Health Tips: आज की तेज रफ्तार जिंदगी और देर रात तक चलने वाले काम के कारण बहुत से लोगों की दिनचर्या पूरी तरह बदल चुकी है। इसी वजह से कई लोग रात का खाना देर से खाने लगे हैं, जो धीरे-धीरे उनकी आदत बन जाती है। हालांकि, हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह आदत हर व्यक्ति के लिए समान रूप से नुकसानदायक नहीं होती, लेकिन इसका असर आपकी सेहत, लाइफस्टाइल और मौजूदा बीमारियों पर निर्भर करता है।
देर रात खाने से शरीर पर क्या प्रभाव पड़ता है?
रात में देर से खाना खाने का सबसे ज्यादा असर पाचन तंत्र पर देखा जाता है। यूनिवर्सिटी ऑफ रोचेस्टर मेडिकल सेंटर के अनुसार, जिन लोगों को एसिड रिफ्लक्स या डायबिटीज जैसी समस्याएं हैं, उनके लिए यह आदत ज्यादा नुकसानदायक हो सकती है।
सोने से ठीक पहले खाना खाने पर पेट में बनने वाला एसिड ऊपर की ओर आ सकता है, जिससे सीने में जलन, खट्टी डकार और गले में असहजता जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए ऐसे लोगों को सलाह दी जाती है कि वे सोने से कम से कम 2 से 3 घंटे पहले भोजन कर लें।
डायबिटीज मरीजों के लिए जोखिम
डायबिटीज से पीड़ित लोगों के लिए भी देर रात खाना खाना सही नहीं माना जाता। असमय भोजन करने से ब्लड शुगर लेवल असंतुलित हो सकता है, जिससे नींद पर असर पड़ता है और अगले दिन भूख का पैटर्न भी बिगड़ सकता है। विशेषज्ञों का सुझाव है कि डायबिटीज मरीजों को हमेशा डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह के अनुसार ही अपने खाने का समय और मात्रा तय करनी चाहिए।
क्या स्वस्थ लोगों के लिए भी यह आदत हानिकारक है?
अगर कोई व्यक्ति पूरी तरह स्वस्थ है और किसी गंभीर बीमारी से ग्रस्त नहीं है, तो कभी-कभार देर से खाना खाना ज्यादा नुकसानदायक नहीं माना जाता। लेकिन एक्सपर्ट्स का कहना है कि इसे आदत नहीं बनाना चाहिए। कई बार लोग असली भूख के बजाय बोरियत, तनाव या आदत के कारण खाना खा लेते हैं, जो लंबे समय में वजन बढ़ने और अन्य समस्याओं का कारण बन सकता है।
रात में किन चीजों से बचना चाहिए?
रात के समय सिर्फ खाने का समय ही नहीं, बल्कि क्या खा रहे हैं यह भी बहुत महत्वपूर्ण होता है। यदि किसी को एसिड रिफ्लक्स की समस्या है तो तला-भुना खाना, ज्यादा मसालेदार भोजन, मीट, चीज और भारी डेयरी प्रोडक्ट्स से बचना चाहिए। इसके बजाय हल्के और आसानी से पचने वाले स्नैक्स जैसे नट्स, फल या हल्का फाइबर युक्त भोजन बेहतर विकल्प होते हैं। डायबिटीज मरीजों को ऐसा भोजन लेना चाहिए जिसमें प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट का संतुलन हो, ताकि ब्लड शुगर नियंत्रित रहे।
दांतों की सेहत पर भी पड़ता है असर
रात में मीठा या ज्यादा कार्बोहाइड्रेट वाला खाना दांतों के लिए हानिकारक हो सकता है। ये खाद्य पदार्थ मुंह में लंबे समय तक शुगर छोड़ते हैं, जिससे कैविटी और दांतों की समस्याएं बढ़ सकती हैं। इसलिए रात में खाने के बाद ब्रश करना और सही तरीके से मुंह की सफाई करना बेहद जरूरी माना जाता है।
Rajya Sabha Election : बंगाल की तीन राज्यसभा सीटों पर चुनाव का ऐलान, कैसे बदलेंगे राजनीतिक समीकरण
रात में बार-बार भूख लगने के कारण
अगर आपको अक्सर रात में भूख लगती है, तो इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं जैसे दिन में कम खाना, तनाव, भावनात्मक कारण, ज्यादा शारीरिक मेहनत या शरीर में पोषक तत्वों की कमी। ऐसे में सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि यह वास्तविक भूख है या सिर्फ आदत। यदि भूख सच में हो तो हल्का और संतुलित भोजन लें, अन्यथा धीरे-धीरे इस आदत को बदलने की कोशिश करें।










