Himachal Pradesh Weather: हिमाचल प्रदेश में कुदरत का कहर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की शिमला इकाई ने राज्य के विभिन्न जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। प्रदेश के ऊपरी इलाकों में बर्फीले तूफान और निचले इलाकों में भारी बारिश ने रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है।
Weather Update: दिल्ली में सुबह बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया तेज हवा का अलर्ट
निचले इलाकों में मूसलाधार बारिश और गरज-चमक का संकट

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश (Heavy Rain) के साथ मध्यम गरज-चमक और 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। प्रशासन ने इन जिलों के निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
बर्फीले तूफान और भारी हिमपात की चेतावनी
आपकी जानकारी के लिए बता दे कि, अगले 6 घंटों का समय प्रदेश के लिए अत्यंत संवेदनशील है। चंबा, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, मंडी, शिमला और सिरमौर के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी हिमपात के कई दौर चलने की संभावना है। विभाग ने विशेष रूप से इन क्षेत्रों में बर्फीले तूफान (Blizzard) की चेतावनी दी है, जो ऊंचाई वाले इलाकों में भारी तबाही मचा सकते हैं।
कांगड़ा और सोलन में बारिश-बर्फबारी का डबल अटैक
कांगड़ा, सोलन, शिमला और सिरमौर जिलों में भी मौसम का मिजाज सख्त बना रहेगा। यहां अधिकांश जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होगी, जबकि कुछ स्थानों पर तीव्र बारिश और हिमपात का अलर्ट है। इन क्षेत्रों में 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाएं ठंड को और बढ़ाएंगी।
कुल्लू, मंडी और चंबा में मौसम की मार
कुल्लू, मंडी और चंबा जिलों के लिए विभाग ने बताया है कि यहां अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी जारी रहेगी। कुछ चिन्हित क्षेत्रों में भारी बर्फबारी की भी संभावना है। इन जिलों में हवा की गति 30-40 किमी प्रति घंटा रहने का अनुमान है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
जनजातीय क्षेत्रों में सफ़ेद आफ़त
राज्य के ऊंचाई वाले जनजातीय जिलों किन्नौर और लाहौल-स्पीति में भारी हिमपात (Heavy Snowfall) का खतरा मंडरा रहा है। विभाग के अनुसार, यहां ज्यादातर जगहों पर बर्फबारी होगी और कुछ हिस्सों में यह बेहद तेज हो सकती है। तेज़ हवाओं के कारण यहाँ का तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे गिरने की आशंका है।
बुनियादी सुविधाओं और सेवाओं में व्यवधान की आशंका

मौसम विभाग ने अपने आधिकारिक पत्र में चेतावनी दी है कि खराब मौसम के कारण पानी, बिजली और संचार सेवाएं बाधित हो सकती हैं। अत्यधिक बर्फबारी की वजह से विजिबिलिटी (दृश्यता) बेहद कम रहेगी। साथ ही, सड़कों पर बर्फ की परत जमने के कारण वाहनों के फिसलने और दुर्घटनाओं की गंभीर आशंका जताई गई है।
शिमला में यातायात ठप
राजधानी शिमला और जिले के ऊपरी हिस्सों में बर्फबारी का दौर लगातार जारी है। फिसलन के कारण शहर की लगभग सभी सड़कें बंद हो गई हैं। कुफरी, नारकंडा, खिड़की और खड़ापत्थर जैसे प्रमुख मार्ग पूरी तरह ठप हैं। शिमला पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और आपात स्थिति में सहायता के लिए तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या सहायता कक्ष से संपर्क करें।
Weather Update: दिल्ली-यूपी से पहाड़ों तक आफत, बारिश, आंधी और बर्फबारी का अलर्ट










