ICC T20 Ranking: अभिषेक शर्मा का नंबर-1 पर कब्जा बरकरार, ईशान किशन ने टॉप-5 में मारी धांसू एंट्री

आईसीसी की ताजा टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में भारतीय युवाओं का जलवा सिर चढ़कर बोल रहा है। खराब फॉर्म की चर्चाओं के बीच अभिषेक शर्मा ने अपनी नंबर-1 की कुर्सी सुरक्षित रखी है, वहीं वर्ल्ड कप में तूफानी बल्लेबाजी कर रहे ईशान किशन ने लंबी छलांग लगाकर टॉप-5 में जगह बना ली है।

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

फ़रवरी 25, 2026

ICC T20 Ranking: ICC की ताजा टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने शानदार उछाल दर्ज किया है। वह तीन पायदान ऊपर चढ़कर अब टॉप-5 बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं। हालिया सीरीज और टी20 वर्ल्ड कप में उनके प्रदर्शन का सीधा असर रैंकिंग पर पड़ा है। वहीं पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान को भी दो स्थान का फायदा हुआ है और वह तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। दूसरी ओर, टी20 ऑलराउंडर्स की सूची में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है, जहां पाकिस्तान के सईम अयूब नंबर-1 की कुर्सी से खिसक गए हैं।

अभिषेक शर्मा नंबर-1 पर कायम, खराब पारियों का नहीं पड़ा असर

भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में 877 रेटिंग अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं। दिलचस्प बात यह है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 15 रन बनाए थे और टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज में तीन मैचों में ‘डक’ पर आउट हुए थे, लेकिन इसके बावजूद उनकी रैंकिंग पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ा। दूसरे स्थान पर इंग्लैंड के फिल साल्ट 815 रेटिंग अंकों के साथ मौजूद हैं, हालांकि वह हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ शून्य पर आउट हुए थे।

साहिबजादा फरहान तीसरे स्थान पर, निसांका चौथे पर फिसले

पाकिस्तान के बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने दो स्थान की छलांग लगाते हुए तीसरा स्थान हासिल कर लिया है। उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन ने उन्हें यह फायदा दिलाया। वहीं श्रीलंका के पथुम निसांका एक स्थान नीचे खिसककर चौथे नंबर पर आ गए हैं। इस फेरबदल का सबसे बड़ा लाभ ईशान किशन को मिला, जिन्होंने पांचवें स्थान पर कब्जा जमाकर टॉप-5 में अपनी जगह पक्की कर ली है।

न्यूजीलैंड सीरीज और वर्ल्ड कप प्रदर्शन का मिला इनाम

ईशान किशन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ हुई टी20 सीरीज में शानदार बल्लेबाजी की थी, जिससे उनकी रैंकिंग में लंबी छलांग देखने को मिली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आखिरी मुकाबले को छोड़ दिया जाए तो उनका प्रदर्शन संतोषजनक रहा। इसी निरंतरता का परिणाम है कि वह 742 रेटिंग अंकों के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। इससे पहले वह आठवें नंबर पर थे। यह उछाल उनके आत्मविश्वास और फॉर्म दोनों को दर्शाता है।

तिलक वर्मा को नुकसान, सूर्यकुमार यादव यथावत

भारतीय बल्लेबाज तिलक वर्मा को टी20 वर्ल्ड कप में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन न कर पाने का खामियाजा रैंकिंग में भुगतना पड़ा है। वह तीन स्थान नीचे खिसककर सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं अनुभवी बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव छठे स्थान पर बरकरार हैं। उनकी स्थिरता ने उन्हें टॉप-10 में मजबूत बनाए रखा है।

सिकंदर रजा बने नए नंबर-1 टी20 ऑलराउंडर

टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने 294 रेटिंग अंकों के साथ पहला स्थान हासिल कर लिया है। पाकिस्तान के सईम अयूब 281 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। भारत के हार्दिक पांड्या तीसरे नंबर पर बने हुए हैं। शिवम दुबे को दो स्थान का फायदा हुआ है और वह 216 अंकों के साथ नौवें से सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी 209 रेटिंग अंकों के साथ टॉप-10 में आठवें स्थान पर शामिल हो गए हैं।

Read More : PM Modi के इजराइल दौरे पर विपक्ष का तंज, Congress सांसद ने उठाए सरकार की विदेश नीति पर सवाल