IND A vs AFG-A: इंडिया-ए ने अफगानिस्तान को 101 रन से रौंदा, फाइनल में मारी धमाकेदार एंट्री

ट्राई सीरीज के रोमांचक मुकाबले में इंडिया-ए ने अफगानिस्तान-ए को 101 रनों से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। कप्तान तिलक वर्मा, प्रियांश और कुशाग्र के अर्धशतकों की मदद से भारत ने 319 रन बनाए, जिसके जवाब में अफगानी टीम 218 पर ढेर हो गई। हालांकि, युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी का खराब फॉर्म अब भी चिंता का विषय बना हुआ है।

IND A vs AFG-A

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जून 17, 2026

IND A vs AFG-A:  इंडिया-ए क्रिकेट टीम ने अपनी बादशाहत कायम रखते हुए त्रिकोणीय सीरीज के पांचवें मैच में अफगानिस्तान-ए को 101 रनों के विशाल अंतर से शिकस्त दे दी है। बुधवार को खेले गए इस मुकाबले में जीत दर्ज करने के साथ ही भारतीय टीम ने शान से फाइनल का टिकट कटा लिया है। भारत की ओर से मिले 320 रनों के कड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और मुकाबला गंवा बैठी।

भारतीय बल्लेबाजों का दमदार प्रदर्शन

बताते चले कि, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया-ए की शुरुआत बेहद मजबूत रही। निर्धारित 50 ओवरों में टीम ने 9 विकेट खोकर 319 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। कप्तान तिलक वर्मा ने मोर्चे से अगुवाई करते हुए 75 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 59 रनों की कप्तानी पारी खेली। उनके अलावा प्रियांश आर्य और कुमार कुशाग्र ने भी शानदार बल्लेबाजी का मुजाहिरा पेश किया और दोनों ने 58-58 रनों का अहम योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत भारतीय टीम विरोधी टीम पर दबाव बनाने में कामयाब रही।

युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की फॉर्म पर सवाल

जहां एक तरफ टीम के सीनियर खिलाड़ियों ने रन बटोरे, वहीं टीम के स्टार युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस मैच में भी अपनी लय तलाशते नजर आए। वैभव ने 28 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्के जड़कर 38 रनों की तेज पारी तो खेली, लेकिन इसे बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सके। इस पूरी सीरीज में उनका बल्ला शांत रहा है और वे अब तक एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए हैं। चार मैचों में उन्होंने क्रमश: 14, 44, 21 और 38 रन बनाए हैं, जिसके बाद उनका कुल स्कोर महज 117 रन तक पहुंच सका है।

अफगानी टीम की बल्लेबाजी हुई फ्लॉप

320 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान-ए की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप साबित हुई। पूरी टीम 36.5 ओवरों में महज 218 रनों पर ही ऑलआउट हो गई। अफगानिस्तान की तरफ से बाहिर शाह ने सबसे ज्यादा संघर्ष किया और 52 गेंदों में 57 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 1 छक्का शामिल था। भारत के स्पिन गेंदबाज निशांत सिंधु ने घातक गेंदबाजी करते हुए सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए, जबकि यश ठाकुर को 2 सफलताएं मिलीं। अनुकूल रॉय, सूर्यांश शेडगे, विप्रज निगम और अंशुल कंबोज ने भी 1-1 विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी।

श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच अंतिम जंग

इस शानदार जीत के साथ इंडिया-ए ने टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है और लीग चरण के अपने सभी चार मैच खेल लिए हैं। अब दूसरे फाइनलिस्ट के लिए श्रीलंका-ए और अफगानिस्तान-ए के बीच सीधा मुकाबला होगा। श्रीलंका अगर अपना अगला मैच जीतती है, तो वह सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी। वहीं, यदि अफगानिस्तान की टीम जीत दर्ज करती है, तो फाइनल का फैसला नेट रनरेट (NRR) के आधार पर होगा। इस ट्राई सीरीज का महामुकाबला यानी फाइनल मैच 21 जून (रविवार) को खेला जाएगा।