RCB Vs GT FINAL IPL 2026: आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटंस को हराकर आरसीबी को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने वाले विराट कोहली ने अपनी खुशी जाहिर की है। 18वें ओवर की अंतिम गेंद पर अरशद खान के खिलाफ विजयी छक्का जड़कर कोहली ने न केवल अपनी टीम को जीत दिलाई, बल्कि एक लंबे समय से संजोए हुए सपने को भी पूरा किया। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गए कोहली ने कहा कि उन्होंने कई बार इस जीत के क्षण की कल्पना की थी, जहां वह विजयी रन बनाकर टीम को खिताबी जीत दिला रहे हैं।
कोहली की रन-चेज की सटीक रणनीति
बताते चले कि, 75 रनों की शानदार नाबाद पारी के दौरान कोहली पूरी तरह से शांत और सहज नजर आए। उन्होंने स्वीकार किया कि लक्ष्य का पीछा करते समय उनकी भूमिका बिल्कुल स्पष्ट थी। अपने आईपीएल करियर के सबसे तेज 25 गेंदों में अर्धशतक के बारे में बात करते हुए कोहली ने बताया कि उन्होंने अपने खेल में बड़े बदलाव के बजाय अपनी सोच को बदला है। उन्होंने कहा कि गेंदबाजों पर दबाव बनाना और अतिरिक्त रन निकालना ही उनकी इस सफलता की कुंजी रही, जिससे आरसीबी को चुनौतीपूर्ण लक्ष्य हासिल करने में मदद मिली।
कोहली ने किसे दिया जीत का श्रेय
विरोट कोहली ने इस जीत का पूरा श्रेय टीम के संतुलन और अन्य खिलाड़ियों को दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा आरसीबी टीम की सबसे बड़ी ताकत यह है कि अब उन्हें हर बार अकेले जिम्मेदारी नहीं उठानी पड़ती। टीम में ऐसे कई ‘मैच विनर्स’ मौजूद हैं जो किसी भी समय पासा पलट सकते हैं। कोहली ने जोश हेजलवुड, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, क्रुणाल पंड्या और रसिख सलाम डार जैसे गेंदबाजों की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि इन्हीं गेंदबाजों के दम पर आरसीबी पूरे सत्र में हावी रही।
आरसीबी फैंस का जुनून और टीम का अटूट आत्मविश्वास
प्रशंसकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कोहली ने कहा कि आरसीबी के फैंस हर जगह टीम का समर्थन करते हैं। उन्होंने बताया कि गुजरात टाइटंस के घरेलू मैदान पर भी लगभग 90 फीसदी दर्शक आरसीबी के ही थे, जिससे हर मैच उन्हें घरेलू मुकाबले जैसा महसूस हुआ। कोहली ने स्वीकार किया कि पिछले साल की तुलना में इस बार फाइनल का दबाव अलग था, लेकिन टीम को अपनी क्षमता पर पूरा भरोसा था। अंक तालिका में शीर्ष पर रहने के बाद टीम का आत्मविश्वास और बढ़ गया था।
कोहली ने सत्र के दौरान आई चुनौतियों को याद करते हुए बताया कि ब्रेक के बाद मुंबई इंडियंस के खिलाफ मिली करीबी जीत ने टीम का मनोबल फिर से ऊंचा किया। उस जीत ने टीम को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ प्रभावशाली प्रदर्शन करने और अंततः ट्रॉफी जीतने के लिए प्रेरित किया। कोहली के अनुसार, पूरी टीम ने जो कौशल, परिपक्वता और संयम दिखाया, उसी का परिणाम यह दूसरी खिताबी जीत है। आरसीबी अब उन चुनिंदा टीमों में शामिल हो गई है जिन्होंने सफलतापूर्वक अपने खिताब का बचाव किया है।










