Haryana News: अब कागजी नहीं, कर्मचारियों को मिलेंगे सिर्फ डिजिटल ड्यूटी पास

Haryana News: भारतीय रेलवे ने कर्मचारियों के लिए ड्यूटी चेक पास की व्यवस्था पूरी तरह बदल दी है। अब नए कागजी पास जारी नहीं होंगे और उनकी जगह डिजिटल ड्यूटी पास मिलेगा। HRMS और RailOne ऐप के जरिए मिलने वाली इस सुविधा से कर्मचारियों को कई अतिरिक्त लाभ भी मिलेंगे।

कर्मचारियों को मिलेंगे सिर्फ डिजिटल ड्यूटी पास

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

जुलाई 15, 2026

Haryana News: भारतीय रेलवे ने कर्मचारियों की सुविधा और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक आधुनिक बनाने की दिशा में एक जरूरी कदम उठाया है। रेलवे बोर्ड ने ड्यूटी चेक पास जारी करने की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करते हुए इसे पूरी तरह डिजिटल करने का फैसला लिया है। ऐसे में नए नर्देशानुसार, 15 जुलाई से रेलवे कर्मचारियों की ड्यूटी चेक पास अब सिर्फ डिजिटल माध्यम से ही उपलब्ध कराया जाएगा। इस तारीख के बाद किसी भी कर्मचारी को नया कागजी ड्यूटी पास जारी नही किया जाएगा। रेलवे का मानना है कि इस बदलाव से पास जारी करने की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और सुविधाजनक बनेगी। साथ ही डिजिटल सिस्टम अपनाने से कागजी कार्यवाही भी काफी कम होगी।

Haryana News: हरियाणा ग्रुप-20 भर्ती को मिली कानूनी मंजूरी, चयनित उम्मीदवारों की नौकरी सुरक्षित

एचआरएमएस के जरिए मिलेगा डिजिटल ड्यूटी पास

रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुसार अब सभी ड्यूटी चेक पास ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम (HRMS) के माध्यम से तैयार किए जाएंगे। इसके लिए एचआरएमएस के ड्यूटी पास मॉड्यूल को RailOne मोबाइल एप्लिकेशन से जोड़ा गया है। इस नई व्यवस्था के तहत कर्मचारी अपने मोबाइल फोन पर डिजिटल ड्यूटी पास आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। इससे पास को संभालने और जरूरत पड़ने पर दिखाने की प्रक्रिया भी पहले से अधिक आसान हो जाएगी।

ऑनलाइन अनारक्षित टिकट बुक करना होगा आसान

डिजिटल ड्यूटी पास लागू होने के बाद कर्मचारियों को एक अतिरिक्त सुविधा भी मिलेगी। अब वे अपने डिजिटल ड्यूटी पास का उपयोग करके ऑनलाइन अनारक्षित (Unreserved) टिकट भी बुक कर सकेंगे। इससे रेलवे कर्मचारियों को टिकट लेने के लिए अलग से कागजी प्रक्रिया पूरी नहीं करनी पड़ेगी। मोबाइल के माध्यम से ही कई जरूरी सेवाओं का लाभ लिया जा सकेगा, जिससे समय और मेहनत दोनों की बचत होगी।

पुराने कागजी पास रहेंगे वैध

रेलवे बोर्ड ने पहले से जारी किए गए कागजी ड्यूटी चेक पास रखने वाले कर्मचारियों को भी राहत दी है। निर्देशों के अनुसार, 15 जुलाई से पहले जारी किए गए सभी फिजिकल ड्यूटी पास अपनी निर्धारित वैधता अवधि तक पूरी तरह मान्य रहेंगे। कर्मचारियों को इन्हें तुरंत बदलवाने या नया डिजिटल पास बनवाने की आवश्यकता नहीं होगी। जैसे-जैसे पुराने पास की वैधता समाप्त होगी, उसके बाद कर्मचारियों को केवल डिजिटल ड्यूटी पास ही जारी किए जाएंगे।

सभी रेलवे जोनों और मंडलों को भेजे गए निर्देश

रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक (पे कमीशन एवं एचआरएमएस) जया कुमार ने इस संबंध में सभी क्षेत्रीय रेलवे के प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारियों को आधिकारिक निर्देश जारी किए हैं। पत्र में कहा गया है कि नए नियमों को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए और सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी जाए।

अंबाला मंडल में भी शुरू होगी नई व्यवस्था

अंबाला मंडल ने भी रेलवे बोर्ड के इस फैसले को लागू करने की तैयारी पूरी कर ली है। अंबाला मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक यशनजीत सिंह ने बताया कि रेलवे बोर्ड द्वारा जारी सभी निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल व्यवस्था लागू होने से कर्मचारियों को बेहतर और तेज सेवाएं मिलेंगी तथा ड्यूटी पास से जुड़े कार्य पहले की तुलना में अधिक सरल और पारदर्शी बनेंगे।

Haryana News: हरियाणा में निजी स्कूलों पर बड़ी कार्रवाई, शिक्षा विभाग ने जारी की सूची

डिजिटल रेलवे की दिशा में एक और कदम

रेलवे लगातार अपनी सेवाओं को डिजिटल बनाने पर जोर दे रहा है। ड्यूटी चेक पास को ऑनलाइन प्रणाली से जोड़ना इसी अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। इस नई व्यवस्था से न केवल कर्मचारियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि प्रशासनिक प्रक्रियाओं में भी पारदर्शिता बढ़ेगी और रिकॉर्ड का बेहतर प्रबंधन संभव हो सकेगा।