Ind vs Pak T20 World Cup 2026: रद्द होगा भारत-पाक महामुकाबला? PCB की 3 ‘विवादास्पद’ शर्तों से फंसा पेंच, ICC की बढ़ी टेंशन!

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सबसे बड़े मुकाबले पर सस्पेंस बरकरार है। लाहौर में हुई बैठक के दौरान पीसीबी ने आईसीसी के सामने द्विपक्षीय सीरीज की बहाली और रेवेन्यू शेयर बढ़ाने जैसी शर्तें रखी हैं। क्या आईसीसी और बीसीसीआई इन शर्तों को मानेंगे या फैंस को इस बार निराशा हाथ लगेगी?

Ind vs Pak T20 World Cup 2026

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

फ़रवरी 9, 2026

Ind vs Pak T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बहुप्रतीक्षित भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। दोनों टीमों के बीच यह मैच 15 फरवरी को कोलंबो में प्रस्तावित है, लेकिन अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि यह मुकाबला होगा या नहीं। इस बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के बीच लगातार बातचीत जारी है, मगर सहमति बनती नजर नहीं आ रही।सूत्रों के मुताबिक, भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर पीसीबी लगातार एक के बाद एक नई शर्तें सामने रख रहा है। हालांकि आईसीसी इनमें से अधिकतर मांगों को स्वीकार करने के मूड में नहीं है। हाल ही में पीसीबी की ओर से एक और ऐसी मांग रखी गई है, जिसे मानना लगभग नामुमकिन माना जा रहा है। यही वजह है कि गतिरोध और गहराता जा रहा है।

बाइलेटरल सीरीज की मांग बनी सबसे बड़ी अड़चन

खबरों के अनुसार, पीसीबी ने भारत के साथ मैच खेलने के लिए बाइलेटरल सीरीज की मांग रखी है। यह एक ऐसी शर्त है, जिसे आईसीसी पूरा नहीं कर सकता। भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज खेलने का फैसला पूरी तरह बीसीसीआई और भारत सरकार के हाथ में होता है। मौजूदा राजनीतिक हालात में यह संभावना बेहद कम मानी जा रही है, जिससे यह मांग विवाद की बड़ी वजह बन गई है।पीसीबी ने आईसीसी से मिलने वाले रेवेन्यू शेयर में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की मांग भी रखी है। यह मुद्दा आईसीसी के अधिकार क्षेत्र में जरूर आता है और इस पर चर्चा संभव है। हालांकि, यह मांग भी बातचीत को जटिल बना रही है, क्योंकि अन्य बोर्ड्स के हित भी इससे जुड़े हुए हैं।

हाथ मिलाने के मुद्दे पर भी नाराजगी

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की नाराजगी सिर्फ प्रशासनिक मामलों तक सीमित नहीं है। पीसीबी ने यह भी शर्त रखी है कि अगर भारत-पाकिस्तान मैच होता है, तो भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाएं। दरअसल, एशिया कप के दौरान भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव द्वारा पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से हाथ न मिलाने की घटना को लेकर पीसीबी खासी नाराज है।

त्रिकोणीय सीरीज की चौथी डिमांड

पीसीबी की चौथी बड़ी मांग यह है कि भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच एक त्रिकोणीय सीरीज आयोजित की जाए। इस मांग के पीछे बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की भूमिका भी मानी जा रही है, क्योंकि उसके प्रतिनिधि इस समय पाकिस्तान में मौजूद हैं। हालांकि, इस तरह की सीरीज के लिए भी बीसीसीआई और भारत सरकार की अनुमति जरूरी होगी, जिसे लेकर आईसीसी कोई आश्वासन नहीं दे सकता।मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईसीसी और पीसीबी के बीच हुई हालिया बैठकों के बाद यह मामला एक बार फिर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के पास पहुंच गया है। माना जा रहा है कि अंतिम फैसला राजनीतिक स्तर पर लिया जाएगा, ताकि आगे की स्थिति साफ हो सके।

टीम इंडिया की फ्लाइट बुक, तैयारी पूरी

हालांकि अनिश्चितता के बावजूद तैयारियां जारी हैं। खबर है कि भारतीय टीम की फ्लाइट बुक हो चुकी है और दिल्ली में अपना मैच खेलने के बाद टीम इंडिया कोलंबो रवाना होगी। वहीं, पाकिस्तानी टीम पहले से ही श्रीलंका में मौजूद है और अपने सभी मुकाबले वहीं खेलने वाली है।भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स भी अंतिम फैसले का इंतजार कर रहा है। समय तेजी से निकल रहा है और अगर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो आयोजन से जुड़े कई स्तरों पर मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि 15 फरवरी से पहले इस हाई-वोल्टेज मैच का भविष्य क्या तय होता है।