T20 World Cup 2026: टीम इंडिया का जलवा! पाकिस्तानी दिग्गजों ने भी माना भारत का लोहा, आमिर ने मांगी माफी

भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार विश्व खिताब अपने नाम किया। 255 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए कीवी टीम 159 पर सिमट गई। इस ऐतिहासिक जीत के बाद शोएब अख्तर और शाहिद अफरीदी जैसे पाकिस्तानी दिग्गजों ने भारतीय घरेलू ढांचे की तारीफ की, वहीं मोहम्मद आमिर ने अपनी गलत भविष्यवाणी पर माफी मांगी।

T20 World Cup 2026

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

मार्च 9, 2026

T20 World Cup 2026:  भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के रोमांचक फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को धूल चटाते हुए इतिहास रच दिया है। इस शानदार जीत के साथ ही टीम इंडिया ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। भारत की इस वैश्विक सफलता की गूंज केवल देश के गलियारों में ही नहीं, बल्कि सात समंदर पार भी सुनाई दे रही है। दुनिया भर के क्रिकेट विशेषज्ञों और पूर्व खिलाड़ियों ने भारतीय टीम के जज्बे और उनके ‘चैंपियन’ प्रदर्शन की मुक्त कंठ से प्रशंसा की है।

MS Dhoni Post: ‘मुस्कान अच्छी लगती है’, धोनी का गंभीर के लिए खास मैसेज जीत रहा दिल

पड़ोसी मुल्क में टीम इंडिया की वाहवाही

बताते चले कि, भारत की इस सफलता पर पाकिस्तान के पूर्व कप्तानों और दिग्गज खिलाड़ियों ने भी दिल खोलकर प्रतिक्रिया दी है। सरहद पार से आए संदेशों में भारतीय टीम के कौशल और उनकी रणनीति की जमकर तारीफ की गई। पाकिस्तानी दिग्गजों का मानना है कि भारत की यह सफलता किसी तुक्के का परिणाम नहीं है, बल्कि उनके मजबूत घरेलू क्रिकेट ढांचे और प्रतिभाओं को निखारने वाली प्रणाली की जीत है। विशेषज्ञों के अनुसार, भारत के पास युवा खिलाड़ियों की ऐसी फौज है जो किसी भी बड़े मंच पर दबाव को सोखने की क्षमता रखती है।

हफीज और अख्तर समेत क्रिकेट जगत के सितारों ने दी बधाई

सोशल मीडिया पर भारतीय टीम को शुभकामना देने वालों का तांता लगा रहा। ‘प्रोफेसर’ के नाम से मशहूर मोहम्मद हफीज ने कहा कि भारत की क्रिकेट प्रणाली इतनी सुदृढ़ है कि वे हर बड़े टूर्नामेंट के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। वहीं, ‘रावलपिंडी एक्सप्रेस’ शोएब अख्तर, पूर्व स्पिनर सकलैन मुश्ताक और उमर गुल ने भी भारत के प्रदर्शन को बेजोड़ बताया। पूर्व महिला कप्तान सना मीर ने भी टीम की एकता को जीत का श्रेय दिया। शाहिद अफरीदी ने एक विशेष वीडियो संदेश जारी कर कहा कि भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट के दौरान एक शेर की तरह खेली और वे इस खिताब के असली हकदार थे।

मोहम्मद आमिर की भविष्यवाणी हुई फेल

इस बीच पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर का बयान काफी चर्चा में रहा। आमिर ने स्वीकार किया कि फाइनल से पहले उन्हें लग रहा था कि कीवी टीम (न्यूजीलैंड) बाजी मार ले जाएगी, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने मैदान पर जो खेल दिखाया, उसने उनकी धारणा बदल दी। आमिर ने स्पष्ट शब्दों में अपनी गलती मानते हुए कहा, “भारतीय टीम ने मेरी हर भविष्यवाणी को गलत साबित किया है। उन्होंने बड़े मैचों में दबाव को जिस तरह से हैंडल किया, वह काबिले तारीफ है।”

भारतीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों का घातक प्रदर्शन

खिताबी मुकाबले की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बोर्ड पर 255 रनों का विशाल स्कोर टांग दिया था, जिसने न्यूजीलैंड की कमर तोड़ दी। इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ के सामने टिक नहीं सकी। भारतीय गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड की पारी को महज 159 रनों पर समेट कर शानदार जीत दर्ज की। अनुशासन और आक्रामकता के इसी तालमेल ने भारत को एक बार फिर क्रिकेट की दुनिया का बेताज बादशाह बना दिया है।

T20 World Cup 2026: भारत बना विश्व विजेता, खिताबी जीत के बाद हनुमान मंदिर पहुंचे कप्तान सूर्या और कोच गंभीर