Assam New CM: असम की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने एक बार फिर अपना परचम लहराया है। रविवार, 10 मई को गुवाहाटी में आयोजित एनडीए विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक में हिमंत बिस्वा सरमा को सर्वसम्मति से अपना नेता स्वीकार कर लिया गया। इस निर्णय के साथ ही सरमा के लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। राज्य में लगातार तीसरी बार एनडीए की सरकार का बनना विकास और स्थिरता की राजनीति पर जनता की मुहर माना जा रहा है।
NDA विधायक दल की बैठक
बताते चले कि, गुवाहाटी में भाजपा और उसके सहयोगी दलों के नव-निर्वाचित विधायकों की उपस्थिति में हिमंत बिस्वा सरमा को गठबंधन का निर्विरोध नेता चुना गया। इस चयन प्रक्रिया की निगरानी के लिए केंद्रीय नेतृत्व ने जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया था। बैठक के दौरान गठबंधन के प्रमुख साथियों, जैसे असम गण परिषद (AGP) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF), ने भी सरमा के नाम पर अपनी सहमति जताई। जेपी नड्डा ने औपचारिक घोषणा करते हुए सरमा के नेतृत्व पर अटूट विश्वास व्यक्त किया, जिससे असम के भावी प्रशासनिक मुखिया के नाम पर मुहर लग गई।
राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात
आपको बता दे कि, विधायक दल का नेता चुने जाने के तुरंत बाद हिमंत बिस्वा सरमा ने एनडीए के अन्य दिग्गज नेताओं के साथ लोक भवन जाकर राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से भेंट की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने राज्यपाल को बहुमत प्राप्त विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा और राज्य में नई सरकार के गठन का आधिकारिक दावा पेश किया। इससे पहले, सरमा ने 6 मई को मुख्यमंत्री पद से अपना त्यागपत्र सौंप दिया था और वर्तमान में वह कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। राज्यपाल ने उनके दावे को स्वीकार करते हुए उन्हें अगली मंत्रिपरिषद के गठन की प्रक्रिया शुरू करने का निमंत्रण दिया है।
खानापड़ा प्लेग्राउंड में भव्य शपथ समारोह
असम के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को सुबह 11 बजे गुवाहाटी के ऐतिहासिक खानापड़ा प्लेग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। इस विशेष अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहेंगे, जो पूर्वोत्तर में भाजपा की इस बड़ी जीत के महत्व को दर्शाता है। सरमा ने राज्य की जनता से अपील की है कि वे इस उत्सव का हिस्सा बनें और आने वाले समय में भी अपना आशीर्वाद बनाए रखें। समारोह में एनडीए शासित अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार के कई कद्दावर मंत्री भी शिरकत करेंगे।
विकसित असम का विजन
पुनः सत्ता की बागडोर संभालने से पहले हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने आगामी कार्यकाल की प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि नई सरकार का मुख्य लक्ष्य असम को देश के सबसे अग्रणी और विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा करना है। सरमा ने अपनी जीत का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के कुशल मार्गदर्शन को देते हुए कहा कि जनता ने जिस ‘भरोसे’ के साथ एनडीए को चुना है, सरकार उस पर पूरी तरह खरी उतरेगी। शिक्षा, बुनियादी ढांचा और रोजगार जैसे मुद्दों पर अगले पांच वर्षों में विशेष बल दिया जाएगा।
असम विधानसभा चुनाव परिणाम
हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में एनडीए ने विपक्षी खेमे को पछाड़ते हुए 102 सीटों पर शानदार जीत दर्ज की है। भारतीय जनता पार्टी ने अकेले 82 सीटों पर कब्जा किया, जबकि सहयोगी दल एजीपी और बीपीएफ ने 10-10 सीटें जीतकर गठबंधन को मजबूती प्रदान की। दूसरी ओर, विपक्षी दलों का गठबंधन मात्र 75 सीटों तक ही सीमित रह गया। यह स्पष्ट बहुमत दर्शाता है कि असम के मतदाताओं ने प्रधानमंत्री मोदी की ‘राष्ट्र नीति’ और सरमा के ‘प्रशासनिक मॉडल’ को पूरी तरह से स्वीकार कर लिया है।










