IND W vs AUS W 2nd ODI: होबार्ट में ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के खिलाफ खेले जाने वाले दूसरे वनडे मुकाबले से पहले भारतीय महिला टीम के लिए राहत भरी खबर आई है। टीम की अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने कप्तान हरमनप्रीत कौर की फिटनेस को लेकर सकारात्मक जानकारी दी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कप्तान अब पूरी तरह फिट और ठीक हैं तथा आगामी मुकाबले के लिए तैयार हैं। दूसरा वनडे शुक्रवार को होबार्ट के मशहूर मैदान बेलेरिव ओवल में खेला जाएगा। इससे पहले कप्तान की चोट ने टीम और प्रशंसकों की चिंता बढ़ा दी थी, लेकिन अब स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
T20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में पाकिस्तान की किस्मत तय? श्रीलंका की हार से बने नए समीकरण
पहले वनडे में लगी थी घुटने में चोट
आपको बता दें कि, सीरीज के पहले वनडे मुकाबले के दौरान, जो ब्रिस्बेन के एलन बॉर्डर फील्ड में खुला गया था, हरमनप्रीत बल्लेबाजी करते समय चोटिल गो गई थीं। उनके बाएं घुटने में चोट लगी, जिसके कारण वे दूसरी पारी में मैदान पर उतर नहीं सकीं। इस घटना के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया था कि मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। कप्तान की अनुपस्थिति में उपकप्तान स्मृति मंधाना ने टीम की जिम्मेदारी संभाली।
पहले मैच में भारत को मिली हार
अगर पहले वनडे की बात करें तो भारतीय टीम को छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय महिला टीम 48.3 ओवर में 214 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 38.2 ओवर में चार विकेट गंवाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया और सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की। हालांकि मैच का परिणाम भारत के पक्ष में नहीं रहा, लेकिन टीम के प्रदर्शन को लेकर सकारात्मक पहलू भी सामने आए।
IND vs ZIM live streaming: भारत-जिम्बाब्वे का रोमांचक मुकाबला आज, जानें पूरी डिटेल
टीम को मजबूत वापसी का भरोसा

प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीप्ति शर्मा ने कहा कि टीम ने पहले मुकाबले में सामूहिक रूप से अच्छा प्रदर्शन किया, भले ही परिणाम निराशाजनक रहा हो। उन्होंने विश्वास जताया कि टीम अगले मैच में बेहतर खेल दिखाएगी और मजबूती से वापसी करेगी। दीप्ति ने यह भी कहा कि टीम के भीतर आत्मविश्वास बना हुआ है और खिलाड़ी एक-दूसरे पर भरोसा करते हैं। उनका मानना है कि अगर टीम अपने खेल की गुणवत्ता को बरकरार रखेगी तो सकारात्मक नतीजे जरूर मिलेंगे।
टी20 सीरीज की जीत से मिला आत्मविश्वास
वनडे सीरीज से पहले भारत ने तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला 2-1 से अपने नाम की थी। दीप्ति शर्मा के अनुसार, उस सीरीज में टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में संतुलित और प्रभावी प्रदर्शन किया था। उन्होंने कहा कि टीम उसी लय और रणनीति को आगामी वनडे मुकाबलों तथा 6 मार्च से शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच में भी अपनाने की कोशिश करेगी। उनका जोर इस बात पर रहा कि हर मैच के साथ टीम खुद को और बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रही है।









