India US Trade Deal: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को भारी हंगामे के बीच लोकसभा में भारत और अमेरिका के बीच संपन्न हुए द्विपक्षीय व्यापार समझौते का ब्योरा पेश किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह समझौता दोनों देशों के लिए लाभकारी है और इसमें भारतीय कृषि क्षेत्र की संवेदनशीलता का पूरा ध्यान रखा गया है।
India US Trade Deal: पीयूष गोयल का राहुल गांधी पर प्रहार, भारत-अमेरिका ट्रेड डील को बताया ऐतिहासिक
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की वार्ता
बताते चले कि, पीयूष गोयल ने सदन को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फरवरी 2025 की अमेरिका यात्रा के बाद से ही दोनों देशों के बीच एक संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी समझौते के लिए नियमित चर्चा जारी थी। इस संवाद का सकारात्मक परिणाम हाल ही में देखने को मिला। उन्होंने जानकारी दी कि 2 फरवरी 2026 को पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच टेलीफोन पर हुई उच्च स्तरीय बातचीत के बाद, राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत के लिए टैरिफ घटाकर 18% करने की घोषणा की है। यह दर कई प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में काफी कम है, जो वैश्विक बाजार में भारत की मजबूत स्थिति को दर्शाता है।
कृषि और डेयरी क्षेत्र की सुरक्षा
आपको बता दे कि, विपक्ष के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए केंद्रीय मंत्री ने जोर देकर कहा कि इस ट्रेड डील को अंतिम रूप देते समय ‘इंडिया फर्स्ट’ की नीति अपनाई गई है। उन्होंने सदन को आश्वस्त किया कि संवेदनशील क्षेत्रों, विशेष रूप से कृषि और डेयरी उत्पादों को इस समझौते के तहत विशेष सुरक्षा प्रदान की गई है। गोयल ने कहा, “संवेदनशील मुद्दों को डील से बाहर रखा गया है ताकि हमारे किसानों को कोई आर्थिक नुकसान न हो। खाद्य और कृषि क्षेत्र के हितों की रक्षा हमारी प्राथमिकता रही है और हम इसमें सफल रहे हैं।”
संसद में विपक्षी दलों का भारी हंगामा
बुधवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने विभिन्न मुद्दों पर शोर-शराबा शुरू कर दिया। सुबह 11 बजे हंगामे के कारण कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। दोबारा सदन शुरू होने पर भी कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और समाजवादी पार्टी के सदस्यों का विरोध प्रदर्शन जारी रहा। इसी शोर-शराबे के बीच पीयूष गोयल ने व्यापार समझौते की महत्वपूर्ण उपलब्धियां गिनाईं। अंततः, लगातार जारी व्यवधान के कारण स्पीकर ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया।
राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार
पीयूष गोयल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा लगाए गए उन आरोपों की कड़ी आलोचना की, जिनमें कहा गया था कि पीएम मोदी ने अमेरिकी दबाव में आकर किसानों के हितों का सौदा किया है। गोयल ने कहा कि राहुल गांधी देश को गुमराह कर रहे हैं और उन्हें भारत की प्रगति से ‘चिढ़’ है। उन्होंने सवाल किया कि क्या विपक्ष को भारत में आने वाले लाखों-करोड़ों रुपये के निवेश और विकास से आपत्ति है? मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह समझौता किसी दबाव में नहीं, बल्कि भारत के आर्थिक भविष्य को सशक्त बनाने के लिए किया गया है।










