Ruturaj Gaikwad Comeback: श्रीलंका में आयोजित होने वाली आगामी वनडे त्रिकोणीय श्रृंखला के आगाज से ठीक पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडिया-ए टीम के स्क्वाड में एक बड़ा फेरबदल किया है। टीम के स्टार ऑलराउंडर और उपकप्तान रियान पराग पैर की मांसपेशियों (हैमस्ट्रिंग) में खिंचाव के कारण इस पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। चयनकर्ताओं ने उनकी जगह टीम में महाराष्ट्र के अनुभवी सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड को शामिल किया है। इसके साथ ही बीसीसीआई ने गायकवाड को टीम के नए उपकप्तान (डिप्टी) की जिम्मेदारी भी सौंप दी है।
तिलक वर्मा की कप्तानी और गायकवाड का नया रोल
बताते चले कि, इस त्रिकोणीय श्रृंखला के लिए बीसीसीआई ने पहले ही टीम इंडिया की कमान युवा और आक्रामक बल्लेबाज तिलक वर्मा के हाथों में सौंप दी थी। अब बदले हुए समीकरणों के बीच ऋतुराज गायकवाड टीम में उनके जोड़ीदार और उपकप्तान की भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे। 9 जून से शुरू होने वाले इस रोमांचक टूर्नामेंट में कुल तीन टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिसमें भारत-ए के अलावा मेजबान श्रीलंका-ए और अफगानिस्तान-ए की टीमें एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देती दिखाई देंगी।
बेंगलुरु के एक्सीलेंस सेंटर में रियान पराग का रिहैब
बीसीसीआई द्वारा जारी आधिकारिक मीडिया रिलीज के अनुसार, रियान पराग अपनी चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। उन्हें बेहतर इलाज और रिकवरी प्रक्रिया के लिए बेंगलुरु स्थित ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ (National Cricket Academy) भेजा गया है, जहां वे बोर्ड की विशेष मेडिकल टीम की देखरेख में अपनी फिटनेस हासिल करेंगे। गौरतलब है कि आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी करने वाले पराग पूरे सीजन में फिटनेस की समस्याओं से जूझते रहे थे और हैमस्ट्रिंग की वजह से कई मैचों से बाहर भी रहे थे। उनकी गैरमौजूदगी में यशस्वी जायसवाल ने राजस्थान की कप्तानी संभाली थी, जिसका सफर क्वालीफायर-2 में थमा था।
15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी पर टिकीं नजरें
इस आगामी श्रीलंका दौरे पर क्रिकेट प्रशंसकों और चयनकर्ताओं की सबसे ज्यादा नजरें 15 वर्षीय युवा बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी पर रहने वाली हैं। आईपीएल 2026 में अपनी आक्रामक और विस्फोटक बल्लेबाजी से तहलका मचाने वाले वैभव के लिए यह दौरा उनके अंतरराष्ट्रीय सफर की पहली बड़ी सीढ़ी माना जा रहा है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि वैभव श्रीलंका की पिचों पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने में सफल रहते हैं, तो बहुत जल्द उनके लिए सीनियर भारतीय टीम के दरवाजे भी खुल सकते हैं।
दांबुला में 9 जून से शुरू होगा त्रिकोणीय मुकाबला
आपकी जानकारी के लिए बता दे कि, इस वनडे ट्राई सीरीज का पहला मैच 9 जून को खेला जाएगा, जबकि टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला (फाइनल) 21 जून को निर्धारित है। श्रृंखला के सभी मैचों का आयोजन श्रीलंका के खूबसूरत दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में किया जाएगा। नियमों के मुताबिक, लीग चरण में तीनों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ दो-दो मैच खेलेंगी। भारतीय खेलप्रेमियों के लिए अच्छी बात यह है कि सभी मैचों का सीधा प्रसारण भारतीय समयानुसार (IST) सुबह 10:00 बजे से शुरू होगा।
संशोधित और अपडेटेड इंडिया-ए टीम
तिलक वर्मा (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड (उपकप्तान), प्रियांश आर्या, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विपराज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान और अनुकूल रॉय।










