच आंद्रे रसेल, मेंटर ड्वेन ब्रावो और बॉलिंग कोच टिम साउदी जैसे दिग्गजों के साथ काम करने का मौका मिलेगा। यह कोचिंग यूनिट टीम को संतुलन और अनुभव दोनों प्रदान करती है।

मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने पर विवाद

इसी बीच केकेआर को लेकर एक और बड़ी खबर सामने आई थी। बीसीसीआई के निर्देश पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेश के अनुभवी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज कर दिया था। इस फैसले से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) नाराज हो गया था और उसने टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम भारत भेजने से इनकार कर दिया था। फिलहाल यह मामला सुलझा नहीं है।

आईपीएल 2026 के लिए केकेआर का संभावित स्क्वॉड

आईपीएल 2026 के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स का स्क्वॉड काफी संतुलित नजर आता है। टीम में कैमरून ग्रीन, अजिंक्य रहाणे, सुनील नरेन, रिंकू सिंह, रचिन रवींद्र, वरुण चक्रवर्ती, रोवमैन पॉवेल, उमरान मलिक, मथीशा पथिराना, फिन एलन, राहुल त्रिपाठी और टिम सीफर्ट जैसे अनुभवी और युवा खिलाड़ी शामिल हैं। केकेआर को उम्मीद होगी कि नए कोचिंग स्टाफ के साथ टीम इस सीजन शानदार प्रदर्शन करे।