ICC ODI Rankings: आईसीसी वनडे रैंकिंग में एक ही सप्ताह के भीतर बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली, जो हाल ही में नंबर एक बल्लेबाज बने थे, अब शीर्ष स्थान से नीचे खिसक गए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में शानदार प्रदर्शन के दम पर कोहली ने टॉप पोजिशन हासिल की थी, लेकिन नई रैंकिंग में यह स्थान उनके हाथ से निकल गया।
डेरिल मिचेल ने रचा इतिहास
न्यूजीलैंड के भरोसेमंद बल्लेबाज डेरिल मिचेल ने आईसीसी वनडे रैंकिंग में इतिहास रच दिया है। भारत बनाम न्यूजीलैंड वनडे सीरीज खत्म होने के बाद जारी ताजा रैंकिंग में मिचेल नंबर एक बल्लेबाज बन गए हैं। यह उनके वनडे करियर की अब तक की सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि मानी जा रही है। खास बात यह है कि पिछले सप्ताह वे केवल एक रेटिंग अंक से पीछे थे, लेकिन इस बार उन्होंने बड़ी बढ़त के साथ पहला स्थान हासिल कर लिया।
करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग पर पहुंचे मिचेल
डेरिल मिचेल की मौजूदा रेटिंग 845 हो गई है, जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग है। इस बड़ी बढ़त के साथ अब उन्हें शीर्ष स्थान से हटाना आसान नहीं होगा। न्यूजीलैंड की ओर से लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए मिचेल ने यह साबित कर दिया है कि वे मौजूदा समय में वनडे क्रिकेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से एक हैं।विराट कोहली की बात करें तो वे केवल एक सप्ताह ही आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर एक बने रह पाए। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के आखिरी वनडे मैच में कोहली ने शानदार शतक जड़ा था, लेकिन इसके बावजूद टीम इंडिया वह मुकाबला और पूरी सीरीज हार गई। इसका असर उनकी रैंकिंग पर भी पड़ा और वे अब दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
कोहली की रेटिंग बढ़ी, लेकिन स्थान घटा
हालांकि कोहली की व्यक्तिगत रेटिंग में सुधार हुआ है। इस समय उनकी रेटिंग 795 है, जो पिछले सप्ताह 784 थी। इसके बावजूद डेरिल मिचेल की बड़ी छलांग के कारण कोहली को दूसरा स्थान स्वीकार करना पड़ा। शेड्यूल पर नजर डालें तो कोहली अब सीधे जुलाई में ही मैदान पर उतरते नजर आएंगे, ऐसे में फिलहाल उनके लिए दोबारा नंबर एक बनना आसान नहीं दिखता।
रोहित शर्मा को भी झटका
आईसीसी वनडे रैंकिंग में भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को भी नुकसान उठाना पड़ा है। वे अब चौथे स्थान पर खिसक गए हैं। भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज की शुरुआत से पहले रोहित नंबर एक बल्लेबाज थे, लेकिन पूरी सीरीज में उनका प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा।पूरी सीरीज में रोहित शर्मा के बल्ले से एक भी अर्धशतक नहीं निकला। उन्होंने तीन मैचों में कुल मिलाकर सिर्फ 61 रन बनाए, जिसका सीधा असर उनकी रैंकिंग पर पड़ा। अब उनकी रेटिंग 757 है और वे एक स्थान नीचे फिसल चुके हैं।
इब्राहिम जादरान ने बनाई टॉप तीन में जगह
डेरिल मिचेल और विराट कोहली के बाद तीसरे स्थान पर अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान पहुंच गए हैं। उनकी रेटिंग 764 है। लगातार अच्छे प्रदर्शन के चलते जादरान ने खुद को दुनिया के शीर्ष बल्लेबाजों में शामिल कर लिया है।आईसीसी की ताजा वनडे रैंकिंग के अनुसार टॉप पांच बल्लेबाजों की सूची इस प्रकार है पहले स्थान पर डेरिल मिचेल (845), दूसरे पर विराट कोहली (795), तीसरे पर इब्राहिम जादरान (764), चौथे पर रोहित शर्मा (757) और पांचवें स्थान पर शुभमन गिल (723) मौजूद हैं।










