India U19 Squad: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की जूनियर चयन समिति ने गुरुवार, 11 जून को आगामी श्रीलंका दौरे के लिए भारत की 15 सदस्यीय अंडर-19 टीम का एलान कर दिया है। इस चयन की सबसे बड़ी सुर्खी पूर्व दिग्गज बल्लेबाज और भारतीय सीनियर टीम के पूर्व हेड कोच राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय द्रविड़ रहे, जिन्हें वनडे टीम में बतौर विकेटकीपर शामिल किया गया है। भारतीय टीम इस दौरे पर तीन वनडे और दो मल्टी-डे (चार दिवसीय) मैचों की सीरीज खेलेगी, जिसके लिए दो अलग-अलग स्क्वॉड तैयार किए गए हैं।
कप्तान और उपकप्तान की जिम्मेदारी
बताते चले कि, चयनकर्ताओं ने दोनों ही प्रारूपों (वनडे और मल्टी-डे) के लिए यशवर्धन सिंह चौहान पर भरोसा जताते हुए उन्हें टीम का कप्तान नियुक्त किया है। वहीं, टीम को मजबूती देने और मैदान पर रणनीति में मदद के लिए लक्ष्य रायचंदानी को उपकप्तानी की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। चयन समिति ने दोनों फॉर्मेट की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए संतुलित संयोजन बनाने का प्रयास किया है, ताकि युवा खिलाड़ी श्रीलंकाई परिस्थितियों में खुद को ढाल सकें।
विकेटकीपरों का चयन
सीरीज के लिए दोनों ही टीमों में अलग-अलग विकेटकीपरों को चुना गया है। सीमित ओवरों की वनडे सीरीज के लिए पूर्व दिग्गज राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ और रजत बघेल को दस्ताने थामने की जिम्मेदारी मिली है। वहीं, लाल गेंद की चुनौती यानी मल्टी-डे मैचों के लिए चयनकर्ताओं ने मानव कृष्णा और आर्यन संदेश सकपाल को विशेषज्ञ विकेटकीपर के रूप में टीम में शामिल किया है।
श्रीलंका दौरे का पूरा कार्यक्रम
यह दौरा आधिकारिक तौर पर 4 जुलाई से शुरू होगा, जब पहला वनडे मैच खेला जाएगा। वनडे सीरीज के सभी मुकाबले हम्बनटोटा में आयोजित किए जाएंगे, जो 9 जुलाई तक चलेगी। इसके बाद, पारंपरिक प्रारूप यानी मल्टी-डे सीरीज का आगाज 13 जुलाई से गाले के ऐतिहासिक मैदान पर होगा। इस श्रृंखला का दूसरा और अंतिम मुकाबला 20 जुलाई से कोलंबो में खेला जाएगा।
15 सदस्यीय भारतीय अंडर-19 स्क्वॉड
वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है:
- सागर विर्क, लक्ष्य रायचंदानी (उपकप्तान), यशवर्धन सिंह चौहान (कप्तान), विनीत वीके, अर्जुन राजपूत।
- कुशाग्र ओझा, रजत बघेल (विकेटकीपर), अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), अनमोलजीत सिंह।
- वुटकुरी यशवीर गौड़, रोहित अनिल यादव, शाविन वी, काव्या परेश पटेल, मोहित उलवा, इशान सूद।
- लाल गेंद की चुनौती: चार दिवसीय मल्टी-डे सीरीज के लिए घोषित भारतीय अंडर-19 टीम
मल्टी-डे मैचों के लिए चुनी गई टीम में निम्नलिखित खिलाड़ी शामिल हैं:
- सागर विर्क, लक्ष्य रायचंदानी (उपकप्तान), यशवर्धन सिंह चौहान (कप्तान), पटेल कुश, मनल चौहान।
- कुशाग्र ओझा, मानव कृष्णा (विकेटकीपर), आर्यन संदेश सकपाल (विकेटकीपर), हेमचुदेशन जे।
- बीके किशोर, रोहित अनिल यादव, काव्या परेश पटेल, प्रियांशु सिंह, प्रणव राघवेंद्र, चिगुरुपति वेंकट।
भारत बनाम श्रीलंका अंडर-19 सीरीज का पूरा शेड्यूल
वनडे सीरीज का टाइम-टेबल:
- पहला वनडे: 04 जुलाई (हम्बनटोटा)
- दूसरा वनडे: 06 जुलाई (हम्बनटोटा)
- तीसरा वनडे: 09 जुलाई (हम्बनटोटा)
- मल्टी-डे सीरीज का टाइम-टेबल:
- पहला मैच: 13 से 16 जुलाई (गाले)
- दूसरा मैच: 20 से 23 जुलाई (कोलंबो)










