IND vs PAK: आईसीसी टी20 वर्ल्डकप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर लंबे समय से असमंजस बना हुआ था। लेकिन अब पाकिस्तान सरकार ने इस पर अंतिम निर्णय ले लिया है। सोमवार, 9 फरवरी की देर शाम पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मैच खेलने की अनुमति दे दी। इसका मतलब है कि दोनों टीमें 15 फरवरी को पहले से तय तारीख पर आमने-सामने होंगी।
पाक बोर्ड की दबाव नीति फेल! IND-PAK मैच के बदले मुआवजा मांगने पर ICC ने दिखाया ठेंगा
बैठक और चर्चाओं का नतीजा

इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने लाहौर में आईसीसी अधिकारियों के साथ हुई बैठक की जानकारी प्रधानमंत्री को दी थी। इस बैठक में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम भी मौजूद थे। पाकिस्तान सरकार के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया गया कि प्रधानमंत्री को पीसीबी और आईसीसी प्रतिनिधियों के बीच हुई उच्च स्तरीय चर्चाओं के परिणामों के बारे में औपचारिक रूप से जानकारी दी गई है।
सोशल मीडिया पर घोषणा
पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया पर लिखा कि कई पक्षों की चर्चा और मित्र देशों के अनुरोध को ध्यान में रखते हुए पाकिस्तान क्रिकेट टीम को भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले टी20 मैच खेलने की अनुमति दी गई है।
विवाद का अंत
आईसीसी के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा को इस मामले में मध्यस्थ नियुक्त किया गया था। उन्होंने पीसीबी और बीसीबी के साथ मिलकर समाधान निकालने की कोशिश की। इसके बाद लंबे समय से चले आ रहे विवाद का अंत हुआ और मैच खेलने का रास्ता साफ हो गया।
पाकिस्तान का बदलता रुख

भारत के खिलाफ मैच खेलने को लेकर पाकिस्तान का रुख लगातार बदलता रहा। 1 फरवरी को पाकिस्तान सरकार ने आधिकारिक सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मैच न खेलने की घोषणा की थी। इसके बाद पीएसएस नीलामी के दौरान पीसीबी अधिकारियों ने ‘अच्छी खबर’ का संकेत दिया। अंततः प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मैच खेलने की मंजूरी दे दी।
मुकाबले का स्थान
अब तय है कि भारत और पाकिस्तान की टीमें 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद खास होगा क्योंकि दोनों देशों के बीच क्रिकेट मैच हमेशा रोमांच और उत्साह से भरे होते हैं।








