IND vs NZ Final: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल अहमदाबाद के Narendra Modi Stadium में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जा रहा है। फाइनल में पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम के ओपनर बल्लेबाजों ने इतिहास रच दिया। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की ओपनिंग जोड़ी ने सिर्फ 50 रनों की साझेदारी नहीं, बल्कि वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया।
ओपनिंग जोड़ी ने बनाया नया रिकॉर्ड
टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहली बार किसी टीम की ओपनिंग जोड़ी ने 50 रनों से अधिक की साझेदारी की है। इससे पहले यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के नाम था। 2009 में लॉर्ड्स मैदान पर पाकिस्तान के कामरान अकमल और शाहजैब हसन ने श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में 48 रनों की साझेदारी की थी। अब भारत ने यह आंकड़ा तोड़कर इतिहास रच दिया।
98 रनों की धमाकेदार शुरुआत
भारतीय ओपनरों ने पहले विकेट के लिए केवल 43 गेंदों में 98 रन जोड़ दिए। इस साझेदारी में अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रन बनाए, जबकि संजू सैमसन ने 22 गेंदों में 38 रन जड़े। इस तेजी और आक्रामकता के चलते भारतीय टीम ने मैच की शुरुआत में ही विपक्षी टीम पर दबाव बना दिया।
अभिषेक शर्मा का कमाल
पूरे टूर्नामेंट में फ्लॉप रहने वाले अभिषेक शर्मा ने फाइनल जैसे अहम मुकाबले में शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। टूर्नामेंट के पहले तीन मैचों में अभिषेक बिना खाता खोले पवेलियन लौटे थे। इसके बाद उनके स्कोर क्रमशः 15, 55, 10 और 9 रन रहे। कईयों को संदेह था कि फाइनल में उन्हें ड्रॉप कर दिया जाएगा। लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अभिषेक पर भरोसा जताया और उन्होंने भी उस भरोसे को सही साबित करते हुए शानदार पारी खेली।
टीम इंडिया की एकतरफा शुरुआत
भारतीय ओपनरों की इस आक्रामक शुरुआत के बाद ऐसा लग रहा है कि मैच में टीम इंडिया का पलड़ा भारी रहेगा। 11.3 ओवर में ही भारतीय टीम ने 150 रन का आंकड़ा पार कर लिया। इस रफ्तार को देखते हुए विशेषज्ञ मान रहे हैं कि 250 रन का टोटल भी हासिल करना भारतीय टीम के लिए आसान होगा।
IND vs NZ Final: क्या सूर्या तोड़ पाएंगे फाइनल का यह ‘अनलकी’ रिकॉर्ड? अहमदाबाद में दांव पर लगी है टीम इंडिया की साख
फाइनल में बने नए रिकॉर्ड
- फाइनल में किसी टीम की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी – 98 रन।
- पाकिस्तान का पुराना रिकॉर्ड टूट गया – 48 रन (2009 लॉर्ड्स)।
- अभिषेक शर्मा की फाइनल में अर्धशतकीय पारी ने टीम को बढ़त दी।
- संजू सैमसन ने तेज और संतुलित बल्लेबाजी करके जोड़ी को मजबूती दी।










