Harmanpreet Kaur Breaks 8 Years Old Record: पाकिस्तान को रौंदकर भारत ने रचा इतिहास, हरमनप्रीत कौर ने तोड़ा मिताली राज का 8 साल पुराना रिकॉर्ड

महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 64 रनों से करारी शिकस्त दी है। इस ऐतिहासिक जीत के दौरान कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 36 रनों की पारी खेलकर टी20 विश्व कप इतिहास में मिताली राज का 8 साल पुराना सर्वाधिक रनों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

Harmanpreet Kaur Breaks 8 Years Old Record

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जून 15, 2026

Harmanpreet Kaur Breaks 8 Years Old Record: रविवार को महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के महामुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 64 रनों के विशाल अंतर से शिकस्त दे दी। इस हाई-वोल्टेज मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बोर्ड पर 170 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में पाकिस्तानी टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक ऐसा कीर्तिमान स्थापित कर दिया है, जिसने विश्व कप के इतिहास में उनका नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा दिया है।

भारतीय गेंदबाजों और बल्लेबाजों का दबदबा

बताते चले कि, इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में शानदार खेल दिखाते हुए 170 रन बनाए। टीम इंडिया के इस बड़े स्कोर के सामने पाकिस्तानी टीम दबाव नहीं झेल सकी और पूरी टीम मात्र 106 रनों पर सिमट गई। भारत की तरफ से कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सूझबूझ भरी बल्लेबाजी करते हुए 36 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है।

मिताली राज का 8 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त

पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई 36 रनों की पारी के दम पर हरमनप्रीत कौर अब महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय बल्लेबाज बन गई हैं। उन्होंने पूर्व दिग्गज कप्तान मिताली राज का 8 साल पुराना ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मिताली राज ने साल 2018 में अपना आखिरी टी20 विश्व कप खेला था और तब से यह रिकॉर्ड उन्हीं के नाम था। लेकिन अब हरमनप्रीत ने भारतीय महिला क्रिकेट में एक नया मील का पत्थर स्थापित कर दिया है।

विश्व कप के रन-स्कोरर चार्ट में हरमनप्रीत कौर सबसे आगे

महिला टी20 वर्ल्ड कप के सर्वकालिक आंकड़ों पर नजर डालें तो हरमनप्रीत कौर अब 34 पारियों में 762 रनों के साथ शीर्ष भारतीय स्थान पर काबिज हो चुकी हैं। इस मेगा टूर्नामेंट में उनके नाम एक शानदार शतक और 4 अर्धशतक दर्ज हैं। वहीं, इस सूची में दूसरे स्थान पर खिसक चुकीं मिताली राज ने 23 पारियों में 726 रन बनाए थे। टीम इंडिया की स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना 26 पारियों में 592 रनों के साथ इस विशिष्ट फेहरिस्त में तीसरे पायदान पर मौजूद हैं।

ओवरऑल टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में मंधाना और हरमनप्रीत की रेस

अगर ओवरऑल टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की बात करें, तो भारत की दो सबसे बड़ी मैच विनर—हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना—के बीच रनों की रेस बेहद दिलचस्प हो गई है। पूरे भारत में सिर्फ इन दोनों महिला बल्लेबाजों ने ही टी20 फॉर्मेट में 4000 से अधिक रन बनाने का गौरव हासिल किया है। वर्तमान में दोनों के बीच 300 से भी कम रनों का फासला है। जहां स्मृति मंधाना 4401 रनों के साथ टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय बल्लेबाज हैं, वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर 4111 रनों के साथ उनके ठीक पीछे मजबूती से डटी हुई हैं।