Haryana News: सैलरी घोटाला, रिश्वत के ऑडियो-वीडियो लीक! हरियाणा होमगार्ड भर्ती में ACB की एंट्री से मचा हड़कंप

हरियाणा होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले में एसीबी ने जांच शुरू कर कई धाराओं में केस दर्ज किया है।

Haryana News

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

मई 20, 2026

Haryana News: हरियाणा होमगार्ड विभाग में एक बड़ा भर्ती घोटाला सामने आया है, जिसने महकमे में हड़कंप मचा दिया है। विभाग के ही कुछ उच्च अधिकारियों और कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार, पैसे लेकर अवैध नियुक्तियां करने और राज्य सरकार को गुमराह करने जैसे बेहद गंभीर आरोप लगे हैं। इस मामले की गूंज अब ‘एंटी करप्शन ब्यूरो’ (ACB) तक पहुंच चुकी है, जिसने शुरुआती जांच के बाद कई संगीन धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद से कई बड़े अधिकारियों पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।

Haryana News: हरियाणा में खौफनाक घटना, दो दिन में 50 सांप निकलने से हड़कंप

बैकडोर एंट्री और भारी लेन-देन के आरोप

शिकायतकर्ताओं का सीधा आरोप है कि होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया में नियमों को पूरी तरह ताक पर रख दिया गया। पारदर्शिता की धज्जियां उड़ाते हुए, योग्य और अनुभवी उम्मीदवारों को दरकिनार किया गया और कथित तौर पर मोटी रकम लेकर अनुभवहीन लोगों को नौकरियां बांटी गईं।

हद तो तब हो गई जब इस पूरे घोटाले को दबाने के लिए विभागीय अधिकारियों ने सरकार को गलत, भ्रामक और झूठी रिपोर्ट भेज दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि जिन लोगों से नौकरी के नाम पर पैसे ऐंठे गए थे, उन्हें न तो पैसे वापस मिले और न ही उनके मामले में कोई सुनवाई हुई।

ऑडियो-वीडियो सबूत और RTI में हेरफेर का दावा

इस घोटाले को उजागर करने वाले शिकायतकर्ताओं का दावा है कि उनके पास इस पूरे खेल से जुड़े पुख्ता सबूत मौजूद हैं। इनमें कथित भ्रष्टाचार और पैसों के लेन-देन की लाइव ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग शामिल हैं, जिन्हें अब जांच एजेंसियों को सौंप दिया गया है।

इसके अलावा, मामले में सूचना का अधिकार (RTI) कानून के उल्लंघन का भी बड़ा जिक्र है। आरोप है कि जब सजग नागरिकों ने आरटीआई के तहत भर्ती से जुड़ी जानकारियां मांगी, तो विभागीय अफसरों ने जानबूझकर गलत और भ्रामक आंकड़े दिए ताकि वास्तविक सच को छुपाया जा सके। इसी वजह से अब इस पूरे मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराने की मांग की जा रही है।

ACB ने दर्ज किया मुकदमा

मामले की गंभीरता और प्राथमिक सबूतों को देखते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कड़ा रुख अपनाया है। एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act), 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है, जिसमें मुख्य रूप से शामिल हैं:

धारा 7: लोक सेवक द्वारा अवैध परितोषण (रिश्वत) लेना।

धारा 8: लोक सेवक पर प्रभाव डालने के लिए रिश्वत लेना।

धारा 13 (1) (डी): लोक सेवक द्वारा पद का दुरुपयोग कर आपराधिक कदाचार करना।

दिसंबर 2025 में सीएम विंडो पर शिकायत से खुला राज

इस पूरे मामले की शुरुआत गुरुग्राम में तैनात होमगार्ड कर्मवीर अलेवा की एक शिकायत से हुई थी। उन्होंने दिसंबर 2025 में ‘सीएम विंडो’ (CM Window) पर एक विस्तृत शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के मुख्य बिंदु

अवैध भर्ती: 3 नवंबर 2016 के बाद आधिकारिक तौर पर भर्ती प्रक्रिया बंद होने के बावजूद ‘बैकडोर’ (चोर दरवाजे) से नए कर्मियों को भर्ती किया गया।

पुराने जवानों को निकाला: सालों से सेवा दे रहे पुराने जवानों को बिना कोई नोटिस दिए और बिना उनका पक्ष सुने नौकरी से हटा दिया गया और उनकी जगह नए लोगों को रख लिया गया।

करोड़ों का वेलफेयर फंड घोटाला: साल 2023 से पहले जवानों की सैलरी से वेलफेयर फंड के नाम पर करोड़ों रुपये काटे गए, लेकिन जवानों को इसका कोई लाभ नहीं मिला। इसके साथ ही सैलरी फाइलें भी गलत तरीके से तैयार की गईं।

शिकायतकर्ता ने इन सभी अवैध कर्मियों की ड्यूटी तुरंत रद्द करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, जिस पर अब एसीबी ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।

Haryana News: हरियाणा में राशन डिपो होंगे डिजिटल, 5G मशीन से होगी पूरी निगरानी