International Yoga Day 2026: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर गौ घाट में योग, वृक्षारोपण और युवा गोमती मित्रों का सम्मान

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लखनऊ के गौ घाट पर राज्य स्वच्छ गंगा मिशन द्वारा भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।

International Yoga Day 2026

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

जून 21, 2026

International Yoga Day 2026: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर आज लखनऊ के गोमती नदी तट स्थित गौ घाट पर एक भव्य और बहुआयामी कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। राज्य स्वच्छ गंगा मिशन-उत्तर प्रदेश एवं जिला गंगा समिति, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ-साथ नदियों और पर्यावरण के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता को मजबूत करना था।

यह पूरा आयोजन श्री जोगिंदर सिंह (आईएएस, परियोजना निदेशक, राज्य स्वच्छ गंगा मिशन-यूपी) और श्री सितांशु पाण्डेय (आईएफएस, प्रभागीय वनाधिकारी, अवध वन प्रभाग, लखनऊ) के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, पर्यावरण प्रेमियों, स्वयंसेवकों और छात्र-छात्राओं ने भारी संख्या में भाग लिया।

India Weather Update : 20 राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट, भीषण गर्मी से राहत के संकेत

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान और सामूहिक योगाभ्यास

कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण को समर्पित “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के साथ हुई। इसके अंतर्गत अतिथियों और प्रतिभागियों ने गोमती नदी के तट पर विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। उपस्थित जनसमूह ने न केवल अधिक से अधिक पौधे लगाने बल्कि उनके संरक्षण का भी कड़ा संकल्प लिया। वक्ताओं ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि नदियाँ और वृक्ष मानव जीवन के मुख्य आधार हैं।

इसके पश्चात, निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास सत्र का आयोजन किया गया। योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की बारीकियों का अभ्यास कराया। इस वर्ष “योग फॉर हेल्दी एजिंग” की थीम पर ध्यान केंद्रित करते हुए लोगों को मानसिक संतुलन, सकारात्मक दृष्टिकोण और स्वस्थ जीवनशैली के लिए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

राजनीतिक दिग्गजों की उपस्थिति और ‘युवा गोमती मित्र’ सम्मान

इस गरिमामयी समारोह में भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने मुख्य और विशिष्ट अतिथियों के रूप में शिरकत की। मुख्य अतिथियों में श्री सौरभ वाल्मीकि (नगर उपाध्यक्ष) और श्री रामअवतार कनौजिया (पूर्व महामंत्री) शामिल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री दयाशंकर पाण्डेय (मंडल अध्यक्ष), श्री प्रमोद सिंह (मंडल प्रभारी) और श्री ऋतेश कनौजिया (मंडल उपाध्यक्ष) उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने योग और पर्यावरण संरक्षण को एक जन-आंदोलन बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम का सबसे मुख्य आकर्षण नदी और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं का उत्साहवर्धन करना रहा। समाज में जागरूकता फैलाने और स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए शिवम त्रिपाठी, परेश पाण्डेय, दीपक, उत्कर्ष सिंह चौहान एवं सौम्या सिंह को “युवा गोमती मित्र सम्मान” से नवाजा गया।

गंगा कथा, संरक्षण की शपथ और भारी जनभागीदारी

समारोह के समापन सत्र में भारतीय संस्कृति और नदियों के अटूट संबंध को दर्शाती ‘गंगा कथा’ का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से जल संवर्धन और प्रकृति के प्रति मानवीय दायित्वों को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को ‘गंगा संरक्षण शपथ’ दिलाई गई, जिसमें नदियों को प्रदूषण मुक्त रखने और पर्यावरण के लिए निरंतर सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया गया।

इस आयोजन में राज्य स्वच्छ गंगा मिशन से श्रीमती सोनालिका सिंह, श्री मिथलेश मिश्रा, सुश्री शैव्या सिंह, सुश्री प्रिया अग्रवाल और जिला गंगा समिति से डीपीओ श्री शिवांग वर्मा उपस्थित रहे। साथ ही, प्रकाश बाल विद्या मंदिर और बाल निकुंज इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भी इस अभियान को जनभागीदारी का एक बेहतरीन उदाहरण बनाते हुए अपनी मजबूत प्रतिबद्धता जताई।

UP News: ललितपुर में बनेगा यूपी का पहला फार्मा पार्क, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार