IPL 2026: होटल के कमरे में मृत मिले बीसीसीआई के ब्रिटिश ब्रॉडकास्ट इंजीनियर, क्रिकेट जगत में मचा हड़कंप!

IPL 2026 के रोमांच के बीच एक बेहद दुखद खबर आई है। बीसीसीआई के लिए ब्रॉडकास्ट इंजीनियर के तौर पर काम कर रहे ब्रिटिश नागरिक इयान विलियम्स लैंगफोर्ड की मुंबई के एक होटल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 29 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में MI vs KKR मैच कवर करने के बाद से वह लापता थे और अगले दिन उनका शव फर्श पर पड़ा मिला।

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

मार्च 31, 2026

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का रोमांच अपने चरम पर है, लेकिन इसी बीच क्रिकेट के इस महाकुंभ से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज खबर सामने आई है। टूर्नामेंट के लाइव टेलीकास्ट और ब्रॉडकास्टिंग से जुड़े एक ब्रिटिश नागरिक की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक का शव मुंबई के एक पॉश होटल के कमरे में मिलने से हड़कंप मच गया है। होटल के रूम में संदिग्ध हालत में मृत पाए गए इस विदेशी नागरिक की पहचान इयान विलियम्स लैंगफोर्ड के रूप में हुई है। वह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के लिए बतौर ब्रॉडकास्ट इंजीनियर अपनी सेवाएं दे रहे थे। बताया जा रहा है कि इयान लैंगफोर्ड 24 मार्च से ही आईपीएल के मैचों को कवर करने के सिलसिले में मुंबई के इस होटल में ठहरे हुए थे।

होटल के कमरे में खौफनाक मंजर

बताते चले कि, 29 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच सांसे रोक देने वाला मुकाबला खत्म होने के बाद इयान विलियम्स लैंगफोर्ड अपने होटल लौट आए थे। वह कमरा नंबर 2715 में रुके हुए थे। 30 मार्च को जब काफी देर तक होटल के रिसेप्शनिस्ट द्वारा फोन करने पर भी कमरे से कोई जवाब नहीं मिला, तो होटल प्रबंधन को किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद होटल का स्टाफ कमरे की जांच करने के लिए ऊपर गया। गेट खटखटाने पर भी जब अंदर से कोई हलचल या प्रतिक्रिया नहीं आई, तो स्टाफ ने मास्टर चाबी का इस्तेमाल कर दरवाजा खोला। अंदर का खौफनाक नजारा देखकर कर्मियों के होश उड़ गए; ब्रॉडकास्ट इंजीनियर इयान लैंगफोर्ड का शव फर्श पर बेसुध पड़ा हुआ था। आनन-फानन में होटल के इन-हाउस डॉक्टर को बुलाया गया, जिन्होंने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

होटल रूम में ब्रिटिश इंजीनियर के साथ क्या हुआ?

इस हाई-प्रोफाइल विदेशी नागरिक की मौत की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई। इयान विलियम्स लैंगफोर्ड की आकस्मिक और संदिग्ध मौत को लेकर मुंबई के प्रसिद्ध मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस के आला अधिकारी अब इस गुत्थी को सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर बंद कमरे के भीतर इयान के साथ क्या हुआ था? पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार कर रही है ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।

मैच का रोमांच पड़ा फीका

इयान लैंगफोर्ड जिस आखिरी मुकाबले को कवर करने के बाद होटल लौटे थे, वह मैच बेहद रोमांचक और हाई-स्कोरिंग रहा था। वानखेड़े स्टेडियम पर खेले गए इस मुकाबले में केकेआर (KKR) ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 219 रनों का विशाल पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया था। जवाब में उतरी मुंबई इंडियंस (MI) के बल्लेबाजों ने तूफानी खेल दिखाते हुए 220 रनों के इस विशाल लक्ष्य को मैच खत्म होने से 5 गेंद पहले ही हासिल कर लिया था। मुंबई की इस धमाकेदार जीत का जश्न अभी थमा भी नहीं था कि ब्रॉडकास्टिंग टीम के इस अहम सदस्य की दुखद खबर ने पूरे आईपीएल खेमे और बीसीसीआई को झकझोर कर रख दिया।