India vs West Indies T20: लखनऊ में फिर सजेगा क्रिकेट का महामुकाबला, इकाना में 50 हजार दर्शकों की तैयारी

लखनऊ के इकाना स्टेडियम में 6 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच T20 मुकाबला खेला जाएगा। मैच से पहले वेस्टइंडीज के सात खिलाड़ी लखनऊ पहुंच चुके हैं, जबकि भारतीय टीम वनडे सीरीज के बाद पहुंचेगी। 25 हजार से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं और 50 हजार दर्शकों की क्षमता वाला स्टेडियम हाउसफुल होने की उम्मीद है।

India vs West Indies T20

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अक्टूबर 2, 2026

India vs West Indies T20: नवाबों के शहर लखनऊ में एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का रोमांच अपने चरम पर पहुंचने लगा है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 6 अक्टूबर 2026 को होने वाले T20 मुकाबले को लेकर अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। कैरेबियाई टीम के सात खिलाड़ी राजधानी लखनऊ पहुंच चुके हैं, जबकि बाकी खिलाड़ी शुक्रवार तक टीम से जुड़ जाएंगे।

शुक्रवार से शुरू होगी वेस्टइंडीज की नेट प्रैक्टिस

बताते चले कि, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के सीईओ अंकित चटर्जी के मुताबिक वेस्टइंडीज के सात खिलाड़ी बुधवार शाम लखनऊ पहुंच गए हैं। टीम के बाकी खिलाड़ियों के शुक्रवार तक राजधानी पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद शुक्रवार शाम को वेस्टइंडीज की टीम अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में अपना पहला नेट प्रैक्टिस सेशन करेगी।

India vs West Indies T20

मैच से पहले दोनों टीमों को परिस्थितियों के अनुसार ढलने का मौका मिलेगा। लखनऊ की पिच और मैदान की परिस्थितियों को समझने के लिए अभ्यास सत्र खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

भारतीय क्रिकेट टीम भी रविवार को पहुंचेगी लखनऊ

आपको बता दे कि, भारत और वेस्टइंडीज के बीच जारी वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला शनिवार को खेला जाना है। वनडे सीरीज खत्म होने के बाद भारतीय टीम रविवार सुबह लखनऊ पहुंचेगी। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी उसी शाम इकाना स्टेडियम में नेट प्रैक्टिस के लिए उतरेंगे। ऐसे में रविवार से लखनऊ में भारत-वेस्टइंडीज T20 मुकाबले का माहौल और तेज होने की उम्मीद है। भारतीय टीम के प्रदर्शन और घरेलू मैदान पर प्रशंसकों के उत्साह को देखते हुए मुकाबले के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है।

India vs West Indies T20 टिकट बिक्री

क्रिकेट प्रशंसकों के लिए टिकट दरों को इस बार अपेक्षाकृत किफायती रखा गया है। इसका असर टिकट बिक्री पर भी दिखाई दे रहा है। गुरुवार शाम तक 25 हजार से ज्यादा टिकट बिक चुके थे। इकाना स्टेडियम की दर्शक क्षमता करीब 50 हजार है। आयोजकों को उम्मीद है कि 6 अक्टूबर को होने वाले भारत-वेस्टइंडीज T20 मैच के दौरान स्टेडियम की सभी सीटें भर सकती हैं। टिकटों की बिक्री की रफ्तार को देखते हुए मैच के दिन इकाना में एक बार फिर क्रिकेट प्रेमियों का बड़ा हुजूम देखने को मिल सकता है।

इकाना स्टेडियम में फिर बन सकता है हाउसफुल रिकॉर्ड

India vs West Indies T20

लखनऊ का इकाना स्टेडियम हाल के आईपीएल मुकाबलों के दौरान भी दर्शकों से खचाखच भरा नजर आया था। आईपीएल के सात मैचों में से चार मुकाबलों में 45 हजार से ज्यादा दर्शक पहुंचे थे। ऐसे में भारत और वेस्टइंडीज के बीच अंतरराष्ट्रीय T20 मुकाबले को लेकर भी दर्शकों में खास उत्साह देखा जा रहा है। वनडे सीरीज में भारतीय टीम के प्रदर्शन और अपेक्षाकृत कम टिकट कीमतों ने क्रिकेट प्रेमियों की दिलचस्पी और बढ़ा दी है। यही वजह है कि आयोजकों को मुकाबले में 50 हजार दर्शकों की मौजूदगी की उम्मीद है।

इकाना में दूसरी बार आमने-सामने होंगी दोनों टीमें

अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच पुरुषों का अब तक सिर्फ एक अंतरराष्ट्रीय T20 मुकाबला खेला गया है। वह मैच 6 नवंबर 2018 को हुआ था। अब करीब आठ साल बाद दोनों टीमें इसी मैदान पर दूसरी बार T20I में आमने-सामने होंगी। इस लिहाज से 6 अक्टूबर 2026 का मुकाबला इकाना स्टेडियम के लिए भी खास होगा। लखनऊ में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाला यह दूसरा पुरुष T20I मुकाबला होगा।

लखनऊ में पहला भारत-वेस्टइंडीज T20I

2018 में खेले गए पहले T20I मुकाबले में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को 71 रन से हराया था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट पर 195 रन बनाए थे। उस मुकाबले में रोहित शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 61 गेंदों पर नाबाद 111 रन की पारी खेली थी। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 124 रन ही बना सकी थी। भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव और खलील अहमद ने दो-दो विकेट हासिल किए थे।

भारत बनाम वेस्टइंडीज T20I रिकॉर्ड में टीम इंडिया आगे

अगर दोनों टीमों के ओवरऑल T20I रिकॉर्ड की बात करें तो भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब तक 31 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारतीय टीम ने 20 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि वेस्टइंडीज ने 10 मुकाबले जीते हैं। एक मैच का नतीजा नहीं निकल सका। अब लखनऊ में होने वाले मुकाबले में दोनों टीमें एक बार फिर आमने-सामने होंगी। इकाना की पिच, खिलाड़ियों का प्रदर्शन और हजारों दर्शकों का उत्साह 6 अक्टूबर के मुकाबले को खास बना सकता है।