India Mobile Congress 2026: टेक्नोलॉजी के सबसे बड़े मंच पर PM मोदी, यशोभूमि में India Mobile Congress का शुभारंभ

इंडिया मोबाइल कांग्रेस के 10वें संस्करण में 5G-6G, AI, साइबर सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, रोबोटिक्स और स्मार्ट मोबिलिटी जैसी नई तकनीकों पर फोकस रहेगा। 100 से ज्यादा देशों की भागीदारी के बीच प्रधानमंत्री मोदी इसका औपचारिक उद्घाटन करेंगे।

India Mobile Congress 2026

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

अक्टूबर 8, 2026

India Mobile Congress 2026: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली के अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर ‘यशोभूमि’ में इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) के 10वें संस्करण का भव्य उद्घाटन किया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 10 बजे हुई, जहां केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। सात से दस अक्टूबर तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित वैश्विक तकनीकी आयोजन में देश-विदेश की दिग्गज टेलीकॉम कंपनियों, स्टार्टअप और निवेशकों का महाकुंभ सजा है। अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने देश की सेवा में अपने 25 वर्ष पूरे होने पर आभार व्यक्त किया और इस ऐतिहासिक अवसर को इंडिया मोबाइल कांग्रेस के 10 साल पूरे होने के अनूठे संयोग के रूप में रेखांकित किया।

देश सेवा के ढाई दशक और नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि

India Mobile Congress 2026
टेक्नोलॉजी के सबसे बड़े मंच पर PM मोदी

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए देश सेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर जनता का धन्यवाद किया। उन्होंने गर्व जताया कि इस बार जीएसएमए (GSMA) बोर्ड की बैठक के लिए भारत को चुना गया है, जो वैश्विक मंच पर देश के बढ़ते तकनीकी दबदबे को दर्शाता है। इसके साथ ही, पीएम मोदी ने दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर एक असाधारण और बेहतरीन कलाकार थे, जिन्होंने अपने सशक्त अभिनय से हमेशा दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी।

प्रधानमंत्री ने याद दिलाया कि कैसे 2022 में इसी मंच से देश में 5जी सेवाओं की शुरुआत की गई थी और 2023 में इसकी प्रगति दुनिया के सामने रखी गई थी। आज भारत दूरसंचार के क्षेत्र में सेवा प्रदाता की भूमिका से आगे बढ़कर वैश्विक स्तर पर तकनीक और उत्पाद निर्माण करने वाला प्रमुख देश बन चुका है।

‘स्केल विदाउट बाउंड्रीज’ है इस बार की मुख्य थीम

India Mobile Congress 2026
टेक्नोलॉजी के सबसे बड़े मंच पर PM मोदी

इस वर्ष के आयोजन की थीम ‘स्केल विदाउट बाउंड्रीज’ यानी बिना सीमाओं के विस्तार रखी गई है। यह थीम भारत के दूरसंचार, डिजिटल कनेक्टिविटी और आधुनिक तकनीकी क्षेत्र में आई अभूतपूर्व क्रांति को दर्शाती है। इस चार दिवसीय महाकुंभ में 100 से अधिक देशों के डेढ़ लाख से ज्यादा प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा, 500 से अधिक प्रदर्शक, 600 से ज्यादा स्टार्टअप और 900 से अधिक वैश्विक तकनीकी विशेषज्ञ इस आयोजन को भव्यता प्रदान कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान 700 से अधिक विशेष निवेशक बैठकें भी प्रस्तावित हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य स्टार्टअप्स और तकनीकी निवेशकों के बीच नए कारोबारी अवसरों को बढ़ावा देना है।

5जी, 6जी से लेकर एआई और साइबर सुरक्षा तक का प्रदर्शन

इंडिया मोबाइल कांग्रेस के इस 10वें संस्करण में केवल मोबाइल और इंटरनेट तक सीमित न रहकर भविष्य की तकनीकों पर विशेष जोर दिया गया है। इसमें 5जी और अगली पीढ़ी के 6जी नेटवर्क, एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित नेटवर्क, सेमीकंडक्टर निर्माण, उपग्रह आधारित संचार (Satellite Communications), क्वांटम कम्युनिकेशन और क्लाउड कंप्यूटिंग जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया जा रहा है।

इस बार चार नए डोमेन – स्मार्ट मोबिलिटी, इमर्सिव स्टेडियम अनुभव, औद्योगिक रोबोटिक्स और उन्नत परिवहन तकनीक को भी शामिल किया गया है, जो यह साबित करते हैं कि तकनीक अब आम नागरिकों की दैनिक जीवन शैली और उद्योगों का अहम हिस्सा बन चुकी है।

डिजिटल धोखाधड़ी से मुकाबला और समावेशी विकास पर जोर

India Mobile Congress 2026
टेक्नोलॉजी के सबसे बड़े मंच पर PM मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक मंच पर डिजिटल और साइबर धोखाधड़ी की बढ़ती चुनौतियों पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के अपराधों से निपटने के लिए तकनीक-आधारित और अचूक समाधान विकसित करने की सख्त जरूरत है। साथ ही, आम नागरिकों को फर्जी कॉल्स और डिजिटल फ्रॉड के तौर-तरीकों के प्रति लगातार जागरूक किए जाने पर भी बल दिया गया।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी अपने संबोधन में दोहराया कि भारत अब दूरसंचार क्षेत्र में केवल सेवाएं देने वाला राष्ट्र नहीं रहा, बल्कि दुनिया भर के लिए उच्च गुणवत्ता वाले तकनीकी उत्पादों का निर्माण करने वाला अग्रणी देश बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह आयोजन भारत को एक आत्मनिर्भर और तकनीकी रूप से सशक्त राष्ट्र बनाने के सपने को साकार करने में एक मील का पत्थर साबित होगा।

West Bengal News : मिथुन चक्रवर्ती बने सूचना संस्कृति विभाग के सलाहकार, जानिए सरका