IND vs NZ 3rd ODI: हर्षित राणा का कहर, डेवोन कॉनवे को सीरीज में तीसरी बार किया आउट

इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले जा रहे सीरीज डिसाइडर मैच में हर्षित राणा ने डेवोन कॉनवे को आउट कर सनसनी मचा दी है। राणा ने इस सीरीज के तीनों मैचों में कॉनवे का शिकार किया। अर्शदीप के साथ मिलकर राणा ने न्यूजीलैंड के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त कर दिया है।

IND vs NZ 3rd ODI

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

जनवरी 18, 2026

IND vs NZ 3rd ODI : भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। गिल का यह निर्णय शुरुआती ओवरों में पूरी तरह सही साबित हुआ, क्योंकि न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने जल्दी-जल्दी विकेट गंवा दिए।

न्यूजीलैंड की खराब शुरुआत, शुरुआती झटके

पहले बल्लेबाजी करने उतरी कीवी टीम के लिए शुरुआती ओवर किसी बुरे सपने से कम नहीं रहे। टीम का स्कोर जब सिर्फ 5 रन था, तब तक दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। भारतीय तेज गेंदबाजों ने नई गेंद से शानदार लाइन और लेंथ में गेंदबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के टॉप ऑर्डर को दबाव में ला दिया।

हर्षित राणा बने डेवोन कॉनवे के लिए परेशानी

इस सीरीज में न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। खास बात यह रही कि तीनों मैचों में कॉनवे को भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने ही आउट किया। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि हर्षित राणा अब कॉनवे के लिए एक बड़ी चुनौती बन चुके हैं और उनकी गेंदबाजी को पढ़ने में कॉनवे लगातार नाकाम रहे हैं।

आंकड़े बताते हैं हर्षित का दबदबा

डेवोन कॉनवे ने इस पूरी सीरीज में हर्षित राणा की 23 गेंदों का सामना किया, जिसमें वे सिर्फ 18 रन ही बना सके। हर्षित के खिलाफ कॉनवे का औसत महज 6 का रहा, जो उनकी परेशानी को साफ दर्शाता है। तीसरे वनडे में भी हर्षित ने कॉनवे को विकेट के पीछे स्लिप में कैच आउट करवाकर उनकी कमजोर शुरुआत पर मुहर लगा दी।

सीरीज में कॉनवे का कुल प्रदर्शन

डेवोन कॉनवे ने इस वनडे सीरीज में तीन मुकाबले खेले और तीन पारियों में कुल 77 रन बनाए। उनका औसत 25.66 रहा, लेकिन यह आंकड़ा भी पहले मैच के अर्धशतक की वजह से बेहतर नजर आता है। पहले वनडे में उन्होंने 67 गेंदों पर 56 रन की अच्छी पारी खेली थी, लेकिन इसके बाद वे लय बरकरार नहीं रख सके।

दूसरे और तीसरे मैच में रहे नाकाम

सीरीज के दूसरे वनडे में कॉनवे 21 गेंदों पर सिर्फ 16 रन ही बना सके, जबकि तीसरे मुकाबले में वे महज 5 रन बनाकर आउट हो गए। इस तरह पहले मैच को छोड़ दिया जाए तो बाकी दो मैचों में उनका प्रदर्शन पूरी तरह फ्लॉप रहा। यही वजह है कि यह सीरीज कॉनवे के लिए यादगार साबित नहीं हो पाई।

टीम इंडिया की प्लेइंग XI में बदलाव

तीसरे वनडे मुकाबले में भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया। प्रसिद्ध कृष्णा की जगह अर्शदीप सिंह को अंतिम मुकाबले में मौका दिया गया। कप्तान शुभमन गिल का यह फैसला शुरुआती ओवर में ही सही साबित हो गया।

अर्शदीप सिंह ने दिलाई शुरुआती सफलता

अर्शदीप सिंह ने अपनी पहली ही ओवर में हेनरी निकोल्स को आउट कर टीम इंडिया को बड़ी सफलता दिलाई। उनकी सटीक गेंदबाजी ने न्यूजीलैंड पर दबाव और बढ़ा दिया। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि शुरुआती झटकों के बाद न्यूजीलैंड की टीम यहां से कितने रन जोड़ पाती है और भारत के गेंदबाज आगे कैसा प्रदर्शन करते हैं।