Hera Pheri 3: बॉलीवुड की चर्चित कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘हेरा फेरी’ का तीसरा भाग लंबे समय से सुर्खियों में बना हुआ है। फिल्म की घोषणा के बाद से ही दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला था, लेकिन लगातार सामने आ रही खबरों ने इसकी राह मुश्किल बना दी है। अब एक बार फिर ऐसी चर्चा तेज हो गई है कि अभिनेता परेश रावल ने ‘हेरा फेरी 3’ से दूरी बना ली है।
हालांकि अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि अभिनेता ने फिल्म से अलग होने का फैसला कर लिया है। इससे फिल्म के भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
‘खतरों के खिलाड़ी 15’ से बाहर हुए ओरी? इमोशनल पोस्ट से बढ़ी अटकलें
साइनिंग अमाउंट लौटाने की खबर
रिपोर्ट्स के मुताबिक परेश रावल ने फिल्म के लिए मिला साइनिंग अमाउंट वापस कर दिया है। इतना ही नहीं, उन्होंने उस रकम पर 15 प्रतिशत ब्याज भी लौटाया है। इस खबर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस के बीच चर्चा और बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि अभिनेता को फिल्म के लिए करीब 15 करोड़ रुपये की फीस तय की गई थी। हालांकि कॉन्ट्रैक्ट की कुछ शर्तों को लेकर वह पूरी तरह संतुष्ट नहीं थे। रिपोर्ट्स के अनुसार एग्रीमेंट में यह लिखा गया था कि फीस का बड़ा हिस्सा फिल्म रिलीज होने के एक महीने बाद दिया जाएगा।
पेमेंट क्लॉज बना विवाद की वजह
सूत्रों के अनुसार परेश रावल को पेमेंट से जुड़ी शर्तों पर आपत्ति थी। उन्हें शुरुआत में केवल साइनिंग अमाउंट दिया गया था, जबकि बाकी रकम फिल्म रिलीज के बाद मिलने वाली थी। ऐसे में अभिनेता को अपनी पूरी फीस के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता था। खबरों के मुताबिक फिल्म की शूटिंग अगले साल शुरू होने की संभावना है और इसकी रिलीज 2027 तक टल सकती है। इसका मतलब यह हुआ कि अभिनेता को अपनी पूरी फीस पाने के लिए करीब दो साल या उससे अधिक समय तक इंतजार करना पड़ता। माना जा रहा है कि इसी वजह से उन्होंने फिल्म से दूरी बनाने का फैसला लिया।
पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी खबरें
यह पहली बार नहीं है जब ‘हेरा फेरी 3’ को लेकर परेश रावल के बाहर होने की खबरें सामने आई हैं। इससे पहले भी ऐसी चर्चाएं हुई थीं कि उन्होंने फिल्म छोड़ दी है, लेकिन बाद में उनके दोबारा जुड़ने की जानकारी आई थी। अब एक बार फिर इस तरह की रिपोर्ट्स ने फिल्म को चर्चा में ला दिया है। फिल्म से जुड़े विवादों और देरी के कारण फैंस भी असमंजस में हैं। दर्शक लंबे समय से अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल की तिकड़ी को फिर से बड़े पर्दे पर देखने का इंतजार कर रहे हैं।
अक्षय कुमार ने भी दिया था संकेत
कुछ समय पहले अभिनेता अक्षय कुमार ने भी फिल्म की स्थिति को लेकर बयान दिया था। एक बातचीत के दौरान उन्होंने कहा था कि फिलहाल फिल्म पर काम शुरू नहीं हुआ है और इसके कई मुद्दे अभी सुलझने बाकी हैं। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया था कि तीनों कलाकारों के बीच किसी तरह की दूरी नहीं है।
अक्षय कुमार ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि शायद फिल्म को सही दिशा में लाने के लिए कुछ “मंत्र” पढ़ने पड़ेंगे। उनके बयान से यह साफ था कि प्रोजेक्ट फिलहाल कई चुनौतियों का सामना कर रहा है।
रवि किशन का ‘होम फ्रॉम वर्क’ बयान फिर चर्चा में, वायरल मीम्स पर दी मजेदार प्रतिक्रिया
फैंस को है आधिकारिक घोषणा का इंतजार
‘हेरा फेरी’ बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा कॉमेडी फिल्मों में गिनी जाती है। ऐसे में तीसरे पार्ट को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी ज्यादा हैं। अब सभी की नजर फिल्म मेकर्स और कलाकारों की ओर है कि आखिर फिल्म की असली स्थिति क्या है और क्या परेश रावल वास्तव में इस प्रोजेक्ट का हिस्सा रहेंगे या नहीं।










