IND vs PAK: भारत-पाक मैच के 5 गेमचेंजर, जिन्होंने दिलाई यादगार जीत

कोलंबो में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराया। ईशान किशन की विस्फोटक पारी और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन ने टीम इंडिया को यादगार जीत दिलाई।

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

फ़रवरी 16, 2026

IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का महामुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। इस हाई-वोल्टेज मैच में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर सुपर-8 में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय खिलाड़ियों ने बल्ले और गेंद दोनों से बेहतरीन प्रदर्शन किया।

ईशान किशन का तूफान, पाकिस्तान पस्त; टीम इंडिया ने लगातार तीसरी जीत दर्ज की

ईशान किशन की धमाकेदार शुरुआत

IND vs PAK
भारत-पाक मैच के 5 गेमचेंजर

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 175 रन बनाए, जो पाकिस्तान के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में भारत का सबसे बड़ा स्कोर रहा। शुरुआती झटके के बाद ईशान किशन ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने 40 गेंदों में 77 रन बनाए और पाकिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। उनके चौके-छक्कों से भारतीय पारी को मजबूती मिली।

कप्तान सूर्यकुमार यादव की जिम्मेदार पारी

ईशान के आउट होने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभाला। उन्होंने तिलक वर्मा के साथ साझेदारी करते हुए टीम को 170 के पार पहुंचाया। सूर्या ने 29 गेंदों में 32 रन बनाए, जो टीम के लिए बेहद अहम साबित हुए। उनकी समझदारी भरी बल्लेबाजी ने भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

हार्दिक पंड्या का गेंदबाजी में जलवा

175 रन का बचाव करने उतरी भारतीय टीम को हार्दिक पंड्या ने शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने अपने पहले ही ओवर में पाकिस्तान के ओपनर को आउट कर दिया। हार्दिक ने 3 ओवर में सिर्फ 16 रन देकर 2 विकेट हासिल किए और विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।

जसप्रीत बुमराह का घातक स्पेल

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी को बैकफुट पर धकेल दिया। उन्होंने साइम अयूब और सलमान अली आगा को लगातार आउट कर रन गति पर ब्रेक लगा दिया। उनके सटीक और तेज गेंदों ने पाकिस्तान की उम्मीदों को कमजोर कर दिया।

अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती की फिरकी का कमाल

मिडिल ओवरों में स्पिनर अक्षर पटेल ने पाकिस्तान के अहम बल्लेबाजों को आउट कर भारत की पकड़ मजबूत कर दी। वहीं, वरुण चक्रवर्ती ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर पाकिस्तान की हार तय कर दी।

पाकिस्तान की पारी ढही

भारतीय गेंदबाजों के सामने पाकिस्तान की पूरी टीम 114 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ भारत ने न सिर्फ अपने ग्रुप में बढ़त बनाई बल्कि सुपर-8 में पहुंचने की राह भी आसान कर ली।

अगला मुकाबला

अब टीम इंडिया का अगला मैच 18 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में नीदरलैंड के खिलाफ खेला जाएगा। इस जीत ने भारतीय टीम का आत्मविश्वास और भी बढ़ा दिया है और टूर्नामेंट में उनकी दावेदारी मजबूत हो गई है।

कोलंबो में हाई-वोल्टेज मुकाबला, भारत ने पाकिस्तान को दिया 176 का टारगेट