HD Deve Gowda Wife Passes Away: देश के पूर्व प्रधानमंत्री और जनता दल (सेक्युलर) के वरिष्ठ नेता एचडी देवेगौड़ा के परिवार पर शनिवार को दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनकी धर्मपत्नी श्रीमती चेन्नम्मा का बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। अस्पताल द्वारा जारी आधिकारिक हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, उन्हें जबरदस्त ‘कार्डियक अरेस्ट’ (दिल का दौरा) पड़ा, जो उनके निधन का तात्कालिक कारण बना। पिछले तीन दिनों से उनका स्वास्थ्य लगातार चिंता का विषय बना हुआ था। बुधवार को सांस लेने में कठिनाई, सीने में दर्द और जकड़न जैसी समस्याओं के कारण उन्हें मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि डॉक्टरों की एक टीम निरंतर उनकी निगरानी में जुटी थी, लेकिन शनिवार को उनकी स्थिति संभल नहीं सकी और उन्होंने अंतिम सांस ली।
केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने रद्द किए सभी कार्यक्रम
बताते चले कि, श्रीमती चेन्नम्मा के निधन की सूचना मिलते ही राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। उनकी बिगड़ती तबीयत को देखते हुए उनके पुत्र और केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने अपने शनिवार के सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए थे। अंतिम समय में अस्पताल परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के साथ उनके बेटे एचडी कुमारस्वामी, विधायक एचडी रेवन्ना और बहू भवानी रेवन्ना मौजूद थे। श्रीमती चेन्नम्मा के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करने के लिए अस्पताल के बाहर समर्थकों और शुभचिंतकों की भीड़ जमा हो गई। पूरे परिवार के लिए यह समय बेहद चुनौतीपूर्ण और भावनात्मक रहा।
25 साल पहले के एसिड हमले से बचकर लौटी थीं चेन्नम्मा
इस दुखद घड़ी में पूर्व प्रधानमंत्री के परिवार ने अतीत के पन्नों को भी पलटा। केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने पत्रकारों से बात करते हुए अपनी मां के जुझारू व्यक्तित्व का जिक्र किया। उन्होंने लगभग 25 साल पुरानी घटना को याद किया, जब श्रीमती चेन्नम्मा एक गंभीर एसिड हमले का शिकार हुई थीं।
उस समय उनके बचने की उम्मीद बेहद कम थी, लेकिन अपने मजबूत हौसलों और ईश्वर की कृपा से उन्होंने उस संकट को भी मात दे दी थी। वहीं, शुक्रवार को अपनी पत्नी की नाजुक हालत देखकर 93 वर्षीय पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा खुद को संभाल नहीं पाए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने भारी मन से कहा था कि “अब सब कुछ भगवान के हाथ में है।” उनका यह भावुक बयान उनके और चेन्नम्मा के बीच दशकों पुराने अटूट बंधन और आपसी प्रेम को दर्शाता है।










