Honor X80: स्मार्टफोन बाजार में अब बैटरी क्षमता को लेकर जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। पिछले कुछ समय में कंपनियों ने बड़ी बैटरी वाले फोन लॉन्च करने पर खास ध्यान दिया है। इसी कड़ी में Honor एक बार फिर बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है। खबरों के मुताबिक, कंपनी जल्द ही अपना नया स्मार्टफोन Honor X80 पेश कर सकती है, जिसमें 10,000mAh से भी ज्यादा क्षमता वाली बैटरी दी जा सकती है। माना जा रहा है कि यह फोन दमदार बैटरी और किफायती कीमत के साथ बाजार में एंट्री करेगा।
कितने mAh की बैटरी?
जानकारी के अनुसार, Honor X80 में लगभग 11,000mAh से 12,000mAh के बीच की बड़ी बैटरी देखने को मिल सकती है। इतनी बड़ी बैटरी के साथ ये फोन सामान्य उपयोग में आसानी से दो दिन चल सकता है। लंबी बैटरी लाइफ चाहने वाले यूजर्स के लिए यह डिवाइस खास ऑप्शन साबित हो सकती है। फिलहाल कंपनी ने आधिकारिक तौर पर बैटरी से जुड़ी जानकारी शेयर नहीं की है, लेकिन लीक्स के आधार पर इसे Honor का अब तक का सबसे किफायती जंबो बैटरी फोन बताया जा रहा है।
कीमत और लॉन्च टाइमलाइन

चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वीबो पर सामने आई जानकारी के मुताबिक, Honor X80 की कीमत करीब 13,000 रुपये के आसपास रखी जा सकती है। अगर यह दावा सही साबित होता है, तो इतनी बड़ी बैटरी के साथ यह बाजार का सबसे सस्ता स्मार्टफोन हो सकता है। उम्मीद की जा रही है कि इसे सबसे पहले चीन में लॉन्च किया जाएगा, जिसके बाद अन्य बाजारों में भी पेश किया जा सकता है।
Bharat Taxi में शुरू हुई ‘सारथी दीदी’ सेवा, जानें पूरे नियम
संभावित फीचर्स और स्पेसिफिकेशंस
Honor X80 में 6.81 इंच का बड़ा LTPS डिस्प्ले मिलने की संभावना है, जो बेहतर विजुअल अनुभव प्रदान करेगा। प्रोसेसर की बात करें तो इसमें Snapdragon 6 Gen 4 चिपसेट दिए जाने की उम्मीद है, जो दैनिक कार्यों और गेमिंग के लिए संतुलित प्रदर्शन दे सकता है। कैमरा सेटअप की बात करें तो फोन के पिछले हिस्से में 50 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा मिल सकता है। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 16 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इन स्पेसिफिकेशंस की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बैटरी सेगमेंट में बढ़ती प्रतिस्पर्धा

स्मार्टफोन इंडस्ट्री में बड़ी बैटरी वाले फोन की मांग तेजी से बढ़ रही है। हाल ही में Realme ने भी 10,000mAh बैटरी वाला फोन पेश किया है। इतना ही नहीं, कंपनी 15,000mAh बैटरी वाले डिवाइस की झलक भी दिखा चुकी है। Realme का दावा है कि उसका आगामी फोन लगातार 18 घंटे तक वीडियो रिकॉर्डिंग और 50 घंटे तक वीडियो प्लेबैक सपोर्ट कर सकेगा। इसके अलावा, Xiaomi भी जल्द ही ऐसे दो नए स्मार्टफोन लॉन्च करने की तैयारी में है, जिनमें 10,000mAh से अधिक क्षमता की बैटरी दी जा सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इनमें से एक फोन 100W वायर्ड फास्ट चार्जिंग और तेज वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट के साथ आ सकता है।









