Lucknow News: लखनऊ में टेक्नोलॉजी का नया दौर, CM योगी ने AI-सेमीकंडक्टर को लेकर किया बड़ा ऐलान

लखनऊ में HCL की 10वीं वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने HCL IT सिटी फेस-2 की आधारशिला का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि अब लखनऊ को सिर्फ IT सर्विसेज का केंद्र नहीं, बल्कि AI, सेमीकंडक्टर, साइबर सिक्योरिटी और डीप टेक का बड़ा हब बनाना है। योगी ने रोजगार और तकनीकी विकास को लेकर सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं।

Lucknow News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अक्टूबर 6, 2026

Lucknow News: लखनऊ में एचसीएल की 10वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने HCL IT सिटी फेस-2 की आधारशिला का अनावरण किया। इस मौके पर उन्होंने उत्तर प्रदेश और एचसीएल के बीच पिछले एक दशक के सफर को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि 10 वर्ष पहले एचसीएल ने उत्तर प्रदेश और लखनऊ को चुना था और लखनऊ ने भी एचसीएल को अपनाया। आज दोनों की यह साझा यात्रा प्रदेश के लोगों के लिए गर्व का विषय है।

HCL IT सिटी की सफलता में कर्मचारियों की मेहनत

बताते चले कि, सीएम योगी ने कहा कि लखनऊ में एचसीएल के कैंपस की सफलता के पीछे यहां काम करने वाले कर्मचारियों की मेहनत सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस मेहनत के साथ किसी मां की दुआ और पिता का सपना भी जुड़ा हुआ है। एचसीएल के विस्तार ने लखनऊ को वैश्विक आईटी क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में योगदान दिया है।

लखनऊ बना युवाओं का नया करियर डेस्टिनेशन

इसी कड़ी में आगे, सीएम योगी ने कहा कि एक दशक पहले उत्तर प्रदेश के युवाओं को डिग्री हासिल करने के बाद बेहतर करियर के लिए दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद और मुंबई जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। लेकिन अब स्थिति बदल रही है। आज उत्तर प्रदेश का युवा करियर के लिए लखनऊ को चुन रहा है, जबकि देश-दुनिया के युवा भी रोजगार और अवसरों के लिए उत्तर प्रदेश का रुख कर रहे हैं। CM योगी ने इसे प्रदेश में आए बड़े बदलाव और नई पहचान के रूप में पेश किया।

महिला सुरक्षा और रोजगार पर योगी आदित्यनाथ का जोर

मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा का जिक्र करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश में बेटियां और बहनें नाइट शिफ्ट में भी बेझिझक काम कर रही हैं और सुरक्षित अपने घर लौट रही हैं। उन्होंने कहा कि करीब एक दशक पहले जिन परिस्थितियों में भय और दहशत का माहौल बताया जाता था, उसमें अब बदलाव आया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, कानून व्यवस्था मजबूत होने से महिलाओं और युवाओं के लिए काम करने का वातावरण बेहतर हुआ है।

लखनऊ को IT सर्विसेज से आगे AI और डीप टेक हब बनाने की तैयारी

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि HCL IT सिटी फेस-2 जैसे प्रोजेक्ट के जरिए अगले 10 वर्षों की विकास यात्रा को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि लखनऊ को केवल आईटी सर्विसेज का केंद्र बनाकर नहीं रखना है, बल्कि इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, साइबर सिक्योरिटी, कंप्यूटिंग टेक्नोलॉजी और डीप टेक का भी प्रमुख केंद्र बनाना होगा।

AI, सेमीकंडक्टर और साइबर सिक्योरिटी में यूपी की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई तकनीकी अर्थव्यवस्था के लिए उत्तर प्रदेश को खुद को तैयार करना होगा। उन्होंने प्रदेश की जमीन और युवा आबादी को बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के पास दुनिया की सबसे उर्वर भूमि के साथ बड़ी युवा वर्कफोर्स है। इस युवा शक्ति में प्रतिभा और क्षमता मौजूद है, जिसे तकनीकी क्षेत्र के नए अवसरों से जोड़ने की जरूरत है।

‘मुस्कराइए, आप लखनऊ में हैं’ से बदले लखनऊ की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में लखनऊ के पुराने दौर और मौजूदा स्थिति की तुलना भी की। उन्होंने कहा कि एक समय लखनऊ को लेकर ‘मुस्कराइए, आप लखनऊ में हैं’ कहा जाता था, लेकिन उस दौर में शहर की गंदगी और उत्तर प्रदेश की परिस्थितियां अलग थीं। योगी ने दावा किया कि उस समय अपराध, माफिया और बिजली जैसी समस्याएं प्रदेश के सामने बड़ी चुनौती थीं।

CM योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले बिजली को लेकर भी प्रदेश में गंभीर समस्याएं थीं और उनका लाभ सीमित लोगों तक पहुंचने का आरोप लगाया जाता था। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश बदल चुका है और अब प्रदेश के सामने पहचान, रोजगार और नौकरी का संकट नहीं है।

‘साढ़े नौ वर्षों में 10 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने साढ़े नौ वर्षों में 10 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी है। उन्होंने एचसीएल जैसी कंपनियों के विस्तार को प्रदेश में निजी क्षेत्र के रोजगार और तकनीकी अवसरों के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, लखनऊ में आईटी क्षेत्र का विस्तार आने वाले वर्षों में युवाओं के लिए करियर के नए रास्ते खोल सकता है।