IPL 2026 Final: गुजरात के शेर हुए ढेर, रसिख सलाम की घातक गेंदबाजी के बाद क्या खिताब बचा पाएगी आरसीबी?

अहमदाबाद में खेले जा रहे महामुकाबले में टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी गुजरात टाइटंस 155 रन ही बना सकी. वाशिंगटन सुंदर ने सर्वाधिक 50* रन बनाए, जबकि आरसीबी के रसिख सलाम ने 3 विकेट झटके. अब बेंगलुरु को लगातार दूसरा खिताब जीतने के लिए 156 रन बनाने होंगे.

IPL 2026 Final

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

मई 31, 2026

IPL 2026 Final: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे आईपीएल 2026 के खिताबी मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 155 रन बनाए हैं. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को लगातार दूसरा खिताब अपने नाम करने के लिए 156 रनों की दरकार है. गुजरात के लिए वाशिंगटन सुंदर ने संकटमोचक की भूमिका निभाते हुए अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि बेंगलुरु की ओर से रसिख सलाम दार सबसे सफल गेंदबाज रहे.

आरसीबी का टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला

बताते चले कि, इस महामुकाबले में बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया. उनका यह फैसला सही साबित हुआ क्योंकि पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद खराब रही. खिताबी मैच के दबाव में टीम का टॉप ऑर्डर पूरी तरह बिखर गया और टीम ने लगातार अंतराल पर अपने विकेट गंवाए.

गुजरात का टॉप ऑर्डर फ्लॉप, सुंदर ने लगाया अर्धशतक

आपको बता दे कि, गुजरात टाइटंस की शुरुआत से ही लय बिगड़ी नजर आई. टीम को पहला झटका 22 रन के स्कोर पर लगा जब कप्तान शुभमन गिल महज 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इसके बाद टीम के स्टार बल्लेबाज जोस बटलर (19 रन) और साई सुदर्शन (12 रन) भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे.

लगातार गिरते विकेटों के बीच वाशिंगटन सुंदर ने एक छोर संभाले रखा. सुंदर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में 5 चौकों की मदद से नाबाद 50 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली. उनके अलावा निशांत सिंधु ने 20 रन और अरशद खान ने 15 रनों का योगदान दिया. राहुल तेवतिया, जेसन होल्डर और राशिद खान केवल 7-7 रन ही बना सके, जबकि कगिसो रबाडा 3 रन पर नाबाद रहे. गुजरात का विकेट पतन कुछ इस तरह रहा:

  • पहला विकेट: 22 रन (शुभमन गिल)
  • दूसरा विकेट: 26 रन
  • तीसरा विकेट: 55 रन
  • चौथा विकेट: 73 रन
  • पांचवां विकेट: 99 रन
  • छठा विकेट: 115 रन
  • सातवां विकेट: 142 रन
  • आठवां विकेट: 151 रन

रसिख सलाम दार की घातक बेंगलुरु गेंदबाजी

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के गेंदबाजों ने फाइनल मुकाबले में कसी हुई गेंदबाजी की. खासकर रसिख सलाम दार ने गुजरात के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं दिया. रसिख ने अपनी धारदार गेंदबाजी के दम पर सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके और टाइटंस को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया.

बेंगलुरु के पास इतिहास रचने का मौका

रिकॉर्ड बुक पर नजर: यदि आरसीबी 156 रनों का यह लक्ष्य हासिल कर लेती है, तो वह चेन्नई सुपर किंग्स (2010, 2011) और मुंबई इंडियंस (2019, 2020) के बाद आईपीएल इतिहास में लगातार दो खिताब जीतने वाली तीसरी टीम बन जाएगी. बेंगलुरु ने साल 2025 में अपनी पहली ट्रॉफी जीती थी. अब देखना दिलचस्प होगा कि कप्तान रजत पाटीदार की कप्तानी में टीम इस आसान दिख रहे लक्ष्य को कैसे चेज करती है और इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज कराती है.