India Reaction Venezuela: मादुरो की गिरफ्तारी पर भारत की पहली प्रतिक्रिया, कहा- शांति और संवाद से निकले समाधान

वेनेजुएला में अमेरिकी सेना के प्रवेश और राष्ट्रपति मादुरो की हिरासत के बाद नई दिल्ली में हलचल तेज हो गई है। क्या इस संकट से भारत की ऊर्जा सुरक्षा खतरे में है? विदेश मंत्रालय ने आधी रात को एडवाइजरी जारी कर भारतीयों को सतर्क रहने को कहा है। जानिए आखिर भारत ने इस पूरे विवाद पर क्या रुख अपनाया है।

India Reaction Venezuela

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

जनवरी 4, 2026

India Reaction Venezuela: वेनेजुएला की राजनीति में उस समय भूचाल आ गया, जब दावा किया गया कि राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अमेरिकी सेना जबरन राजधानी काराकस से अपने साथ ले गई। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम ने न सिर्फ लैटिन अमेरिका, बल्कि पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। रातों-रात सामने आए इस घटनाक्रम को लेकर वैश्विक स्तर पर चिंता जाहिर की जा रही है और कई देशों ने हालात पर नजर बनाए रखने की बात कही है।

India Reaction Venezuela: भारत ने जताई गहरी चिंता

वेनेजुएला में हुए घटनाक्रम पर भारत ने भी आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा कि वेनेजुएला की स्थिति बेहद चिंताजनक है और भारत सरकार पूरे घटनाक्रम पर पैनी नजर रखे हुए है। बयान में इस बात पर जोर दिया गया कि भारत क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रमों को गंभीरता से ले रहा है और हालात की लगातार समीक्षा की जा रही है।

India Reaction Venezuela: शांति और स्थिरता की अपील

विदेश मंत्रालय के बयान में यह भी कहा गया कि भारत वेनेजुएला के लोगों की भलाई और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराता है। भारत ने सभी संबंधित पक्षों से संयम बरतने और बातचीत के जरिए शांतिपूर्ण समाधान निकालने की अपील की है। भारत का मानना है कि किसी भी देश की स्थिरता और जनता की सुरक्षा के लिए संवाद और कूटनीति ही सबसे बेहतर रास्ता है।

वेनेजुएला में फंसे भारतीयों की सुरक्षा प्राथमिकता

भारत सरकार ने वेनेजुएला में रह रहे भारतीय नागरिकों को लेकर भी अहम जानकारी साझा की है। विदेश मंत्रालय ने भरोसा दिलाया कि कराकस स्थित भारतीय दूतावास वहां मौजूद भारतीय समुदाय के लगातार संपर्क में है। किसी भी आपात स्थिति में भारतीय नागरिकों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

भारतीय दूतावास पूरी तरह सक्रिय

विदेश मंत्रालय के अनुसार, कराकस में भारतीय दूतावास हालात पर नजर रखे हुए है और जरूरत पड़ने पर स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर रहा है। भारतीय समुदाय को सलाह दी गई है कि वे दूतावास के संपर्क में बने रहें और किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत साझा करें, ताकि समय पर मदद पहुंचाई जा सके।

गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह

इससे पहले जारी एक अन्य एडवाइजरी में विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को वेनेजुएला की गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की सलाह दी थी। बयान में कहा गया कि मौजूदा हालात को देखते हुए सतर्कता बेहद जरूरी है। वेनेजुएला में पहले से मौजूद भारतीय नागरिकों को भी अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

गतिविधियां सीमित रखने की हिदायत

विदेश मंत्रालय ने वेनेजुएला में रह रहे भारतीयों से अपनी गतिविधियों को सीमित रखने और भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर रहने को कहा है। इसके साथ ही भारतीय नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे स्थानीय हालात पर नजर रखें और किसी भी तरह के जोखिम से बचें।

आपात स्थिति में संपर्क की जानकारी

भारतीय नागरिकों की सुविधा के लिए कराकस स्थित भारतीय दूतावास का संपर्क विवरण भी साझा किया गया है। जरूरत पड़ने पर भारतीय cons.caracas@mea.gov.in ईमेल आईडी या इमरजेंसी नंबर +58-412-9584288 (व्हाट्सएप कॉल के लिए भी) के जरिए संपर्क कर सकते हैं। भारत सरकार ने साफ किया है कि वेनेजुएला में मौजूद हर भारतीय की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Read More: कहीं आप भी तो नहीं खा रहे जरूरत से ज्यादा मूंगफली?